मुजफ्फरपुर : मुजफ्फरपुर जिले से एक बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आ रही है जहाँ कर्तव्य में लापरवाही और अवैध कार्यों में संलिप्तता के गंभीर आरोपों के बाद पानापुर ओ0पी0 (मीनापुर) के अध्यक्ष अभिषेक कुमार मिश्रा पर गाज गिरी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मुजफ्फरपुर द्वारा उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है तथा विभागीय कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं।

क्या है पूरा मामला? प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 13.10.2026 को कांटी स्थित सी0एम0आर0 गोदाम से टी0पी0डी0एस0 गोदाम, कांटी के लिए सरकारी चावल लेकर एक ट्रक निकला था। किशुन नगर ढाला स्थित गणपति धर्मकांटा के पास एक टाटा मैजिक/पिकअप वाहन पर अवैध रूप से उक्त सरकारी चावल को अनलोड (खाली) किया जा रहा था। गश्ती दल द्वारा संदेह के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों वाहनों और चालकों को पानापुर ओ0पी0 लाया गया था।

लापरवाही और मिलीभगत की हदें पार: जांच के दौरान यह बात सामने आई कि ओ0पी0 अध्यक्ष अभिषेक कुमार मिश्रा ने पिकअप वाहन को बिना थाना दैनिकी में प्रविष्टि किए और बिना किसी विधिक कार्रवाई के ही मुक्त कर दिया। इसके अलावा, जिलाधिकारी, मुजफ्फरपुर द्वारा गठित संयुक्त जांच टीम की रिपोर्ट में यह खुलासा हुआ कि ओ0पी0 अध्यक्ष ने खाद्यान्न लदे ट्रक को भी थाना परिसर के बाहर मुख्य सड़क पर बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था के पूरी तरह लावारिस स्थिति में छोड़ दिया था।

जिलाधिकारी द्वारा इस मामले में संलिप्तता और प्रशासनिक लापरवाही को लेकर अनुशासनिक कार्रवाई हेतु प्रतिवेदन समर्पित किया गया था। इसी के आलोक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मुजफ्फरपुर द्वारा यह कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की गई है।
शिव शंकर सिंह संभाले कमान: पानापुर ओ0पी0 (मीनापुर) में ओ0पी0 अध्यक्ष का पद रिक्त होने के कारण कार्यहित एवं लोकहित को ध्यान में रखते हुए जिला आशुचना इकाई में पदस्थापित शिव शंकर सिंह को नया ओ0पी0 अध्यक्ष, पानापुर (मीनापुर) के रूप में पदस्थापित किया गया है। इस कार्रवाई के बाद से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’ के लिंक पर क्लिक करें,
|| https://newsbharattv.in ||

