एसएसपी ने आरोपी पुलिसकर्मी को किया तुरंत निलंबित, गिरफ्तारी के लिए दो विशेष टीमों का गठन!
मधुबनी: जिले के बाबूबरही थाना क्षेत्र अंतर्गत बलिराजगढ़ गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ पुलिसकर्मी की सरकारी सर्विस पिस्टल से चली गोली लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान अशोक यादव (उम्र लगभग 50 वर्ष) की मौत हो गई।

घटना का पूरा विवरण
बिहार पुलिस के वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय, मधुबनी द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, दिनांक 02/03.11.2026 की रात्रि समय लगभग 01:00 बजे बाबूबरही थाना अंतर्गत बलिराजगढ़ गांव स्थित पुलिस पिकैट में प्रतिनियुक्त एक सहायक अवर निरीक्षक (ASI) गांव की एक महिला के साथ उसके घर में मौजूद था। इसी दौरान कुछ ग्रामीणों द्वारा उसे घर के अंदर पकड़कर एक कमरे में बंद कर दिया गया तथा कुछ लोगों द्वारा उसे घेर लिया गया।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, उक्त ASI द्वारा वहां से निकलने एवं भागने के प्रयास के दौरान अपने सरकारी सर्विस पिस्टल से कुल 04 राउंड फायरिंग की गई। इसमें 04 व्यक्ति गोली लगने से घायल हो गए। सूचना प्राप्त होते ही थानाध्यक्ष, बाबूबरही द्वारा गश्ती वाहन से सभी घायल व्यक्ति को उपचार हेतु त्वरित कार्रवाई कर सदर अस्पताल, मधुबनी पहुँचाया गया, जहां इलाज के दौरान अशोक यादव की मृत्यु हो गई। शेष तीन घायल व्यक्ति का इलाज जारी है।

प्रशासनिक कार्रवाई और पुलिस का एक्शन
- घटना की सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक, मधुबनी तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर-01/सदर-02 द्वारा त्वरित कार्रवाई कर घटनास्थल पर पहुंच कर मृतक एवं घायल व्यक्तियों के परिजना से मुलाकात कर घटना का जायजा लिया गया तथा सदर अस्पताल पहुंच कर सभी घायल व्यक्तियों से मिलकर घटना के संबंध में जानकारी इकट्ठा किया गया एवं उनके बेहतर इलाज हेतु डॉक्टर को निर्देशित किया गया।
- वरीय पुलिस अधीक्षक, मधुबनी द्वारा उक्त घटना को गंभीरता से लेते हुए घटना में संलिप्त पुलिस पदाधिकारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर-02 के नेतृत्व में संबंधित पुलिस पदाधिकारी की गिरफ्तारी हेतु 02 विशेष टीमों का गठन कर सघन छापेमारी की जा रही है तथा उनके विरुद्ध हत्या से संबंधित प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
- वर्तमान में क्षेत्र में स्थिति सामान्य है और विधि-व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है। मधुबनी पुलिस इस गंभीर घटना को अत्यंत संवेदनशीलता से लेते हुए दोषी के विरुद्ध विधिसम्मत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु प्रतिबद्ध है।

अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’ के लिंक पर क्लिक करें,
|| https://newsbharattv.in ||


