समस्तीपुर में गूंजे छठ के गीत: संत पॉल एकेडमी के नौनिहालों ने लोक आस्था के महापर्व पर बिखेरा सांस्कृतिक रंग, गूंजा ‘उगअ् हो सुरूज मल’!

पारंपरिक परिधानों में सजे नन्हें कलाकारों की प्रस्तुति देख भावविभोर हुए शिक्षक और अभिभावक।

समस्तीपुर, 03 नवम्बर 2026 : समस्तीपुर शहर के विवेक-विहार मुहल्ला स्थित संत पॉल एकेडमी में मंगलवार को लोक आस्था का महापर्व छठ बेहद हर्षोल्लास और पारंपरिक तरीके से मनाया गया। इस दौरान पूरा विद्यालय परिसर छठ की पारंपरिक छटा और लोक आस्था के रंगों में पूरी तरह सराबोर नजर आया, जहां बच्चों की मनमोहक प्रस्तुति ने हर किसी का मन मोह लिया।

समस्तीपुर के संत पॉल एकेडमी में पारंपरिक तरीके से छठ पर्व मनाते हुए छात्र-छात्राएं एवं उपस्थित शिक्षकगण।

लोक संस्कृति और परंपराओं की अद्भुत झलक

विद्यालय परिसर में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने पारंपरिक छठ पूजा की जीवंत प्रस्तुति दी। नन्हें-मुन्ने बच्चों ने अपनी कला के माध्यम से पर्व की महत्ता को बेहतरीन तरीके से प्रदर्शित किया। इस दौरान बच्चों ने “उगअ् हो सुरूज”, “मारबउ रे सुगबा धनुष से” और “रूनकी- झूनकी बेटी मांगीला पढ़ल पंडितवा दामाद” जैसे पारंपरिक और सुमधुर छठ गीत गाकर पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया। बच्चों की इस ऊर्जावान और आकर्षक प्रस्तुति को देखकर वहां मौजूद शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक और मुहल्लावासी पूरी तरह भावविभोर हो उठे। विद्यालय के बाहर से गुजरने वाले राहगीर भी बच्चों की इस सुंदर प्रस्तुति को देखने के लिए कुछ देर के लिए रुक गए।

समस्तीपुर के संत पॉल एकेडमी में पारंपरिक तरीके से छठ पर्व मनाते हुए छात्र-छात्राएं एवं उपस्थित शिक्षकगण।

सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का संदेश

इस अवसर पर शिक्षिका बंदना सिंह ने कहा कि बच्चों को बिहार की लोक आस्था, संस्कृति और पारंपरिक धरोहरों से परिचित कराने तथा छठ पर्व के धार्मिक एवं सामाजिक महत्व को गहराई से समझाने के उद्देश्य से यह डेमो छठ प्रस्तुत किया गया है। वहीं प्राचार्य संजय कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि छठ पर्व मुख्य रूप से सूर्योपासना और लोक आस्था का महान पर्व है। इसमें भगवान सूर्य एवं छठी मईया की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार, समाज और समस्त मानवता के लिए सुख, शांति एवं समृद्धि की मंगल कामना की जाती है।

कार्यक्रम में इनकी रही खास उपस्थिति

इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस मौके पर बंदना कुमारी, अर्चना शरण, संजय कुमार, अविनाश कुमार, शिशिर कुमार, गुलशन कुमार, प्रवीण कुमार, संतोष कुमार, कंचन, निधि, साक्षी, नेहा, रीता, शोभा, रिंकी और दीपु सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, छात्र एवं अभिभावक उपस्थित रहे।

समस्तीपुर के संत पॉल एकेडमी में पारंपरिक तरीके से छठ पर्व मनाते हुए छात्र-छात्राएं ।

अन्‍य खबरों  के लिए नीचे  ’न्‍यूज भारत टीवी ’ के लिंक पर क्लिक करें,

||  https://newsbharattv.in  ||

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here