पटना, 22 जुलाई 2026 । राजधानी पटना के निवासियों और श्रद्धालुओं के लिए एक बहुत बड़ी खुशखबरी सामने आई है। गंगा नदी के तट पर स्थित तीन प्रमुख घाटों—भद्र घाट, महावीर घाट और नौजर घाट का रूप-रंग पूरी तरह बदल गया है। 46.26 करोड़ रुपये की भारी-भरकम लागत से इन तीनों घाटों का आधुनिक सुविधाओं के साथ कायाकल्प कर दिया गया है।
बुधवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शिलापट्ट का अनावरण कर इन रिवर फ्रंट और सौंदर्यीकरण परियोजनाओं का भव्य लोकार्पण किया। लोकार्पण समारोह के बाद मुख्यमंत्री ने तीनों गंगा घाटों का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने साइट प्लान के माध्यम से पूरे विकास मॉडल और वहां दी जाने वाली सुविधाओं की जानकारी दी।

निरीक्षण के क्रम में मुख्यमंत्री ने भक्तिभाव से गंगाजल स्पर्श कर मां गंगा को नमन किया और पूरे प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली के लिए प्रार्थना की। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र प्रदान कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया, वहीं स्थानीय नागरिकों ने उन पर उत्साहपूर्वक पुष्पवर्षा की।
कच्चे घाटों से मुक्ति, अब छट पर्व में मिलेगी हाई-टेक सुविधाएं
पहले ये घाट पूरी तरह कच्चे और असुरक्षित स्थिति में थे, जिससे लोगों को स्नान और पूजा-पाठ में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। अब बिहार शहरी आधारभूत संरचना विकास निगम (बुडको) ने इन्हें पक्का बनाकर चकाचौंध से भर दिया है।

नए घाटों की प्रमुख विशेषताएं:
- सुरक्षा और बैरिकेडिंग: श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए मजबूत बैरिकेडिंग की गई है।
- हाई मास्ट लाइट: पूरे घाट परिसर में पर्याप्त रोशनी के लिए आधुनिक हाई मास्ट लाइटें लगाई गई हैं।
- वॉक-वे और सिटिंग एरिया: टहलने के लिए शानदार वॉक-वे और बैठने के लिए आधुनिक बेंचों का निर्माण हुआ है।
- स्वच्छता की व्यवस्था: साफ-सफाई के लिए विशेष डस्टबिन और ड्रेनेज सिस्टम विकसित किया गया है।
इन सुविधाओं से न केवल रोज़मर्रा के श्रद्धालुओं को सहूलियत होगी, बल्कि लोक आस्था के महापर्व छठ के दौरान लाखों श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुगम माहौल मिलेगा।

कार्यक्रम में ये प्रमुख हस्तियां रहीं मौजूद
इस भव्य लोकार्पण के मौके पर विधायक रत्नेश कुशवाहा, पटना नगर निगम की महापौर सीता साहू, उपमहापौर रेशमी कुमारी मौजूद रहीं। प्रशासनिक पक्ष से मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, नगर विकास विभाग के सचिव अनिमेष कुमार पराशर, पटना नगर निगम के आयुक्त यशपाल मीणा तथा बुडको के मुख्य प्रबंध निदेशक सुरेंद्र कुमार मेहता सहित कई वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।
अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’के लिंक पर क्लिक करें,
|| https://newsbharattv.in ||

