खुलासा! दाखिल-खारिज के नाम पर उगाही का वायरल ऑडियो बना जी का जंजाल, मास्टर साहब और पंचायत समन्वयक समेत तीन पर एफआईआर दर्ज!

मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में जमीन के दाखिल-खारिज कार्य के नाम पर आम जनता की गाढ़ी कमाई लूटने वाले एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश हुआ है। रिश्वत की रकम के बंटवारे को लेकर दलालों और सरकारी कर्मियों के बीच हुई तू-तू मैं-मैं का एक ऑडियो वायरल होने के बाद प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। जिलाधिकारी, मुजफ्फरपुर के कड़े निर्देश के बाद मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज अंचल अंतर्गत हुस्सेपुर पंचायत में भ्रष्टाचार के इस खेल में लिप्त एक सरकारी शिक्षक, एक पंचायत समन्वयक और एक साइबर कैफे संचालक के खिलाफ स्थानीय थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जिला प्रशासन के इस सख्त कदम से भ्रष्ट तत्वों में हड़कंप मच गया है।

जिलाधिकारी, मुजफ्फरपुर, जो भ्रष्टाचार के मामलों पर लगातार सख्त रुख अपनाए हुए हैं।

वायरल ऑडियो से खुला भ्रष्टाचार का काला चिट्ठा

सूत्रों के अनुसार, पूरा मामला साहेबगंज अंचल के हुस्सेपुर पंचायत का है, जहां दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) के नाम पर भोले-भाले लोगों से धड़ल्ले से अवैध वसूली की जा रही थी। वसूली गई भारी-भरकम रकम के आपसी बंटवारे को लेकर दो दलालों और कर्मियों के बीच जमकर खींचतान हुई, जिसका एक ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

इस वायरल ऑडियो में सनसनीखेज खुलासे हुए, जिसमें रविकान्त राजन (सरकारी शिक्षक), चंदन कुमार यादव (पंचायत समन्वयक, स्वच्छता) तथा बिट्टू कुमार (साइबर कैफे, खेमकरना) की संलिप्तता और नाम सामने आए। ऑडियो सामने आने के बाद प्रशासनिक गलियारों में भूचाल आ गया।

जिलाधिकारी का कड़ा रुख, ताबड़तोड़ कार्रवाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी, मुजफ्फरपुर ने इस वायरल ऑडियो का तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने अपर समाहर्ता को मामले की त्वरित जांच कर अवैध कृत्य में शामिल सभी चेहरों को बेनकाब करने और उनके विरुद्ध विधिसम्मत कड़ी कार्रवाई का स्पष्ट निर्देश दिया।

अपर समाहर्ता द्वारा की गई प्राथमिक जांच में ऑडियो और भ्रष्टाचार के आरोप सही पाए गए। इसके तुरंत बाद, अंचल अधिकारी, साहेबगंज को यह निर्देश दिया गया कि वे तत्काल प्रभाव से आरोपियों के खिलाफ स्थानीय थाना में प्राथमिकी दर्ज कराकर इसका अनुपालन प्रतिवेदन उपलब्ध कराएं।

अंचल अधिकारी, साहेबगंज के आधिकारिक आवेदन पर स्थानीय साहेबगंज थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपियों—रविकान्त राजन, चंदन कुमार यादव और बिट्टू कुमार के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता एवं सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस अब मामले की गहराई से छानबीन कर रही है और अन्य संलिप्त लोगों की तलाश जारी है।

जीरो टॉलरेंस की नीति, बख्शे नहीं जाएंगे भ्रष्ट कर्मी

जिलाधिकारी, मुजफ्फरपुर ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि जनता से धोखाधड़ी, अवैध वसूली और जनहित के मामलों में किसी भी प्रकार की अनियमितता, लापरवाही या शिथिलता कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि भ्रष्टाचार और अवैध वसूली के मामलों के खिलाफ जिला प्रशासन जीरो टॉलरेंस की नीति का अक्षरशः अनुसरण कर रहा है। जनता के अधिकारों पर डाका डालने वाले और भ्रष्ट गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा उनके विरुद्ध कठोरतम विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

अन्‍य खबरों  के लिए नीचे  ’न्‍यूज भारत टीवी ’ के लिंक पर क्लिक करें ,

||  https://newsbharattv.in  ||

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here