सहकारिता क्षेत्र में बड़े बदलाव की तैयारी! पैक्स नियमों में संशोधन के निर्देश, सम्राट चौधरी ने दिए ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के आदेश

पटना, 01 अगस्त: बिहार की सहकारिता व्यवस्था और ग्रामीण बैंकिंग प्रणाली को आधुनिक एवं प्रभावी बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सहकारी बैंकों को और अधिक सशक्त तथा जन-उन्मुख बनाने के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में सम्राट चौधरी ने बिहार स्टेट को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड और सहकारिता विभाग की कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा की।

पैक्स अधिनियम में होगा संशोधन, नए सदस्य जोड़े जाएंगे

समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि पैक्स (PACS) में नए सदस्यों को जोड़ने के लिए आवश्यकतानुसार अधिनियम (Act) में संशोधन का प्रस्ताव तैयार किया जाए। सरकार का उद्देश्य है कि ग्रामीण क्षेत्रों में सहकारिता व्यवस्था को मजबूत कर किसानों को सीधा लाभ पहुंचाया जाए। सहकारिता क्षेत्र को नई तकनीक, बेहतर प्रबंधन और प्रभावी योजनाओं के माध्यम से सशक्त बनाकर किसानों की आय बढ़ाने तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने पर बल दिया गया।

पटना स्थित ‘संकल्प’ सभागार में बिहार स्टेट को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी। बैठक में सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, विभागीय सचिव तथा बैंक के पदाधिकारीगण उपस्थित थे।

सहकारिता बैंकों का होगा सुदृढ़ीकरण

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य के सहकारी बैंकों को अधिक प्रतिस्पर्धी और कार्यकुशल बनाया जाए। उन्होंने सहकारी बैंकों के अपग्रेडेशन के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के लोगों को सहजता से आधुनिक बैंकिंग सुविधाएं मिल सकें।

बिस्कोमान को सुंदर और व्यवस्थित बनाने के निर्देश

राजधानी पटना की पहचान माने जाने वाले ‘बिस्कोमान’ को लेकर भी मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिस्कोमान को और अधिक व्यवस्थित एवं सुंदर बनाया जाए ताकि यह देखने में आकर्षक लगे।

बैठक में ये अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में आयोजित इस बैठक में सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, सहकारिता विभाग के सचिव धर्मेन्द्र सिंह, कृषि विभाग के विशेष सचिव डॉ० वीरेन्द्र प्रसाद यादव, बिहार राज्य सहकारी बैंक लिमिटेड के अध्यक्ष रमेश चन्द्र चौबे, बिस्कोमान के अध्यक्ष विशाल सिंह सहित सहकारिता विभाग और बैंक के अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

अन्‍य खबरों  के लिए नीचे  ’न्‍यूज भारत टीवी ’के लिंक पर क्लिक करें

||  https://newsbharattv.in  ||

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here