मुजफ्फरपुर में सनसनीखेज वारदात: नहर किनारे मिली खून से सनी लॉक कार और मेडिकल दाखिला कराने वाले युवक का संदिग्ध हालत में मिला शव, स्टीयरिंग पर खून और कलाई पर कट के निशान!

मुजफ्फरपुर जिले के करजा थाना क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज और रहस्यमयी मामला सामने आया है, जहाँ नहर किनारे पानी से एक संदिग्ध अवस्था में युवक का शव बरामद किया गया है। मृतक की पहचान राहुल ठाकुर के रूप में हुई है, जो मूल रूप से मुजफ्फरपुर के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत पताही के रहने वाले थे और वर्तमान में पटना में किराए पर रहकर मेडिकल कॉलेजों में एडमिशन कराने का काम करते थे।

घटना स्थल पर निरीक्षण करते हुए ग्रामीण पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सिंह प्रभाकर एवं अन्य पुलिस बल।

सड़क किनारे लॉक मिली कार, अंदर मिले खून के धब्बे और ब्लेड

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुँची पुलिस टीम ने पाया कि मृतक की कार सड़क के बिल्कुल किनारे लाॅक अवस्था में खड़ी थी। गाड़ी के अंदर का नजारा और भी डरावना था, क्योंकि कार की स्टीयरिंग और सीटों पर खून के गहरे धब्बे पाए गए हैं। इसके अलावा गाड़ी के भीतर से खून से सना हुआ एक ब्लेड भी बरामद किया गया है।

शरीर पर जख्म के निशान, एफएसएल टीम कर रही है जाँच

ग्रामीण पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सिंह प्रभाकर ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि मृतक के बाएं हाथ की कलाई के पास कट का गहरा निशान मिला है, जिससे प्रथम दृष्टया अत्यधिक ब्लीडिंग होने की बात सामने आ रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल  की टीम को तुरंत मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से सभी वैज्ञानिक साक्ष्यों का संकलन कर जाँच के लिए भेज दिया है।

पुलिस कर रही है हर पहलू की बारीकी से छानबीन

पुलिस के अनुसार, शव को पानी से बाहर निकालकर इन्क्वेस्ट रिपोर्ट तैयार कर ली गई है और इसे पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच (SKMCH) भेजा जा रहा है। मामले में मृतक की पत्नी (वादिनी) के द्वारा अज्ञात लोगों के विरुद्ध हत्या का आरोप लगाते हुए करजा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। इस सनसनीखेज मामले के त्वरित उद्भेदन के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, ग्रामीण पुलिस अधीक्षक के अनुश्रवण और सरैया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष एसआईटी (SIT) का गठन किया गया है। पुलिस हर संभावित बिंदु पर गहराई से अनुसंधान कर रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह हत्या है, आत्महत्या या फिर कोई गहरी साजिश।

अन्‍य खबरों  के लिए नीचे  ’न्‍यूज भारत टीवी ’ के लिंक पर क्लिक करें,

||  https://newsbharattv.in  ||

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here