मुर्दा खुद थाने पहुंचा, पुलिस के उड़े होश! प्रेम प्रसंग बचाने के लिए रची थी अपनी ही मौत की खौफनाक साजिश

जिस युवक की तलाश में खाकी बिछा रही थी जाल, वही निकला मास्टरमाइंड; खून से सने सिर का वीडियो भेजकर दिया था चकमा

मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक बेहद ही चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसे सुनकर आपके पैरों तले जमीन खिसक जाएगी। जिस युवक को पुलिस और परिजन पिछले कई सालों  से मरा हुआ समझ रहे थे और जिसके लिए हत्या का मुकदमा चल रहा था, वह जिंदा और सकुशल बरामद हो गया है। इस सनसनीखेज खुलासे ने पुलिस के भी होश उड़ा दिए हैं।

मुजफ्फरपुर के सरैया अनुमंडल कार्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान मामले का खुलासा करतीं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अभिजीत कौर, साथ में मौजूद पुलिस बल और वहीं  खड़ा  तथाकथित ‘मृतक’ युवक सोनू कुमार, जिसने अपनी ही मौत की झूठी साजिश रची थी।

सरैया अनुमंडल में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अभिजीत कौर ने इस पूरे मामले से पर्दा उठाया। उन्होंने बताया कि यह पूरा हाई-प्रोफाइल मामला प्रेम प्रसंग को छुपाने और बचाने के लिए रची गई एक खतरनाक साजिश का नतीजा था।

क्या था पूरा मामला और कैसे हुई शुरुआत? घटना की शुरुआत 9 नवंबर 2022 को हुई थी, जब गोपालगंज जिले के थावे थाने में धीरज प्रसाद श्रीवास्तव ने एक लिखित आवेदन दर्ज कराया था। आवेदक ने पुलिस को बताया था कि उनके छोटे भाई सोनू कुमार, दुकान का कुछ सामान खरीदने और साथ में 50,000 रुपये लेकर पटना के लिए निकले थे, जिसके बाद वह अचानक लापता हो गए।

परिजनों की चिंता तब और बढ़ गई जब उसी दिन शाम करीब 5:00 बजे सोनू कुमार के ही मोबाइल फोन से व्हाट्सएप पर एक वॉइस रिकॉर्डिंग और खून से लथपथ सिर की एक तस्वीर आई। उस ऑडियो मैसेज में यह रोते हुए और घबराते हुए बताया गया था कि कुछ लोग पैसे छीनने के लिए उनके साथ मारपीट कर रहे हैं और मुजफ्फरपुर के देवरिया थाना क्षेत्र में उनकी हत्या की जा रही है।

इस सनसनीखेज ऑडियो और फोटो को देखकर परिवार वालों के पैरों तले जमीन खिसक गई। इसके बाद गोपालगंज के थावे थाने में हत्या की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। चूंकि घटना मुजफ्फरपुर के देवरिया थाना क्षेत्र की बताई गई थी, इसलिए जीरो एफआईआर के तहत इस कांड को देवरिया थाना को ट्रांसफर कर दिया गया, जहां देवरिया थाना कांड संख्या 25/23 दर्ज की गई।

एसआईटी का गठन और पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, मुजफ्फरपुर के निर्देशन और ग्रामीण पुलिस अधीक्षक के अनुश्रवण तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सरैया के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया। इस विशेष टीम में देवरिया थाना अध्यक्ष को भी शामिल किया गया।

पुलिस टीम ने इस ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री को सुलझाने के लिए दिन-रात एक कर दिया। लगातार संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की गई और तकनीकी तथा मानवीय साक्ष्यों के आधार पर अनुसंधान को आगे बढ़ाया गया।

अनुसंधान में खुला हैरान करने वाला राज पुलिस की तफ्तीश जैसे-जैसे आगे बढ़ी, कड़ियां जुड़ती चली गईं। अनुसंधान के क्रम में पुलिस को यह जानकारी मिली कि थावे थाना क्षेत्र में ही सोनू कुमार पर पहले से ही प्रेम प्रसंग को लेकर अपहरण का एक और केस दर्ज था। हालांकि उस समय वह नामजद अभियुक्त नहीं बल्कि मुख्य संदिग्ध थे।

जब पुलिस ने इन सभी बिंदुओं को आपस में जोड़ा, तो दूध का दूध और पानी का पानी हो गया। पुलिस को पता चला कि सोनू कुमार की किसी ने हत्या नहीं की थी, बल्कि उसने खुद अपनी ही मौत की एक झूठी और फिल्मी साजिश रची थी। उसने खुद ही अपने खून से सने सिर की फोटो एडिट की, खुद ही ऑडियो रिकॉर्ड किया और अपने ही व्हाट्सएप से भाई को भेजकर सबको यह यकीन दिला दिया कि उसकी हत्या हो चुकी है।

जांच में यह भी सामने आया कि जिस युवती के साथ उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था, उसे वह घटना के दिन यानी 6 नवंबर 2022 को ही लेकर दूसरे राज्य फरार हो गया था। इस संबंध में युवती की मां के आवेदन पर थावे थाना कांड संख्या 324/22 दिनांक 6 दिसंबर 2022 को पहले ही दर्ज कराया गया था।

पुलिस के बढ़ते दबाव के बाद थाने पहुंचा तथाकथित मृतक पुलिस की लगातार दबिश, तकनीकी सर्विलांस और ताबड़तोड़ छापामारी के कारण तथाकथित मृतक सोनू कुमार चारों तरफ से घिर चुका था। पुलिस के बढ़ते शिकंजे और दबाव के आगे आखिरकार उसे झुकना पड़ा। आज दिनांक 17 सितंबर 2026 को वह खुद थाने पर आ धमका और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।

थाने में आकर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया और पुलिस को बताया कि घर वाले इस प्रेम प्रसंग के खिलाफ थे और रिश्ता मानने को तैयार नहीं थे। अपने इसी अवैध संबंध और प्रेम को दुनिया की नजरों से बचाने और हमेशा के लिए अमर करने के लिए उसने अपनी ही मौत का यह स्वांग रचा था।

फिलहाल, पुलिस ने तथाकथित मृतक सोनू कुमार को सकुशल बरामद कर लिया है और इस फर्जी हत्या के सनसनीखेज ड्रामे का खुलासा करने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

अन्‍य खबरों  के लिए नीचे  ’न्‍यूज भारत टीवी ’ के लिंक पर क्लिक करें ,

||  https://newsbharattv.in  ||

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here