पटना, 22 जुलाई 2026 । बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था को एक नया और ऐतिहासिक नया मोड़ देते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरु गोविंद सिंह अस्पताल (जिला अस्पताल), पटना सिटी के नवनिर्मित भवन में विभिन्न अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का लोकार्पण किया। इसके साथ ही उन्होंने जिला औषधि भंडार गृह, पटना का भी शिलापट्ट अनावरण कर विधिवत शुभारंभ किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित भवन के विभिन्न विभागों का गहन निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध कराई जा रही उच्चस्तरीय सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से सीधी बातचीत कर उनका हाल-चाल जाना और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

डॉक्टरों को सख्त हिदायत: ‘मरीजों को रेफर करना बंद करें, यहीं मिले सर्वोत्तम इलाज‘
निरीक्षण के क्रम में मुख्यमंत्री ने ऑर्थोपेडिक ऑपरेशन थिएटर (OT) का भी बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने उपस्थित डॉक्टरों को कड़े एवं स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि ऑर्थोपेडिक इलाज की एक विशिष्ट पहचान बनाई जाए ताकि मरीजों को भटकना न पड़े। मुख्यमंत्री ने डॉक्टरों से कहा, “अस्पताल में इलाज की सभी सुविधाएं बेहतर ढंग से उपलब्ध रखी जाएं ताकि मरीजों को रेफर करने की नौबत न आए। डॉक्टरों सहित इलाज की सभी सुविधाएं समय पर मरीजों को मिलनी ही चाहिए।”

समारोह की मुख्य बातें एवं राज्यस्तरीय सौगातें:
- ICU और आपातकालीन सेवाओं का विस्तार: राज्य के विभिन्न जिला अस्पतालों में 105 नए ICU बेड, 70 इंटरमीडिएट केयर यूनिट (IMCU) बेड तथा 24X7 आपातकालीन सेवाओं का भव्य लोकार्पण किया गया।
- निःशुल्क पैथोलॉजी सेवाओं की शुरुआत: सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत निःशुल्क पैथोलॉजी सेवाओं के प्रथम चरण की शुरुआत की गई। इसके तहत 11 हब लैब (जहां आधुनिक मशीनें और उपकरण स्थापित हैं) तथा 221 स्पोक लैब (नमूना संग्रहण केंद्र) को आपस में जोड़ा गया है, जिससे जांच रिपोर्ट समय पर मिलेगी।
- 25 अनुमंडलीय अस्पतालों में फ्री डायलिसिस: राज्य के 25 अनुमंडलीय अस्पतालों में निःशुल्क डायलिसिस सेवा की शुरुआत की गई। PHH और आयुष्मान कार्डधारियों को यह सुविधा पूर्णतः मुफ्त मिलेगी, जबकि अन्य पात्र लाभार्थियों को बेहद रियायती दरों पर डायलिसिस की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे किडनी रोग से पीड़ित मरीजों को दूसरे जिलों में भागने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
- ‘खंडा साहिब‘ का लोकार्पण: मुख्यमंत्री ने गुरु गोविंद सिंह अस्पताल परिसर में प्रबंध कमेटी तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब की ओर से स्थापित ‘खंडा साहिब’ का लोकार्पण कर शीश नवाया और नमन किया।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि बिहार सरकार का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। बुनियादी ढांचे के विकास के साथ-साथ विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं को जिला एवं अनुमंडल स्तर तक पहुंचाया जा रहा है। सरकार अत्याधुनिक तकनीक, बेहतर चिकित्सा उपकरण, प्रशिक्षित मानव संसाधन और मजबूत स्वास्थ्य अवसंरचना के बल पर बिहार को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य व्यक्ति:
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री निशांत, विधायक रत्नेश कुमार, पटना की महापौर सीता साहू, अन्य जनप्रतिनिधिगण, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, स्वास्थ्य विभाग के विशेष सचिव डॉक्टर त्याग राजन एसएम, राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक अमित कुमार पांडेय, बिहार चिकित्सा सेवाएं एवं आधारभूत संरचना निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक सुब्रत कुमार सेन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी, चिकित्सक और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’के लिंक पर क्लिक करें,
|| https://newsbharattv.in ||

