पटना / मुंगेर (विशेष संवाददाता): बिहार सरकार ने प्रदेश के करोड़ों नागरिकों और पेंशनधारियों को एक साथ कई बड़े तोहफे दिए हैं। मुंगेर के हवेली खड़गपुर स्थित गंगटा मोड़ पर आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के 105.68 लाख (1 करोड़ 5 लाख 68 हजार) सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के बैंक खातों में अगस्त 2026 माह की पेंशन राशि का सीधा हस्तांतरण (DBT) किया। प्रति व्यक्ति 1,100 रुपए की दर से कुल 1,233.87 करोड़ रुपए की भारी-भरकम राशि सीधे लाभार्थियों के खातों में भेजी गई। इस योजना के तहत इस बार 98,896 नए लाभार्थियों को भी जोड़ा गया है।

मुख्य मंत्री ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि अब राज्य के सभी सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों को हर महीने की 10 तारीख को डीबीटी (DBT) के जरिए पेंशन राशि उनके बैंक खातों में ट्रांसफर कर दी जाएगी। सरकार की प्राथमिकता है कि पेंशन की राशि बिना किसी विलंब के समय पर लाभार्थियों तक पहुंचे।

मुंगेर और जमुई को सड़क एवं बुनियादी ढांचे का बड़ा उपहार
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या-333 के किलोमीटर 28.340 (गंगटा) से किलोमीटर 38.340 (कोहवरवा मोड़) तक सड़क चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य का रिमोट से शिलापट्ट अनावरण कर शिलान्यास किया गया। इस परियोजना का निर्माण कार्य पूरा कर अगले वर्ष सितंबर 2027 में इसका उद्घाटन किया जाएगा। इस सड़क के निर्माण से मुंगेर, जमुई और आसपास के जिलों में आवागमन बेहद सुगम और सुरक्षित हो जाएगा तथा क्षेत्र के आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।

भीमबांध और मुंगेर-जमुई वन क्षेत्र का 150 करोड़ से होगा कायाकल्प
पर्यटन और पर्यावरण के दृष्टिकोण से मुंगेर-जमुई वन क्षेत्र के लिए 150 करोड़ रुपए की महत्वाकांक्षी परियोजना की घोषणा की गई। ऐतिहासिक और प्राकृतिक महत्व रखने वाले भीमबांध क्षेत्र के जंगलों का विकास और सौंदर्यीकरण किया जाएगा। यहां अंतरराष्ट्रीय स्तर की संरचनाएं, जंगल ट्रैकिंग, रिसॉर्ट और होटल जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी ताकि देश-विदेश से पर्यटक यहां पहुंच सकें।

फरक्का जल समझौते और गंगा नदी प्रबंधन पर बड़ा रुख
बिहार के जल संसाधनों और बाढ़ प्रबंधन पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के 13 जिले और 30 लाख से अधिक आबादी बाढ़ से प्रभावित हुई है। बक्सर से भागलपुर तक गंगा नदी के पानी के बेहतर प्रबंधन और गाद की समस्या के समाधान के लिए व्यापक कदम उठाए जा रहे हैं।
बांग्लादेश के साथ हुए जल समझौते का जिक्र करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि बांग्लादेश के साथ हुई संधि के तहत बिहार केवल चार महीने (जुलाई, अगस्त, सितंबर और अक्टूबर) ही गंगा का पानी ले पाता है। केंद्र सरकार और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के सहयोग से बिहार और झारखंड के बीच पिछले 25 वर्षों से लंबित जल विवाद को सुलझाने की दिशा में ऐतिहासिक पहल हुई है। सरकार का प्रयास होगा कि फरक्का जल समझौते में आवश्यक प्रावधान शामिल कराए जाएं ताकि बिहार को जब भी आवश्यकता हो, वह अपने हिस्से का पानी ले सके।

कानून, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में बड़े बदलाव
- अदालती व्यवस्था: तारापुर और हवेली खड़गपुर में इसी चालू महीने से अदालत व्यवस्था शुरू हो जाएगी, जिससे स्थानीय लोगों को न्याय के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।
- स्वास्थ्य जांच महाअभियान: 01 सितंबर से 30 नवंबर तक पूरे बिहार में स्वास्थ्य जांच अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत लगभग 6.5 करोड़ लोगों का नि:शुल्क हेल्थ चेकअप और इलाज किया जाएगा।
- सेवा संकल्प कायाकल्प अभियान: 17 सितंबर से शुरू होने वाले इस अभियान के तहत स्कूलों के इंफ्रास्ट्रक्चर को सुधारा जाएगा। जिन स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में शौचालय नहीं हैं, वहां तत्काल शौचालय बनाए जाएंगे।
- डिजिटल शिक्षा: सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूल में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की व्यवस्था की जा रही है। साथ ही ‘बिहार विद्यार्थी साथी ऐप’ के जरिए छात्रों को 24 घंटे शैक्षणिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

लाभार्थियों के बीच सामग्री और चेक का वितरण
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, स्वयं सहायता समूहों की जीविका दीदियों, मुख्यमंत्री अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन योजना के लाभार्थियों को सांकेतिक चेक प्रदान किए गए। इसके अलावा मुख्यमंत्री सामर्थ्य योजना ‘संबल’ के तहत दिव्यांगजनों को बैटरी चालित ट्राई साइकिल की चाबियां सौंपी गईं।

कार्यक्रम में शामिल प्रमुख लोग
इस अवसर पर मंच एवं कार्यक्रम में अनेक गणमान्य प्रतिनिधि और शीर्ष अधिकारी उपस्थित थे:
- मंत्री एवं जनप्रतिनिधि: गन्ना उद्योग मंत्री सह मुंगेर जिला के प्रभारी मंत्री संजय कुमार, समाज कल्याण मंत्री डॉ श्वेता गुप्ता, पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेंद्र, सांसद अरुण भारती, विधायक कुमार प्रणय, विधायक मनीष कुमार एवं अन्य जनप्रतिनिधि।
- प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी: मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव आनंद किशोर, पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल, समाज कल्याण विभाग के सचिव विनोद सिंह गुंजियाल, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, मुंगेर प्रमंडल के आयुक्त प्रेम सिंह मीणा, मुंगेर क्षेत्र के पुलिस उप-महानिरीक्षक राकेश कुमार, जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पणीकर, पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद, प्रधान मुख्य वन संरक्षक अरविंदर सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं विशाल जनसमूह उपस्थित था।
अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’ के लिंक पर क्लिक करें ,
|| https://newsbharattv.in ||

