मुजफ्फरपुर: टीबी के खिलाफ महाजंग, जिलाधिकारी ने 3 मरीजों को लिया गोद, जिले को बीमारी से मुक्त करने का बड़ा संकल्प!

मुजफ्फरपुर: प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जिले में टीबी उन्मूलन की दिशा में एक बहुत बड़ा और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। उत्तर बिहार वाणिज्य एवं उद्योग परिषद (नॉर्थ बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स) के तत्वावधान में निश्चय मित्र योजना के तहत 150 टीबी मरीजों के बीच पौष्टिक आहार किट (फूड बास्केट) का वितरण किया गया। इस महाअभियान का शुभारंभ खुद मुजफ्फरपुर के जिलाधिकारी कुमार गौरव ने किया। जिले से इस गंभीर बीमारी को जड़ से मिटाने के संकल्प के साथ जिलाधिकारी कुमार गौरव ने स्वयं 3 टीबी मरीजों को गोद लेकर पूरे समाज और प्रशासनिक अमले को जनभागीदारी का एक बेहद मजबूत संदेश दिया है।

मुजफ्फरपुर में प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम के बाद मीडिया संवाददाताओं से बातचीत करते जिलाधिकारी कुमार गौरव और उनके साथ उपस्थित उत्तर बिहार वाणिज्य एवं उद्योग परिषद के पदाधिकारीगण।

अधिकारियों और सक्षम नागरिकों से जिलाधिकारी की अपील : जिलाधिकारी कुमार गौरव ने कहा कि चमकी बुखार की रोकथाम के लिए जिले के सभी पदाधिकारियों ने एक-एक पंचायत को गोद लिया हुआ है। इसी तर्ज पर आज सभी पदाधिकारियों से यह विशेष आग्रह किया गया है कि वे अपने द्वारा गोद ली गई पंचायत में जितने भी टीबी के नोटिफाइड मरीज हैं, उन्हें निश्चय मित्र बनकर गोद लें और उनकी पोषण संबंधी सभी आवश्यकताओं (न्यूट्रिशन नीड्स) को पूरा करने की जिम्मेदारी उठाएं। इसके साथ ही जिलाधिकारी ने जिले के सभी प्रबुद्ध और सक्षम नागरिकों से भी भावुक अपील करते हुए कहा कि चूंकि यह पूरी तरह से एक स्वैच्छिक योजना (वॉलंटरी स्कीम) है, इसलिए जो भी आर्थिक रूप से सक्षम हैं, वे ज्यादा से ज्यादा संख्या में आगे आकर निश्चय मित्र बनें। टीबी के नोटिफाइड पॉजिटिव मरीजों को गोद लें ताकि जिले में कोई भी मरीज बिना उचित पोषण के न छूटे।

चैंबर ऑफ कॉमर्स की त्वरित पहल की सराहना : कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी कुमार गौरव ने बताया कि जब नॉर्थ बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधिमंडल के सदस्य उनसे मुलाकात करने आए थे, तब उन्होंने परिषद से टीबी मरीजों को निक्षय मित्र के रूप में गोद लेने और फूड बास्केट वितरित करने का आग्रह किया था। जिलाधिकारी ने चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष और सभी सम्मानित सदस्यों को धन्यवाद देते हुए उनके द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई की जमकर सराहना की। इस पहल के तहत आज पहले चरण में 150 मरीजों को प्रोटीन से भरपूर आहार किट दी गई है। परिषद के पदाधिकारियों ने जिला प्रशासन को आश्वस्त किया है कि आने वाले समय में वे और भी अधिक संख्या में टीबी मरीजों को फूड बास्केट वितरित करेंगे।

6 महीने तक लगातार मिलेगा पौष्टिक आहार:  जिला प्रशासन का मुख्य लक्ष्य जिले के शत-प्रतिशत नोटिफाइड और पॉजिटिव टीबी मरीजों को निश्चय मित्र योजना के साथ टैग करना है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि टीबी से ग्रसित मरीजों के लिए दवाओं के साथ-साथ प्रोटीन रिच डाइट (प्रोटीन युक्त पौष्टिक आहार) लेना बेहद जरूरी होता है। इसी वजह से प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि सभी चिन्हित मरीजों को लगातार 6 महीने तक नियमित रूप से यह फूड बास्केट मिलती रहे, जिससे वे जल्द से जल्द पूरी तरह स्वस्थ हो सकें और मुजफ्फरपुर को पूरी तरह टीबी से मुक्त बनाया जा सके।

अन्‍य खबरों  के लिए नीचे  ’न्‍यूज भारत टीवी ’के लिंक पर क्लिक करें,

||  https://newsbharattv.in  ||

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here