फर्जी कंपनी बनाकर जाल में फंसाया
मुजफ्फरपुर। मशरूम उत्पादन और मशरूम हट बनवाने का लालच देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले एक बड़े फर्जीवाड़े का मुजफ्फरपुर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। फर्जी कंपनी बनाकर राज्य की भोली-भाली महिलाओं और जीविका दीदियों को चूना लगाने वाला मुख्य आरोपी आशुतोष मंगलम अब पुलिस की गिरफ्त में है। आरोपी ने अपनी बहन शिवांगी के साथ मिलकर विभिन्न जिलों में लगभग 2.67 करोड़ रुपये का महाघोटाला रचा था।

वरीय पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरपुर के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले आरोपी आशुतोष मंगलम को गिरफ्तार किया है। पुलिस अनुसंधान में यह बात सामने आई कि आरोपी अपनी बहन शिवांगी के साथ मिलकर “स्मार्ट ग्रैविटी एग्रोटेक प्राइवेट लिमिटेड” नाम से एक फर्जी कंपनी चला रहा था। इस कंपनी के जरिए लोगों को “स्मार्ट हट” स्थापित करने, नियमित आय कराने और मशीनों व कच्चे माल की आपूर्ति का झांसा दिया जाता था।

120 जीविका दीदियों के नाम पर उठाया करोड़ों का लोन
ठगों ने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना (पीएमईजीपी) के तहत बोचहाँ और मुशहरी प्रखंड की 120 जीविका दीदियों को अपना शिकार बनाया:
- बोचहाँ थाना क्षेत्र: 60 जीविका दीदियों के नाम पर बिहार ग्रामीण बैंक से 1,18,58,727 रुपये का ऋण निकालकर ठगी की गई (कांड संख्या – 225/25)।
- मुशहरी थाना क्षेत्र: 60 जीविका दीदियों के नाम पर बिहार ग्रामीण बैंक से 72,67,025 रुपये का लोन निकालकर फर्जीवाड़ा किया गया (कांड संख्या – 219/25)।
बैंक शाखा प्रबंधकों की शिकायत पर दोनों थानों में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

21 लाख का चेक बाउंस, अन्य जिलों में भी फैला नेटवर्क
सरैया थाना क्षेत्र की वादिनी प्रीति कुमारी से मशरूम हट के नाम पर 21 लाख रुपये की ठगी की गई। जब उन्होंने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी ने चार चेक दिए जो बैंक खाते में राशि न होने के कारण बाउंस हो गए (कांड संख्या – 52/26)।
वैज्ञानिक व तकनीकी अनुसंधान में यह भी खुलासा हुआ कि इस गिरोह ने मुजफ्फरपुर के अलावा सीतामढ़ी (16 लाख रुपये की ठगी) और गोपालगंज (39.06 लाख रुपये की ठगी) जैसे पड़ोसी जिलों में भी इसी तरह से नेटवर्क फैलाकर लोगों को चूना लगाया है।

पुलिस की कार्रवाई और बरामदगी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के अनुश्रवण और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सरैया/पूर्वी-01/पूर्वी-02) के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया था। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी आशुतोष मंगलम को धर दबोचा। आरोपी के पास से 02 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस गिरोह में शामिल उसकी बहन शिवांगी और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’ के लिंक पर क्लिक करें ,
|| https://newsbharattv.in ||

