पटना | बिहार की राजनीति और प्रशासनिक गलियारों में एक बार फिर से भारी हलचल मच गई है। सूबे के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में एक बेहद महत्वपूर्ण और बड़े अभियान—‘सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान‘—का धमाकेदार तरीके से शुभारंभ कर दिया है। इस मेगा इवेंट के दौरान मुख्यमंत्री ने हाई-टेक ‘कायाकल्प‘ पोर्टल का भी लोकार्पण किया, जिससे अब सीधे तौर पर लापरवाह अधिकारियों पर नकेल कसेगी और विकास कार्यों की निगरानी रॉकेट की रफ्तार से होगी।

दिवाली से पहले सभी काम हर हाल में पूरे हों: मुख्यमंत्री की दो-टूक चेतावनी
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने चिर-परिचित आक्रामक और सख्त अंदाज में ऐलान किया है कि पंचायत स्तर पर सार्वजनिक सुविधाओं और परिसंपत्तियों को बेहतर तथा स्वच्छ बनाने का यह अभियान ऐतिहासिक होगा। उन्होंने दो टूक शब्दों में निर्देश दिया कि दीपावली से पहले हर हाल में सभी आवश्यक इंफ्रास्ट्रक्चर को दुरुस्त कर लिया जाए।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि इस अभियान के दो मुख्य आधार हैं:
- पहला अवयव: जो परिसंपत्तियां पहले से मौजूद हैं, उनका उन्नयन, सुदृढ़ीकरण और मरम्मतीकरण कार्य, जिसे हर हाल में 30 नवंबर तक पूरा करना अनिवार्य है।
- दूसरा अवयव: नई आधारभूत संरचनाओं और परिसंपत्तियों का निर्माण, जिसे आगामी 31 मार्च 2027 तक मुकम्मल किया जाएगा।

‘कायाकल्प‘ पोर्टल और मोबाइल ऐप से होगी चप्पे-चप्पे की निगरानी
प्रशासनिक कसावट लाते हुए सरकार ने ‘कायाकल्प’ पोर्टल और मोबाइल ऐप लॉन्च किया है। ग्रामीण विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव एच०आर० श्रीनिवास ने प्रस्तुतीकरण के जरिए इस पोर्टल की खूबियां गिनाईं। इस डिजिटल प्लेटफॉर्म पर ग्रामीण विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग, समाज कल्याण विभाग, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग, पंचायती राज विभाग, नगर विकास एवं आवास विभाग, शिक्षा विभाग, पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग से जुड़ी तमाम योजनाओं की पल-पल की रिपोर्ट ऑनलाइन दर्ज रहेगी। योजनाओं की प्रगति और कार्य पूर्णता की जानकारी अब एक क्लिक पर मिलेगी।

इन बड़े कार्यों को समय-सीमा के भीतर निपटाने का आदेश
मुख्यमंत्री ने पंचायत स्तर पर चल रहे छोटे-छोटे मगर बेहद अहम विकास कार्यों को तय समय-सीमा यानी 30 नवंबर तक पूरी तरह धरातल पर उतारने का निर्देश दिया है:
- विद्यालयों की शानदार रंगाई-पुताई।
- आंगनबाड़ी केंद्रों, सामुदायिक भवनों, स्वास्थ्य केंद्रों और छात्रावासों (जैसे अंबेडकर छात्रावास और कर्पूरी ठाकुर छात्रावास) के लंबित और अधूरे पड़े कार्यों को तुरंत पूरा करना।

कार्यक्रम में इन दिग्गजों की रही मौजूदगी
इस उच्च-स्तरीय कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री का स्वागत ग्रामीण विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव एच०आर० श्रीनिवास ने हरित पौधा भेंट कर किया। इस महाआयोजन में उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, स्वास्थ्य मंत्री निशांत, नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्री लखेन्द्र कुमार रौशन, समाज कल्याण मंत्री श्वेता गुप्ता, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री संजय कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, के० सेंथिल कुमार, लोकेश कुमार सिंह, विनोद सिंह गुंजियाल, कुमार रवि, संजय कुमार सिंह, मनोज कुमार, बी० कार्तिकेय धनजी, अनिमेष परासर, हिमांशु शर्मा, राजीव रौशन सहित कई वरीय अधिकारी शारीरिक रूप से उपस्थित रहे, जबकि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के सभी जिलों के जिलाधिकारी और अन्य प्रशासनिक अधिकारी जुड़े रहे।

अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’ के लिंक पर क्लिक करें ,
|| https://newsbharattv.in ||


