पटना 01 अगस्त 2026: बिहार में अपना आशियाना बनाने का सपना देखने वाले घर खरीददारों के लिए बड़ी और राहत भरी खबर है। राज्य सरकार अब रियल एस्टेट सेक्टर में पारदर्शिता और समयबद्धता लाने के लिए पूरी तरह से सख्त हो गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथॉरिटी (रेरा) की कार्यप्रणाली की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कड़ा संदेश देते हुए कहा कि घर खरीदारों के हित और अधिकार सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं, और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

डिजिटल प्लेटफॉर्म और डैशबोर्ड से जुड़ेगा रेरा
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रेरा की पूरी कार्यप्रणाली को राज्य सरकार के डिजिटल प्लेटफॉर्म और डैशबोर्ड से जोड़ने का सख्त निर्देश दिया। इससे आम जनता की शिकायतों, लंबित मामलों और उनके समयबद्ध निष्पादन की मॉनिटरिंग सीधे उच्च स्तर पर हो सकेगी। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि रियल एस्टेट परियोजनाओं से जुड़ी प्रक्रियाओं में बेवजह की देरी को तुरंत खत्म किया जाए, ताकि प्रमोटर्स और डेवलपर्स को नियमों के तहत काम करने में सुविधा हो और परियोजनाओं के कार्यान्वयन में तेजी आए।
ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के साथ खरीदारों का भरोसा जीतना जरूरी
बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में ईजी ऑफ डूइंग बिजनेस (Ease of Doing Business) को बढ़ावा देने के साथ-साथ आम जनता के पैसों और अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। जब नियम पारदर्शी और जवाबदेह होंगे, तो घर खरीदारों का विश्वास बढ़ेगा, जिससे बिहार के रियल एस्टेट सेक्टर में निवेश के नए रास्ते खुलेंगे।

बैठक में पेश हुआ रेरा का प्रस्तुतीकरण
समीक्षा बैठक के दौरान रेरा के अध्यक्ष विवेक कुमार सिंह ने एक विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने संस्थागत व्यवस्था और कार्य पद्धति की जानकारी देते हुए बताया कि रेरा की कार्यप्रणाली को पूरी तरह से सरल और पारदर्शी बनाया गया है, और बिहार में रेरा की व्यवस्था देश के अन्य राज्यों की तुलना में सबसे बेहतर है।

बैठक में ये सभी उच्चाधिकारी रहे मौजूद
इस महत्वपूर्ण बैठक में शासन और प्रशासन के कई शीर्ष अधिकारी शामिल हुए:
- दीपक कुमार (प्रधान सचिव, मुख्यमंत्री)
- विवेक कुमार सिंह (अध्यक्ष, रेरा)
- मिहिर कुमार सिंह (विकास आयुक्त)
- विनय कुमार (प्रधान सचिव, नगर विकास एवं आवास विभाग)
- लोकेश कुमार सिंह (सचिव, मुख्यमंत्री)
- संजय कुमार सिंह (सचिव, मुख्यमंत्री)
- रेरा के अन्य वरिष्ठ अधिकारी
अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’के लिंक पर क्लिक करें,
|| https://newsbharattv.in ||


