मुजफ्फरपुर के सकरा थाना क्षेत्र के रहीमपुर रकसा गाँव की हृदयविदारक घटना; सुबह साथ निकले थे दोनों भाई, कुछ ही घंटों में लाश बनकर लौटा संजय पासवान, हत्यारा पुलिस की गिरफ्त में।
सकरा (मुजफ्फरपुर): मुजफ्फरपुर जिले के सकरा थाना क्षेत्र अंतर्गत रहीमपुर रकसा गाँव से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है, जहाँ खून का रिश्ता ही खूनी बन बैठा। मामूली पैसों के आपसी लेनदेन और विवाद में एक चचेरे भाई ने अपने ही सगे चचेरे भाई की बर्बरतापूर्वक लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। इस खौफनाक वारदात के बाद पूरे गाँव और आस-पास के इलाके में दहशत और मातम का माहौल है। मृत युवक की पहचान संजय पासवान के रूप में की गई है, जबकि हत्या को अंजाम देने वाले आरोपी का नाम सीताराम पासवान है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक संजय पासवान और आरोपी सीताराम पासवान दोनों आपस में चचेरे भाई थे। गाँव के लोगों ने बताया कि दोनों भाइयों के बीच कोई पुराना बैर नहीं था और हमेशा की तरह आज सुबह भी दोनों भाई एक साथ हँसते-बोलते घर से बाहर निकले थे। लेकिन किसी को इस बात का अंदाज़ा नहीं था कि यह मुलाकात आखिरी साबित होने वाली है। घर से कुछ दूरी पर जाने के बाद दोनों के बीच चंद रुपयों के लेनदेन को लेकर बहस शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच जमकर मारपीट होने लगी। इसी दौरान तैश में आकर सीताराम पासवान ने संजय पासवान पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया और पीट-पीटकर उसे मौत के घाट उतार दिया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। ग्रामीणों द्वारा मामले की जानकारी तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना पाकर सकरा थाना की पुलिस दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुँची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी हत्यारे सीताराम पासवान को अपनी कस्टडी में ले लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को भागने का मौका नहीं दिया और उसे दबोच लिया।
घटनास्थल पर जाँच और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम को भी बुलाया गया है, जो विभिन्न बिंदुओं पर गहनता से छानबीन कर रही है ताकि कोर्ट में मजबूत सबूत पेश किए जा सकें।

पुलिस का आधिकारिक बयान:
इस घटना के संदर्भ में जानकारी देते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पूर्वी-02, मुजफ्फरपुर मनोज कुमार सिंह ने बताया:
“रहीमपुर रकसा गाँव जो सकरा थाना क्षेत्र अंतर्गत आता है, वहाँ एक चचेरे भाई द्वारा दूसरे चचेरे भाई को मारपीट कर हत्या कर देने का मामला सामने आया है। मृतक का नाम संजय पासवान और आरोपी का नाम सीताराम पासवान है। दोनों भाई सुबह साथ निकले थे और पैसों के विवाद में वारदात को अंजाम दिया गया। हत्यारे को कस्टडी में लेकर पूछताछ की जा रही है। एफएसएल की टीम भी जाँच कर रही है।”
अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’के लिंक पर क्लिक करें,
|| https://newsbharattv.in ||


