झारखंड भाजपा में ‘सुपर संडे’: राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बुना जाल, आईटी सेल से लेकर कप्तानों तक को मिला ‘जीत’ का टास्क!

विशेष संवाददाता, रांची झारखंड की सियासी पिच पर भारतीय जनता पार्टी ने विरोधियों को पटकनी देने के लिए आगे की ऐसी बिसात बिछानी शुरू कर दी है, जिसने विरोधी खेमे में अभी से हड़कंप मचा दिया है। राज्य विधानसभा का पिछला चुनाव नवंबर 2024 में संपन्न हुआ था और नई सरकार का गठन नवंबर 2024 के अंत में हुआ था। संवैधानिक प्रावधानों के अनुसार इस विधानसभा का कार्यकाल नवंबर 2029 में पूरा होगा। हालांकि, भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन को फिलहाल विपक्ष में बैठना पड़ा है और अगले विधानसभा चुनाव में अभी पूरे तीन साल से अधिक का समय शेष है, लेकिन भाजपा ने सत्ता परिवर्तन के लिए रविवार को रांची की धरती पर ‘सुपर संडे’ के तहत अपनी पूरी ताकत झोंक दी।

रांची स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी, प्रदेश प्रवक्ता, सोशल मीडिया एवं आईटी सेल की संयुक्त बैठक के मंच पर उपस्थित भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और अन्य वरिष्ठ नेता।

झारखंड प्रवास पर पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने रविवार को मैराथन बैठकें कर पूरे राज्य के संगठन का पेंच कस दिया। उन्होंने साफ कर दिया है कि भाजपा के लिए विश्राम का कोई समय नहीं है और आज से ही ‘मिशन 2029’ के लिए ‘करो या मरो’ की तर्ज पर काम शुरू करना होगा।

ओरमांझी में ऐतिहासिक स्वागत, उमड़ा जनसैलाब

राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के झारखंड आगमन पर कार्यकर्ताओं का अपार उत्साह देखने को मिला। रांची के ओरमांझी (कुच्चू) में उनके स्वागत में भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। आत्मीय स्वागत, अपार उत्साह और अटूट स्नेह के साथ कार्यकर्ताओं ने अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष का पलक-पावड़े बिछाकर अभिनंदन किया। कार्यकर्ताओं के इस भारी हुजूम ने साफ कर दिया कि झारखंड की जमीनी राजनीति में भाजपा का कैडर पूरी तरह चार्ज हो चुका है।

प्रदेश भाजपा कार्यालय के सभागार में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के दिशा-निर्देशों को सुनते और आगामी ‘मिशन 2029’ का संकल्प लेते झारखंड भाजपा के जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी एवं विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी।

कुच्चू में दिग्गजों का महाजुटान, कोर कमेटी के साथ चक्रव्यूह तैयार

नितिन नवीन के झारखंड प्रवास के दौरान रांची जिला अंतर्गत ओरमांझी प्रखंड के  कुच्चू और बाद में प्रदेश कार्यालय में बैठकों का महादौर चला। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्रीगण, केंद्रीय मंत्रीगण, पूर्व प्रदेश अध्यक्षगण, पूर्व सांसदगण, पूर्व विधायकगण एवं वर्ष 2024 के लोकसभा और विधानसभा चुनावों के प्रत्याशियों के साथ एक बेहद महत्वपूर्ण परिचयात्मक और रणनीतिक बैठक आयोजित की गई।

इसके तुरंत बाद नितिन नवीन ने प्रदेश कोर कमेटी और पूर्व प्रदेश अध्यक्षों के साथ बंद कमरे में उच्च स्तरीय बैठक की। इस महामंथन में संगठन की मजबूती, जनसंपर्क विस्तार तथा विकसित झारखंड एवं विकसित भारत के संकल्प को लेकर रोडमैप तैयार किया गया।

इस ऐतिहासिक महाजुटान में झारखंड और केंद्र के ये तमाम दिग्गज मौजूद रहे:

  • बाबूलाल मरांडी (नेता प्रतिपक्ष)
  • विजय शर्मा (उपमुख्यमंत्री, छत्तीसगढ़)
  • रघुवर दास (पूर्व मुख्यमंत्री)
  • अर्जुन मुंडा (पूर्व मुख्यमंत्री)
  • मधु कोड़ा (पूर्व मुख्यमंत्री)
  • अन्नपूर्णा देवी (केंद्रीय मंत्री)
  • संजय सेठ (रक्षा राज्यमंत्री)
  • कर्मवीर सिंह (प्रदेश महामंत्री, संगठन)
  • रविन्द्र राय (पूर्व प्रदेश अध्यक्ष)
  • राकेश प्रसाद (प्रदेश उपाध्यक्ष)

आईटी सेल, सोशल मीडिया और जिला कप्तानों को डिजिटल वॉरका टास्क

दिग्गजों से संवाद के बाद असली कड़ा रुख तब देखने को मिला जब राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने रांची स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में जिला अध्यक्षों, जिला प्रभारियों, प्रदेश प्रवक्ताओं तथा प्रदेश मीडिया, सोशल मीडिया एवं आई.टी. सेल के पदाधिकारियों के साथ संयुक्त महाबैठक की।

इस बैठक में नितिन नवीन ने सीधे तौर पर जिला कप्तानों और डिजिटल टीम को काम पर लग जाने का फरमान सुनाया। उन्होंने दो टूक कहा कि वर्तमान दौर में आधी लड़ाई डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लड़ी जाती है, इसलिए सोशल मीडिया और आईटी सेल का एक-एक योद्धा चौबीसों घंटे एक्टिव मोड में रहे। उन्होंने प्रभावी जनसंपर्क, जमीनी मुद्दों पर सरकार की घेरेबंदी और आगामी सांगठनिक कार्यक्रमों को लेकर बेहद कड़े और महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान मंच पर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा एवं प्रदेश महामंत्री (संगठन) कर्मवीर सिंह भी मुस्तैद रहे।

झारखंड प्रवास के दौरान रांची में भाजपा नेताओं के साथ अनौपचारिक बैठक में विचार-विमर्श करते राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, साथ में उपस्थित पूर्व मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और प्रदेश के वरिष्ठ पदाधिकारी।

प्रदेश अध्यक्ष आदित्य प्र. साहू के आवास पर रणनीतिक संवाद

अपनी व्यस्त बैठकों के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन प्रदेश अध्यक्ष आदित्य प्र.साहू के आवास पर पहुंचे। वहां उन्होंने आदित्य साहू के परिवारजनों से आत्मीय मुलाकात की। इसके साथ ही उन्होंने आवास पर उपस्थित प्रदेश पदाधिकारियों के साथ आगामी कार्ययोजनाओं को लेकर एक और दौर की गंभीर चर्चा की।

भाजपा के इस ‘सुपर संडे’ के एक्शन पैक शेड्यूल से यह साफ संदेश चला गया है कि झारखंड में विपक्ष में होने के बावजूद भाजपा का संगठन पूरी तरह आक्रामक है और उसकी नजरें अभी से नवंबर 2029 के सिंहासन पर टिक गई हैं।

अन्‍य खबरों  के लिए नीचे  ’न्‍यूज भारत टीवी ’के लिंक पर क्लिक करें,

||  https://newsbharattv.in  ||

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here