Saturday, September 12, 2026

बीपीएससी टीआरई-4  पर लगा ब्रेक, 1 सितंबर से शुरू होनी थी प्रक्रिया, अभ्यर्थियों में असमंजस, जल्द घोषित होगी नई तिथि,      

पटना: बिहार में सरकारी शिक्षक बनने का सपना देख रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) ने चतुर्थ चरण की विद्यालय अध्यापक भर्ती परीक्षा (टीआरई-4.0) के तहत होने वाली आवेदन प्रक्रिया को ऐन वक्त पर स्थगित कर दिया है। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 1 सितंबर 2026 से इसके लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू होनी थी, जिसे आयोग ने अचानक रोक दिया है।

बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी), पटना द्वारा जारी आधिकारिक आवश्यक सूचना पत्र, जिसमें टीआरई-4.0 भर्ती के तहत 32,388 पदों पर 1 सितंबर से शुरू होने वाले ऑनलाइन आवेदन को प्रक्रियात्मक कारणों से स्थगित करने की जानकारी दी गई है।

विज्ञापन संख्या 14/2026 पर लगा स्थगनादेश  : बिहार लोक सेवा आयोग, पटना द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, विज्ञापन संख्या 14/2026 के तहत शिक्षा विभाग, बिहार के अंतर्गत कुल 32,388 रिक्त पदों पर विद्यालय अध्यापकों की नियुक्ति की जानी थी। 1 सितंबर 2026 से अभ्यर्थी इसके लिए ऑनलाइन फॉर्म भर सकते थे, लेकिन परीक्षा नियंत्रक द्वारा हस्ताक्षरित जारी नोटिस में कहा गया है कि “प्रक्रियात्मक बदलाव के कारण” इसे फिलहाल स्थगित किया जाता है।

प्रक्रियात्मक बदलाव बनी मुख्य वजह : आयोग ने पत्र जारी कर यह स्पष्ट किया है कि आवेदन की प्रक्रिया में कुछ तकनीकी और प्रक्रियात्मक बदलाव किए जा रहे हैं। हालांकि, अचानक हुए इस फैसले से भर्ती की तैयारी में लगे अभ्यर्थियों के बीच गहरी निराशा और भ्रम की स्थिति बन गई है।

जल्द घोषित होगी नई तिथि :  बीपीएससी प्रशासन ने अभ्यर्थियों को संयम रखने की सलाह दी है। आयोग की तरफ से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया है कि नई आवेदन तिथियों की घोषणा बहुत जल्द आयोग की वेबसाइट पर की जाएगी। तब तक के लिए अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।

अन्‍य खबरों  के लिए नीचे  ’न्‍यूज भारत टीवी ’ के लिंक पर क्लिक करें ,

||  https://newsbharattv.in  ||

खाकी पर शराब का खुमार, इमरजेंसी गाड़ी से रौंदा: मुजफ्फरपुर में डायल 112 का शराबी ड्राइवर गिरफ्तार!

मुजफ्फरपुर। पूर्ण शराबबंदी वाले बिहार में जब सुरक्षा और मदद का जिम्मा संभालने वाली पुलिस गाड़ियां ही ‘नशे’ में दौड़ने लगें, तो कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होना स्वाभाविक है। मुजफ्फरपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र से एक ऐसा ही सनसनीखेज और पुलिस महकमे को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां पुलिस की आपातकालीन सेवा ‘डायल 112’ के चालक ने नशे की धुत हालत में एक साइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी।

सदर थाना के डायल 112 चालक की शराब के नशे में गिरफ्तारी और हादसे के संदर्भ में प्रेस वार्ता कर जानकारी देते मुजफ्फरपुर के नगर पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मोहिबुल्लाह अंसारी।

इमरजेंसी वाहन बनी काल, साइकिल सवार घायल

घटना 31 अगस्त 2026 की है। सदर थाना क्षेत्र में डायल 112 की तेज रफ्तार गाड़ी ने एक साइकिल सवार व्यक्ति को सीधी टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही सदर थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार, घायल व्यक्ति की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट में खुला राज: पुलिस ड्राइवर निकला शराबी

घटना के बाद जख्मी व्यक्ति के परिजनों ने सदर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। परिजनों के आवेदन के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया (कांड संख्या 832/26)। जब हादसा अंजाम देने वाले डायल 112 के चालक संतोष कुमार (काजी मोहम्मदपुर / कच्ची पक्की ओपी, मुजफ्फरपुर) का संदेह के आधार पर ब्रेथ एनालाइजर मशीन से टेस्ट कराया गया, तो पुलिस अधिकारी भी हैरान रह गए। जांच में चालक संतोष कुमार द्वारा अत्यधिक शराब सेवन किए जाने की पुष्टि हुई।

नगर पुलिस अधीक्षक ने दी आधिकारिक जानकारी, आरोपी ड्राइवर भेजा गया जेल

मामले की गंभीरता को देखते हुए मुजफ्फरपुर के नगर पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मोहिबुल्लाह अंसारी ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत घायल को अस्पताल पहुंचाया था। परिजनों के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। ब्रेथ एनालाइजर जांच में चालक द्वारा शराब पीने की पुष्टि होने के बाद आरोपी चालक संतोष कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा रहा है।

बड़ा सवाल: पूर्ण शराबबंदी में खाकी के हाथ तक कैसे पहुंची शराब?

इस पूरे वाकये ने बिहार में लागू सख्त शराबबंदी कानून के दावों की हवा निकाल दी है। जिस पुलिस पर शराबबंदी को सख्ती से लागू कराने का जिम्मा है, उसी की गाड़ी का चालक ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में धुत पाया गया। यदि पुलिस इस मामले की निष्पक्ष और ईमानदारी से जांच करे, तो कई बड़े सवाल खड़े होते हैं:

  1. पूर्ण शराबबंदी वाले राज्य में पुलिस गाड़ी के चालक संतोष कुमार तक शराब पहुंची कहां से?
  2. क्या पुलिस बेड़े या थाना परिसर के आसपास ही शराब की तस्करी या उपलब्धता आसानी से हो रही है?
  3. आपातकालीन सेवा देने वाले चालकों की ड्यूटी पर तैनाती से पहले क्या कोई मेडिकल जांच या निगरानी तंत्र काम नहीं कर रहा?

फिलहाल पुलिस ने आरोपी चालक को जेल भेजकर खानापूर्ति कर दी है, लेकिन यह घटना जिले भर में चर्चा का विषय बनी हुई है और पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा रही है।

अन्‍य खबरों  के लिए नीचे  ’न्‍यूज भारत टीवी ’ के लिंक पर क्लिक करें ,

||  https://newsbharattv.in  ||

समस्तीपुर में कवि शैलेंद्र व प्रो एम एम कलबुर्गी को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि, राज्य सम्मेलन की तैयारियों से गरमाया माहौल!

समस्तीपुर (विशेष संवाददाता): समस्तीपुर स्थित भाकपा-माले जिला कार्यालय में रविवार को जन संस्कृति मंच, समस्तीपुर के तत्वावधान में एक महत्वपूर्ण संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस संगोष्ठी में देश के महान इंकलाबी गीतकार व कवि शैलेंद्र तथा प्रगतिशील कन्नड़ साहित्यकार प्रो एम एम कलबुर्गी के स्मृति दिवस पर उन्हें पूरी शिद्दत और सम्मान के साथ याद किया गया।कार्यक्रम की अध्यक्षता जन संस्कृति मंच, समस्तीपुर के जिला अध्यक्ष डॉ प्रभात कुमार ने की। संगोष्ठी के दौरान दोनों महान कलमकारों के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर दो मिनट का मौन रखा गया तथा भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।

समस्तीपुर स्थित भाकपा-माले जिला कार्यालय में जन संस्कृति मंच द्वारा आयोजित श्रद्धांजलि संगोष्ठी एवं सातवें राज्य सम्मेलन की तैयारी समिति की बैठक में विचार-विमर्श करते जसम के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ सुरेंद्र प्रसाद सुमन, राज्य सचिव दीपक सिन्हा, जिलाध्यक्ष डॉ प्रभात कुमार, प्रो उमेश कुमार, डॉ खुर्शीद खैर, रंजन कुमार व अन्य गणमान्य।

समाज में विचार क्रांति लाते रहेंगे इंकलाबी साहित्यकार

संगोष्ठी को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि समाज के विकास, न्याय और परिवर्तन की लड़ाई में कवि शैलेंद्र और प्रो एम एम कलबुर्गी का योगदान हमेशा अविस्मरणीय रहेगा। उनके लिखे गीत और विचार आज भी संघर्षरत जनता और प्रगतिशील तथा क्रांतिकारी साहित्यकारों को प्रेरित कर रहे हैं। वक्ताओं ने कहा कि सामाजिक कुरीतियों और अन्याय के खिलाफ उठने वाली कलम कभी खामोश नहीं हो सकती।

दिग्गजों का जमावड़ा, जमकर रखे विचार

इस अवसर पर जन संस्कृति मंच के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ सुरेंद्र प्रसाद सुमन, बिहार राज्य सचिव दीपक सिन्हा, समस्तीपुर के कार्यकारी सचिव रंजन कुमार, जनगीतकार डॉ खुर्शीद खैर तथा भाकपा-माले जिला सचिव प्रो उमेश कुमार ने अपने ओजस्वी विचार रखे। इसके अलावा विजेंद्र कुमार, अरविंद आनंद, विजय नंदन कुमार, रवि दूबे, सुनील कुमार, पंकज कुमार सिन्हा और लक्ष्मण कुमार सहित कई वक्ताओं ने दोनों महान साहित्यकारों के जीवन और कृतित्व पर विस्तृत प्रकाश डाला।

आगामी 26-27 सितंबर को राज्य सम्मेलन की धमक, तैयारियों पर मंथन

श्रद्धांजलि संगोष्ठी से ठीक पूर्व समस्तीपुर में 26 और 27 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाले जन संस्कृति मंच, बिहार राज्य के सातवें राज्य सम्मेलन की तैयारी समिति की एक अति आवश्यक बैठक जिला अध्यक्ष की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस बैठक में सम्मेलन को ऐतिहासिक और सफल बनाने के लिए रूपरेखा तैयार की गई तथा विभिन्न जिम्मेदारियों पर विस्तृत चर्चा की गई।

अन्‍य खबरों  के लिए नीचे  ’न्‍यूज भारत टीवी ’ के लिंक पर क्लिक करें ,

||  https://newsbharattv.in  ||

पटना में ज्वेलरी महाकुंभ का आगाज: 200 दिग्गजों का डेरा, मुख्यमंत्री ने दिया सुरक्षा व सहूलियत का बड़ा भरोसा!

ज्ञान भवन में 3 दिवसीय ज्वेलरी महोत्सव-2026 की गूंज | सूरत से लेकर मुंबई और कोलकाता के आभूषण निर्माताओं का लगा जमावड़ा

पटना, 30 अगस्त 2026: राजधानी पटना के सम्राट अशोक कन्वेंशन केंद्र परिसर स्थित ज्ञान भवन में रविवार को 3 दिवसीय ज्वेलरी महोत्सव-2026 का अत्यंत भव्य और धमाकेदार शुभारंभ हुआ। स्वर्णकार समाज विकास एवं शोध संस्थान द्वारा आयोजित इस ऐतिहासिक ज्वेलरी महाकुंभ का उद्घाटन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पारंपरिक रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। यह विशाल आयोजन 30 अगस्त से शुरू होकर 1 सितम्बर तक चलेगा, जिसमें देश के कोने-कोने से आए सर्राफा उद्योग के दिग्गज अपने अनूठे और अत्याधुनिक आभूषण डिजाइनों का प्रदर्शन कर रहे हैं।

सम्राट अशोक कन्वेंशन केंद्र परिसर स्थित ज्ञान भवन में ज्वेलरी महोत्सव-2026 के उद्घाटन स्थल की ओर हाथ जोड़कर जनता व व्यवसायियों का अभिनंदन करते हुए बढ़ते मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, साथ में विधायक राणा रणधीर सिंह व अन्य।

उद्घाटन समारोह के पश्चात मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ज्ञान भवन के भूतल पर स्थित विशाल कन्वेंशन हॉल में लगे लगभग 200 आभूषण निर्माताओं के स्टॉलों का सूक्ष्मता से अवलोकन किया। उन्होंने विभिन्न स्टॉलों पर प्रदर्शित सोने, चांदी, हीरे और बहुमूल्य रत्नों से बने उत्कृष्ट आभूषणों की जानकारी ली तथा देश के अलग-अलग राज्यों से आए प्रमुख कारोबारियों से सीधी बातचीत की। कारोबारियों का उत्साह बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि बिहार में व्यापार का माहौल पूरी तरह अनुकूल है। उन्होंने व्यवसायियों को आश्वस्त करते हुए कहा, आप सभी यहां पूरी निश्चिंतता और निडरता के साथ अपना व्यवसाय करें, बिहार सरकार आपको हर प्रकार की सहूलियत, सुरक्षा और ढांचागत सुविधाएं उपलब्ध कराएगी।”

देशभर के प्रमुख शहरों से पहुंचे 200 बड़े ब्रांड्स

इस 3 दिवसीय ज्वेलरी महोत्सव-2026 में कोटा, आगरा, सूरत, अहमदाबाद, नागपुर, मुंबई, लखनऊ और कोलकाता सहित भारत के प्रमुख औद्योगिक शहरों के आभूषण निर्माता शामिल हुए हैं। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य बिहार के स्थानीय आभूषण व्यापार को राष्ट्रीय स्तर की नई तकनीकों और डिजाइनों से जोड़ना है।

ज्वेलरी महोत्सव-2026 के दौरान लालजी सर्राफ के स्टॉल पर आभूषण निर्माताओं से हाथ मिलाकर संवाद करते एवं प्रदर्शित डिजाइनों की जानकारी लेते मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी।

इस महोत्सव के माध्यम से आभूषण निर्माण एवं ज्वेलरी ट्रेड से जुड़े हजारों लोगों को अपने विश्वस्तरीय उत्पादों को प्रदर्शित करने के साथ-साथ आपस में संवाद स्थापित करने और परस्पर व्यावसायिक अनुभव साझा करने का एक बड़ा मंच मिला है। कार्यक्रम के दौरान स्वर्णकार समाज विकास एवं शोध संस्थान के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर भव्य स्वागत और अभिनंदन किया।

इस अवसर पर विधायक राणा रणधीर सिंह, स्वर्णकार समाज विकास एवं शोध संस्थान के प्रमुख पदाधिकारी, देश भर से आए नामचीन आभूषण निर्माता तथा आभूषण क्षेत्र से जुड़े हजारों गणमान्य लोग उपस्थित थे।

अन्‍य खबरों  के लिए नीचे  ’न्‍यूज भारत टीवी ’ के लिंक पर क्लिक करें ,

||  https://newsbharattv.in  ||

भू-माफियाओं के बड़े सिंडिकेट का पर्दाफाश: विधायक अमित कुमार रानू और उनके भाई पर केस दर्ज, जेसीबी जब्त, अब तक 7 गिरफ्तार!

मुजफ्फरपुर में जमीन कब्जा गिरोह पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 28 एफआईआर दर्ज, 35 लाख का फर्जी केवाला और 70 डिसमिल जमीन का अवैध दाखिल-खारिज का खेल आया सामने

मुजफ्फरपुर। मुजफ्फरपुर जिले के अहियापुर और ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र में भू-माफियाओं के एक अत्यंत संगठित और खतरनाक सिंडिकेट का भंडाफोड़ हुआ है। अंचलाधिकारी (सीओ), अंचल कर्मचारी और भू-माफियाओं की मिलीभगत से करोड़ों रुपये की जमीन को हड़पने का सनसनीखेज खेल उजागर हुआ है। इस पूरे फर्जीवाड़े और मकान-चहारदीवारी तोड़े जाने के मामले में पुलिस ने अब तक कुल 28 प्राथमिकियां दर्ज की हैं तथा विधायक अमित कुमार रानू और उनके भाई सोनू कुमार उर्फ अभिनव सहित अंचल अधिकारियों व कर्मचारियों को अभियुक्त बनाया है। कार्रवाई करते हुए पुलिस की विशेष टीम ने अब तक 7 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय में पुलिस अभिरक्षा में खड़ा भूमि कब्जा व तोड़-फोड़ मामले का अभियुक्त।

फर्जी चेक से 35 लाख का केवाला, बैरिया में तोड़े गए 6 कमरे

पहला मामला ब्रह्मपुरा थाना का है, जहाँ भूमि कब्जा गिरोह से पीड़ित एक महिला की शिकायत पर ब्रह्मपुरा थाना कांड संख्या 259/26 दर्ज किया गया। महिला का आरोप है कि 26 अगस्त 2022 को ग्राम पैगंबरपुर कोल्हुआ (थाना अहियापुर) स्थित उनके पति की भूमि के दस्तावेजों में धोखाधड़ी और जालसाजी कर 35 लाख रुपये दर्शाते हुए फर्जी एवं कूटरचित बिक्री अभिलेख तैयार कराया गया।

हैरानी की बात यह है कि इस बिक्री अभिलेख में भारतीय स्टेट बैंक के चेक से राशि भुगतान का जिक्र किया गया, जबकि वास्तव में पीड़ित महिला या उनके पति के खाते में एक भी रुपया नहीं पहुँचा। इस कांड में राहुल ठाकुर (अहियापुर), उज्ज्वल कुमार पांडेय (मीनापुर), कार्तिक कुमार (अहियापुर), बेलसंड के विधायक अमित कुमार रानू और उनके भाई सोनू कुमार उर्फ अभिनव (अहियापुर) तथा अन्य सहयोगियों पर आपसी मिलीभगत से फर्जीवाड़ा करने का सीधा आरोप लगा है। इतना ही नहीं, सोनू कुमार उर्फ अभिनव पर आरोप है कि उसने बैरिया स्थित पीड़ित महिला के घर के 6 कमरों को तोड़कर जबरन जमीन पर कब्जा कर लिया।

खतियानी जमीन का फर्जी दाखिला-खारिज और सीओ-कर्मचारी पर केस

दूसरा मामला अहियापुर थाना क्षेत्र का है, जहाँ एक अन्य पीड़ित व्यक्ति द्वारा 29 अगस्त 2026 को दिए गए आवेदन के आधार पर अहियापुर थाना कांड संख्या 1375/26 दर्ज किया गया। इसमें बताया गया कि पीड़ित की खतियानी एवं पुस्तैनी 70 डिसमिल जमीन का फर्जी केवाला कराकर कृषनंदन पासवान (सदर थाना, वैशाली) द्वारा कूटरचित दस्तावेजों के जरिए अवैध रूप से दाखिल-खारिज करा लिया गया।

इसके बाद उस अवैध दाखिल-खारिज के आधार पर उसी 70 डिसमिल जमीन को सोनू कुमार उर्फ अभिनव (विधायक के भाई), अरबिंद कुमार मेहता और तुषार सिंह के नाम पर फिर से पंजीकृत कराकर दाखिल-खारिज करा दिया गया। राजस्व कर्मचारी द्वारा गलत दस्तावेज देकर दाखिल-खारिज कराने की बात स्वीकार करने के बाद इसे निरस्त करने के लिए भूमि उप-समाहर्ता (डीसीएलआर), मुजफ्फरपुर के समक्ष दो वाद दर्ज कराए गए हैं।

इस मामले में पुलिस ने अंचल अधिकारी (सीओ) महेंद्र शुक्ला (तत्कालीन), अंचल कर्मचारी सुनील कुमार, अनुज कुमार, राजस्व कर्मचारी करूण कुमार, सोनू कुमार उर्फ अभिनव, अरबिंद कुमार मेहता, तुषार सिंह और बेलसंड के विधायक अमित कुमार रानू के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है।

28 एफआईआर और 5 थानों का दायरा

पुलिस प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस पूरे भूमि कब्जा और चहारदीवारी/मकान तोड़-फोड़ के प्रकरण में अहियापुर थाना, ब्रह्मपुरा थाना, कच्ची-पक्की (सदर) थाना एवं बेलसंड (सीतामढ़ी) में मिलाकर अब तक कुल 28 एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं।

अहियापुर थाना क्षेत्र में अवैध तोड़-फोड़ में इस्तेमाल की गई जब्त जेसीबी मशीन के साथ तैनात पुलिस बल।

मकान गिराने में प्रयुक्त जेसीबी जब्त, मालिक गिरफ्तार

चहारदीवारी और मकानों की तोड़-फोड़ में इस्तेमाल की गई जेसीबी मशीन (JCB) को पुलिस की विशेष टीम द्वारा 20 अगस्त 2026 को जब्त कर लिया गया। जेसीबी संचालक व मालिक सुबोध राय (पिता नथूनी राय, साकिन सदातपुर, थाना कांटी, जिला मुजफ्फरपुर) को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

अब तक गिरफ्तार 7 अभियुक्तों की सूची:

  1. नन्हे सिंह (थाना-बेलसंड, जिला-सीतामढ़ी)
  2. छोटू कुमार उर्फ छोटू यादव (थाना-बेलसंड, जिला-सीतामढ़ी)
  3. सुमित कुमार श्रीवास्तव (पिता-स्व. कृष्णा कुमार श्रीवास्तव, साकिन-नरयार, थाना-मोतीपुर, जिला-मुजफ्फरपुर)
  4. सन्नि सिंह (पिता-अश्विनी कुमार, साकिन-बैरिया, सरस्वती नगर, थाना-अहियापुर, जिला-मुजफ्फरपुर)
  5. आनंद कुमार (थाना-महुआ, जिला-वैशाली; वर्तमान थाना-अहियापुर, मुजफ्फरपुर)
  6. विकास राठौड़ (थाना-तरियानी छपरा, जिला-शिवहर; वर्तमान थाना-अहियापुर, मुजफ्फरपुर)
  7. सुबोध राय (जेसीबी संचालक/मालिक, साकिन-सदातपुर, थाना-कांटी, जिला-मुजफ्फरपुर)

पुलिस मामले में आगे की अग्रतर कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

अन्‍य खबरों  के लिए नीचे  ’न्‍यूज भारत टीवी ’ के लिंक पर क्लिक करें ,

||  https://newsbharattv.in  ||

मुजफ्फरपुर : वाहन चोर गैंग के 5 शातिर पुलिस के हत्थे चढ़े , 2 चोरी की बाइक और 5 मोबाइल बरामद!

मुजफ्फरपुर (विशेष संवाददाता): मुजफ्फरपुर जिले में अपराधियों और वाहन चोरों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसएसपी मुजफ्फरपुर के सख्त निर्देश पर पूरे जिले में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत कुढ़नी थाना क्षेत्र के झिटकी पुल के पास पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 5 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चोरी की 2 मोटरसाइकिलें, 1 छिनतई का मोबाइल तथा 4 अन्य मोबाइल बरामद किए गए हैं।

रात्रि गश्ती के दौरान झिटकी पुल पर बिछाया गया जाल

घटना के संबंध में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (पश्चिमी-02) अनिमेष चंद्र ज्ञानी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 29 अगस्त की रात लगभग 10:00 बजे सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) अनिल पासवान सशस्त्र बलों के साथ झिटकी पुल के समीप रात्रि गश्ती और गहन वाहन जांच कर रहे थे। इसी दौरान दो अलग-अलग मोटरसाइकिलों पर सवार 5 संदिग्ध व्यक्ति एक साथ आते दिखाई दिए।

पुलिस टीम ने तुरंत घेराबंदी कर दोनों गाड़ियों को रोका। पहली गाड़ी पर तीन और दूसरी गाड़ी पर दो व्यक्ति सवार थे।

चेसिस नंबर घिसा, एसएसडी मशीन से खुला चोरी का राज

जब पुलिस ने वाहनों की गहनता से जांच की, तो पाया गया कि एक स्प्लेंडर प्लस बाइक बिना नंबर प्लेट की थी, जबकि दूसरी बाइक पर हिंदी में अस्पष्ट नंबर लिखा था। संदिग्ध स्थिति को देखते हुए गाड़ी का चेसिस नंबर जांचा गया, जो घिसा हुआ था।

कुढ़नी थाना पुलिस की गिरफ्त में चोरी की दो मोटरसाइकिलों और 5 मोबाइल के साथ पकड़े गए 05 अभियुक्त एवं प्रेसवार्ता करते अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनिमेष चंद्र ज्ञानी व थानाध्यक्ष पुनीत कुमार।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एएसआई अनिल पासवान ने तुरंत कुढ़नी थानाध्यक्ष पुनीत कुमार को सूचना दी। थानाध्यक्ष पुनीत कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। जब पुलिस टीम ने एसएसडी (SSD) मशीन से चेसिस और इंजन नंबर का मिलान किया, तो बड़ा खुलासा हुआ। गाड़ी का रजिस्टर्ड नंबर पूसा (समस्तीपुर) के एक व्यक्ति के नाम पर पाया गया, जिससे इंजन नंबर मेल नहीं खा रहा था।

कर्पूरी चौक से चोरी हुई थी बाइक, गोरौल थाने में दर्ज था मामला

वहीं दूसरी बिना नंबर वाली बाइक (बीआर-31एएल-5870) का जब सत्यापन किया गया, तो उसके मालिक गोरौल थाना क्षेत्र के रवि कुमार पाए गए। पुलिस द्वारा संपर्क करने पर रवि कुमार ने बताया कि उनकी मोटरसाइकिल 27 अगस्त को कर्पूरी चौक से चोरी हो गई थी, जिसके संबंध में गोरौल थाना में कांड संख्या 501/26 दर्ज कराई गई थी। पूछताछ के दौरान पकड़े गए किसी भी व्यक्ति ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया, जिसके बाद पुलिस ने सभी को हिरासत में ले लिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों की सूची:

पुलिस ने इस मामले में कुढ़नी थाना में प्राथमिक (कांड संख्या 124/26) दर्ज कर निम्नलिखित 5 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है:

  1. प्रकाश कुमार (थाना मनियारी, जिला मुजफ्फरपुर)
  2. दिलीप कुमार (थाना मनियारी, जिला मुजफ्फरपुर)
  3. सत्यप्रकाश कुमार (थाना कुढ़नी, जिला मुजफ्फरपुर)
  4. सचिन कुमार (थाना मनियारी, जिला मुजफ्फरपुर)
  5. मो ईवरान (थाना फकुली, जिला मुजफ्फरपुर)

पुलिस द्वारा की गई बरामदगी:

  • चोरी की हुई मोटरसाइकिल – 02
  • छिनतई का मोबाइल फोन – 01
  • अन्य मोबाइल फोन – 04

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार अभियुक्तों से कड़ी पूछताछ की जा रही है और इनके अन्य आपराधिक इतिहास का पता लगाया जा रहा है। मामले में अग्रतर कार्रवाई जारी है।

अन्‍य खबरों  के लिए नीचे  ’न्‍यूज भारत टीवी ’ के लिंक पर क्लिक करें ,

||  https://newsbharattv.in  ||

कांटी हत्याकांड का पर्दाफाश: नशे व पैसों के विवाद में सिर में मारी थी गोली, 2 नामजद गिरफ्तार, शूटर की तलाश जारी

कांटी / मुजफ्फरपुर । कांटी थाना क्षेत्र अंतर्गत एनटीपीसी लगून-1 के समीप झाड़ियों में मिले शंभु सहनी हत्याकांड का मुजफ्फरपुर पुलिस ने महज कुछ ही घंटों के भीतर सफल उद्भेदन कर लिया है। इस चर्चित और सनसनीखेज हत्याकांड में शामिल दो नामजद अभियुक्तों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि गोली चलाने वाला मुख्य आरोपी (शूटर) अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार छापेमारी कर रही है।

कांटी थाना क्षेत्र में हुए शंभु सहनी हत्याकांड का उद्भेदन कर मामले की विस्तृत जानकारी देतीं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (पश्चिम-01) सुचित्रा कुमारी, साथ में उपस्थित कांटी थाना अध्यक्ष व अन्य पुलिस बल तथा पीछे खड़े नकाबपोश गिरफ्तार दोनों अभियुक्त (राजा कुमार एवं पप्पू चौरसिया)।

झाड़ी में मिला था शंभु सहनी का शव

मामले की जानकारी देते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (पश्चिम-01) सुचित्रा कुमारी ने प्रेस वार्ता में बताया कि बीते 26 अगस्त 2026 को कांटी थाना क्षेत्र के कोठिया (वार्ड संख्या-12) निवासी शंभु सहनी का शव एनटीपीसी लगून-1 के पास स्थित झाड़ियों में बरामद हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही कांटी थाना अध्यक्ष और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी द्वारा तुरंत घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। इसके बाद विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम को बुलाकर मौके से साक्ष्य संकलन कराए गए।

पत्नी के बयान पर 3 के खिलाफ दर्ज हुई थी एफआईआर

मृतक शंभु सहनी की पत्नी सुनीता देवी के फर्दबयान के आधार पर कांटी थाना में कांड संख्या 537/26 दर्ज किया गया। वादिनी (सुनीता देवी) ने अपने बयान में तीन नामजद अभियुक्तों द्वारा कुछ दिन पूर्व पैसों के लेन-देन को लेकर किए गए विवाद का उल्लेख करते हुए उनकी संलिप्तता की बात कही थी।

विशेष पुलिस टीम ने 2 अभियुक्तों को दबोचा

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) और पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के निर्देशन व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (पश्चिम-01) सुचित्रा कुमारी के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने मानवीय और तकनीकी सूचना संकलन के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में संलिप्त दो नामजद अभियुक्तों— राजा कुमार और पप्पू चौरसिया (दोनों निवासी: कांटी थाना क्षेत्र, जिला मुजफ्फरपुर) को गिरफ्तार कर लिया।

नशे और पैसों के लेन-देन में मारी थी सिर में गोली

पुलिस पूछताछ और अब तक की जांच में यह बात सामने आई है कि गिरफ्तार अभियुक्त और मृतक आपस में नशे के आदी थे। नशा करने और पैसों के लेन-देन को लेकर इनके बीच विवाद हुआ था। इसी विवाद के दौरान अभियुक्तों ने शंभु सहनी के सिर में गोली मारकर हत्या कर दी और शव को झाड़ियों में फेंककर फरार हो गए।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने यह भी बताया कि मृतक शंभु सहनी के शराब के कारोबार (धंधे) से जुड़े होने की बात भी सामने आ रही है, जिसकी पुलिस गहनता से जांच कर रही है।

मुख्य शूटर प्रकाश चौधरी की तलाश में छापेमारी जारी

पुलिस के अनुसार, घटना में जिस अभियुक्त ने सीधे गोली चलाई थी, उसका नाम प्रकाश चौधरी है, जो अभी फरार है। पुलिस की विशेष टीम उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का दावा है कि मुख्य आरोपी को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

अन्‍य खबरों  के लिए नीचे  ’न्‍यूज भारत टीवी ’ के लिंक पर क्लिक करें ,

||  https://newsbharattv.in  ||

बिहार के लाल ने दुनिया में गाड़ा झंडा! मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दिए 45 लाख रुपये, जानिए किस खिलाड़ी को मिला कितना इनाम

पटना, 29 अगस्त 2026

राष्ट्रमंडल खेल 2026 (Commonwealth Games 2026) में बिहार के जांबाज पैरा एथलीटों ने अपने शानदार प्रदर्शन से इतिहास रच दिया है। राष्ट्रीय खेल दिवस के खास मौके पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में आयोजित एक भव्य समारोह में इन चैंपियन खिलाड़ियों को सम्मानित किया।

बिहार को अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर गौरवान्वित करने वाले स्वर्ण पदक विजेता सोमन राणा को 30 लाख रुपये तथा कांस्य पदक विजेता झंडू कुमार को 15 लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने दोनों खिलाड़ियों को अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया।

राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर पटना स्थित ‘संकल्प’ सभागार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी राष्ट्रमंडल खेल 2026 के स्वर्ण पदक विजेता पैरा एथलीट सोमन राणा को स्मृति चिह्न एवं सम्मान राशि देकर सम्मानित करते हुए। पास में खेल विभाग के सचिव दीपक आनंद उपस्थित हैं।

गोल्डन बॉय सोमन राणा और ब्रॉन्ज विजेता झंडू कुमार पर बरसा धन

राष्ट्रमंडल खेल 2026 में बिहार के पैरा एथलीटों का प्रदर्शन ऐतिहासिक रहा:

  • सोमन राणा: पुरुष F57 शॉट पुट (Shot Put) स्पर्धा में भारत के लिए स्वर्ण पदक (Gold Medal) जीतकर बिहार का नाम दुनिया भर में रोशन किया। मुख्यमंत्री ने सोमन राणा को 30 लाख रुपये की सम्मान राशि का चेक सौंपा।
  • झंडू कुमार: पुरुष पैरा पावरलिफ्टिंग  में अपनी ताकत का लोहा मनवाते हुए कांस्य पदक  हासिल किया। मुख्यमंत्री ने उन्हें 15 लाख रुपये की राशि का चेक देकर सम्मानित किया।

सम्मान समारोह के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दोनों खिलाड़ियों से आत्मीय बातचीत की, प्रतियोगिता के दौरान उनके अनुभवों को जाना और भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

सम्मान समारोह के दौरान मंच पर अपने पदकों और सम्मान राशि के चेक के साथ बैठे राष्ट्रमंडल खेल 2026 के स्वर्ण पदक विजेता सोमन राणा और कांस्य पदक विजेता झंडू कुमार। पृष्ठभूमि में खेल विभाग के सचिव दीपक आनंद, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रविन्द्रण शंकरण एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी दिखाई दे रहे हैं।

बिहार के युवाओं के लिए प्रेरणा हैं हमारे खिलाड़ी” – मुख्यमंत्री

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा:

“आप लोगों ने अपने शानदार प्रदर्शन से न केवल देश का गौरव बढ़ाया है, बल्कि बिहार को भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर गौरवान्वित किया है। आपको सम्मानित करना हम सबके लिए अत्यंत गौरव की बात है।”

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि बिहार सरकार राज्य में खेलों के विकास, खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण, बेहतर सुविधाएं और हरसंभव प्रोत्साहन उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने जोर देकर कहा कि राज्य के खिलाड़ियों की यह ऐतिहासिक उपलब्धि बिहार के लाखों युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने और देश के लिए मेडल जीतने की नई प्रेरणा देगी। राज्य सरकार प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की राह में कोई कमी नहीं आने देगी।

समारोह में उपस्थित प्रमुख अधिकारी

इस उच्चस्तरीय सम्मान समारोह में बिहार प्रशासन और खेल विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे:

  • दीपक कुमार (प्रधान सचिव, मुख्यमंत्री)
  • लोकेश कुमार सिंह (सचिव, मुख्यमंत्री)
  • संजय कुमार सिंह (सचिव, मुख्यमंत्री)
  • दीपक आनंद (सचिव, खेल विभाग)
  • रविन्द्रण शंकरण (महानिदेशक, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण)
  • गौतम (कोच)

अन्‍य खबरों  के लिए नीचे  ’न्‍यूज भारत टीवी ’ के लिंक पर क्लिक करें ,

||  https://newsbharattv.in  ||

आशियाना ध्वस्त, राशन-बर्तन नष्ट… ताजपुर में बुलडोजर एक्शन के खिलाफ उग्र होने लगे आम लोग !

फतेहपुर मुसहरी में बेघर हुए गरीबों का फूटा गुस्सा; माले-खेग्रामस का प्रतिरोध मार्च, अंचलाधिकारी आरती कुमारी की जांच व बर्खास्तगी की मांग

ताजपुर/समस्तीपुर| 29 अगस्त 2026| ताजपुर प्रखंड क्षेत्र की फतेहपुर पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या 3 स्थित मुसहरी में अंचल प्रशासन की हालिया बुलडोजर कार्रवाई ने समस्तीपुर जिले के राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में भूचाल ला दिया है। बिना किसी पूर्व प्रशासनिक चेतावनी या वैकल्पिक व्यवस्था के दशकों से रह रहे अत्यंत निर्धन मुसहर परिवारों के आशियानों को जमींदोज कर दिए जाने के विरोध में शनिवार को जन-आक्रोश फूट पड़ा। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी-लेनिनवादी (भाकपा माले) और बिहार राज्य खेत मजदूर सभा (खेग्रामस) के बैनर तले सैकड़ों ग्रामीणों, कार्यकर्ताओं और महिलाओं ने सड़कों पर उतरकर  प्रतिरोध मार्च निकाला और प्रशासनिक तानाशाही के खिलाफ जमकर विरोध दर्ज कराया।

तबाही का मंजर: आशियाना ध्वस्त, राशन और बर्तन नष्ट

अंचल प्रशासन द्वारा की गई इस अचानक कार्रवाई ने दर्जनों अत्यंत गरीब परिवारों को खुले आसमान के नीचे लाकर खड़ा कर दिया है। ध्वस्तीकरण के दौरान मुसहर परिवारों के कच्चे-पक्के मकान ध्वस्त हो गए, वहीं घरों के भीतर रखा अनाज, पकाने के बर्तन और रोज़मर्रा की आवश्यक वस्तुएं मलबे के नीचे दबकर पूरी तरह से नष्ट हो गईं। स्थिति यह है कि कई परिवारों के सामने अब दो वक्त के भोजन का संकट खड़ा हो गया है।

प्रदर्शनकारियों ने मुख्य रूप से चार सूत्रीय माँगें उठाई हैं:

  1. रैयती पर्चा एवं वासभूमि: बेघर हुए सभी पीड़ित परिवारों को तुरंत रैयती पर्चा, वासभूमि और सरकारी योजना के तहत पक्का आवास दिया जाए।
  2. पहुंचपथ की व्यवस्था: मुसहरी तक निर्बाध आवाजाही के लिए पक्का पहुंचपथ (रास्ता) उपलब्ध कराया जाए।
  3. उचित वित्तीय मुआवजा: कार्रवाई के दौरान क्षतिग्रस्त हुए मकानों, बर्तनों और खाद्य सामग्रियों के नुकसान का त्वरित आंकलन कर परिवारों को आर्थिक सहायता दी जाए।
  4. प्रशासनिक जवाबदेही: अवैध ढंग से बुलडोजर चलाने, जानलेवा गहरे गड्ढे खोदने और प्राकृतिक जल निकासी वाले सरकारी बाहा (नाले) को भरने के मामले में दोषी अधिकारियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

प्रशासनिक लापरवाही या भू-माफिया का गठजोड़?

ताजपुर की यह घटना केवल एक सामान्य अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई नहीं दिखती, बल्कि यह प्रशासनिक तंत्र और स्थानीय भू-माफियाओं के बीच पनप रहे संदिग्ध गठजोड़ की ओर इशारा करती है।

  • बाहा को भरकर भू-माफिया को लाभ पहुंचाने का आरोप: ग्रामीणों और राजनीतिक दलों का आरोप है कि भू-माफिया के निजी हितों को साधने के लिए सरकारी बाहा (जल निकासी नाला) को मिट्टी से भर दिया गया।
  • गहरे गड्ढों से मंडराता जानलेवा खतरा: मुसहरी की जमीन पर प्रशासन ने बड़े-बड़े गड्ढे खुदवा दिए हैं। मानसून के इस मौसम में ये गड्ढे पानी से लबालब भर चुके हैं। जनसभा को संबोधित करते हुए नेताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि इन गड्ढों में गिरकर किसी मासूम बच्चे या नागरिक की डूबने से मौत होती है, तो इसके लिए अंचल प्रशासन सीधे तौर पर आपराधिक रूप से जिम्मेदार होगा।
  • अंचलाधिकारी की भूमिका पर उठे गंभीर सवाल: सभा में शामिल वक्ताओं ने अंचलाधिकारी आरती कुमारी, संबंधित राजस्व कर्मियों एवं अन्य अधिकारियों की भूमिका को संदेहास्पद बताते हुए पूरे मामले की उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच और दोषी अफसरों की बर्खास्तगी की मांग की है।

नेतृत्व का शंखनाद: “जब तक पुनर्वास नहीं, तब तक विश्राम नहीं”

प्रतिरोध मार्च के बाद आयोजित जनसभा की अध्यक्षता भाकपा माले प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने की। सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि शोषित और भूमिहीन समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए यह संघर्ष रुकने वाला नहीं है।

जनसभा को संबोधित करने वाले मुख्य वक्ता: ललन कुमार (जिला सचिव, अखिल भारतीय किसान महासभा), जीबछ पासवान (जिला सचिव, खेग्रामस), उपेन्द्र राय (जिला अध्यक्ष, खेग्रामस), ब्रह्मदेव प्रसाद सिंह, मनोज कुमार सिंह, चंद्रशेखर कुमार, अनील कुमार सिंह (सामाजिक कार्यकर्ता), डॉक्टर गुलाब, सोनिया देवी, अनीता देवी, शिवकुमारी देवी,  सभी वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि बेघर हुए गरीबों के पुनर्वास और न्याय की प्राप्ति तक आंदोलन अनवरत जारी रहेगा।

आगामी रणनीति: 3 सितंबर को समस्तीपुर अनुमंडल कार्यालय का महा-घेराव

ताजपुर में उठी यह विरोध की चिंगारी अब जिला स्तर पर बड़े जन-आंदोलन का रूप लेने जा रही है। सभा के मंच से घोषणा की गई कि अंचल प्रशासन की इस जनविरोधी कार्रवाई के विरोध में आगामी 3 सितंबर 2026 को समस्तीपुर अनुमंडल कार्यालय पर एक विशाल प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। नेताओं ने क्षेत्र के सभी मजदूरों, किसानों, युवाओं और आम नागरिकों से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में पहुंचकर इस प्रदर्शन को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाएं और सोए हुए प्रशासन को जगाने का काम करें।

अन्‍य खबरों  के लिए नीचे  ’न्‍यूज भारत टीवी ’ के लिंक पर क्लिक करें ,

||  https://newsbharattv.in  ||

मैदान में उतरी मंत्रियों की सेना: खेल मंत्री ने थामी बैट, कानून मंत्री ने रस्साकशी में दिखाया दम!

राष्ट्रीय खेल दिवस पर मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि, ‘एक घंटा खेल के मैदान मेंअभियान से देशभर में मचा तहलका

नई दिल्ली: राष्ट्रीय खेल दिवस के खास मौके पर देश की राजधानी में एक अभूतपूर्व नजारा देखने को मिला, जब देश के दिग्गजों ने राजनीति का मंच छोड़कर खेल के मैदान में पसीना बहाया। महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की 121 वीं जयंती के अवसर पर नई दिल्ली स्थित इंडिया गेट के मेजर ध्यानचंद राष्ट्रीय स्टेडियम में एक भव्य और रोमांचक खेल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री मनसुख मांडविया और केंद्रीय कानून और न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने अग्रिम मोर्चे पर रहकर पूरे समारोह की कमान संभाली।

राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर नई दिल्ली स्थित मेजर ध्यानचंद राष्ट्रीय स्टेडियम में हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देते केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया साथ में कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल।

कार्यक्रम का आगाज दोनों मंत्रियों द्वारा मेजर ध्यानचंद की प्रतिमा पर भावपूर्ण पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ हुआ। इसके बाद सुबह 8:00 बजे से ही स्टेडियम में सैकड़ों प्रतिभागियों का जोश देखने लायक था। इस अवसर पर ‘एक घंटा खेल के मैदान में’ राष्ट्रव्यापी पहल की शुरुआत की गई, जिसका मकसद हर नागरिक को दैनिक जीवन में कम से कम एक घंटा खेल और शारीरिक गतिविधियों के लिए समर्पित करने के लिए प्रेरित करना है।

मैदान में मंत्रियों की धुआंधार परफॉर्मेंस: क्रिकेट से लेकर रस्साकशी तक का रोमांच

खेल के मैदान पर तब सनसनी फैल गई जब खेल मंत्री खुद हाथ में बल्ला लेकर पिच पर उतरे। उन्होंने न केवल बल्लेबाजी में अपने जौहर दिखाए, बल्कि गेंदबाजी में भी विरोधियों के छक्के छुड़ा दिए। क्रिकेट प्रतियोगिता में चार टीमों – मिनिस्ट्री इलेवन, एसएआई (साई) इलेवन, मीडिया इलेवन और इन्फ्लुएंसर्स इलेवन ने हिस्सा लिया।

राष्ट्रीय खेल दिवस पर आयोजित क्रिकेट मैच के दौरान जीत की खुशी मनाते केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया, खेल सचिव हरि रंजन राव और एसएआई (साई) इलेवन के खिलाड़ी।

मनसुख मांडविया के नेतृत्व वाली मिनिस्ट्री इलेवन, जिसमें खेल विभाग के सचिव हरि रंजन राव और मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे, ने शुरुआती रोमांचक मैच में मीडिया इलेवन को धूल चटाते हुए शानदार जीत दर्ज की। दूसरी ओर, इन्फ्लुएंसर्स इलेवन में देश के नामी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और फिट इंडिया एंबेसडर ने अपना दम दिखाया। क्रिकेट के अलावा रस्साकशी और फुटबॉल जैसे खेलों में भी मंत्रियों और अधिकारियों ने जमकर जोर-माइमाइश की।

मोदी जी का नया भारत, फिट भारत”: मनसुख मांडविया

मैदान पर उत्साह जगाते हुए खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा, “आज देश भर में लाखों युवा हर गली और मैदान में एक घंटे खेलने के लिए सक्रिय रूप से बाहर निकले हैं। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक नए, ऊर्जावान और तंदुरुस्त भारत का निर्माण हो रहा है। मोदी जी के दृष्टिकोण को साकार करने के लिए हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि हर नागरिक स्वस्थ और समाज फिट रहे। यही हमें एक समृद्ध राष्ट्र बनाएगा।” उन्होंने सभी से हर हफ्ते कम से कम एक घंटा खेल के मैदान में बिताने की अपील की।

सुबह संगीत और शाम को खेल”: अर्जुन राम मेघवाल

वहीं कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने देशवासियों को खेल दिवस की बधाई देते हुए अपने जीवन का मूलमंत्र साझा किया। उन्होंने कहा, “खेल हमेशा से मेरे जीवन का अटूट हिस्सा रहे हैं। कबड्डी और फुटबॉल से लेकर मैं आज भी हर दिन बैडमिंटन खेलता हूँ। मेरा सीधा फंडा है- ‘सुबह संगीत और शाम को खेल’। खेल हमें न केवल शारीरिक रूप से चुस्त रखते हैं, बल्कि मानसिक तनाव से भी मुक्त करते हैं।” उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा खेल के लिए एक घंटा समर्पित करने का आह्वान ‘हम फिट तो इंडिया फिट’ के संकल्प को मजबूत करता है।

अन्‍य खबरों  के लिए नीचे  ’न्‍यूज भारत टीवी ’ के लिंक पर क्लिक करें ,

||  https://newsbharattv.in  ||