विशेष ब्यूरो, पटना | 20 जुलाई 2026| बिहार की राजधानी पटना स्थित पाटलिपुत्र जंक्शन पर सोमवार को आस्था और भक्ति का ऐसा अभूतपूर्व नजारा देखा गया, जिसने इतिहास के पन्नों में एक नया अध्याय जोड़ दिया। सोमनाथ स्वाभिमान पर्व (अटूट आस्था की गौरव गाथा) के तहत आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में कुल 1,150 श्रद्धालुओं के जत्थे को लेकर सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा स्पेशल ट्रेन रवाना हुई। पूरे स्टेशन परिसर को फूलों से दुल्हन की तरह सजाया गया था और जैसे ही ट्रेन की रवानगी का समय हुआ, दीप प्रज्वलन, डमरू वादन और शंख ध्वनि की महागुंज से पूरा आसमान गूंज उठा।

ट्रेन के भीतर पहुंचे मुख्यमंत्री, यात्रियों से की बातचीत
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस पावन यात्रा का शुभारंभ करते हुए स्पेशल ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। हरी झंडी दिखाने से पहले मुख्यमंत्री खुद ट्रेन की बोगियों के भीतर गए, श्रद्धालुओं से मुलाकात की, उनका कुशलक्षेम जाना और यात्रा की सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह यात्रा सिर्फ एक धार्मिक यात्रा नहीं है, बल्कि हमारे पूरे बिहार की आस्था, स्वाभिमान और सांस्कृतिक गौरव का संदेश लेकर देश के विभिन्न राज्यों में जा रही है। मुख्यमंत्री ने बिहारवासियों की ओर से श्रद्धालु शोभा सिंह को पवित्र कलश तथा अजीत कुमार को पावन ध्वज सौंपा, जो बिहार की समृद्धि के प्रतीक हैं।

बिहार के ऐतिहासिक गौरव का किया स्मरण
मुख्यमंत्री ने इतिहास का स्मरण कराते हुए कहा कि 1,000 वर्ष पूर्व विदेशी आक्रांताओं ने हमारे सोमनाथ मंदिर को लूटा था और नालंदा विश्वविद्यालय को भी बर्बाद कर दिया था। लेकिन 75 वर्ष पूर्व जब सोमनाथ मंदिर का जीर्णोद्धार हुआ, तो उसमें बिहार के लाल और प्रथम राष्ट्रपति राजेंद्र प्रसाद शामिल हुए थे। ठीक उसी तरह, आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नालंदा विश्वविद्यालय को पुनः स्थापित कर बिहार के गौरवशाली इतिहास को जीवित किया है। हमारा संकल्प है कि हम इस विरासत को फिर से प्रतिष्ठित करें।

दिग्गज नेताओं और अधिकारियों की रही मौजूदगी
इस ऐतिहासिक कार्यक्रम को उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, कला एवं संस्कृति मंत्री प्रमोद कुमार और भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सह विधायक संजय सरावगी ने भी संबोधित किया। समारोह के प्रारंभ में कला एवं संस्कृति विभाग के सचिव प्रणव कुमार ने मुख्यमंत्री को अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंटकर उनका स्वागत किया।

इस भव्य अवसर पर सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, विधायक संजीव चौरसिया, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और हजारों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे सोमनाथ के साथ-साथ काशी विश्वनाथ के भी दर्शन करें और बाबा भोलेनाथ से बिहार के सुख, शांति, समृद्धि और सर्वांगीण विकास का आशीर्वाद मांगें।
अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’के लिंक पर क्लिक करें,
|| https://newsbharattv.in ||

