बेगूसराय में खाकी पर बड़ा दाग: 29 हजार घूस लेते साहेबपुर कमाल थाने का दरोगा रंगे हाथ गिरफ्तार!

बिहार के बेगूसराय जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने एक बड़ी और सनसनीखेज कार्रवाई की है। साहेबपुर कमाल थाने में तैनात सहायक अवर निरीक्षक चन्दन कुमार झा को निगरानी टीम ने उनतीस हजार (29,000) रुपये की घूस लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, बिहार, पटना द्वारा लगातार तेज गति से चलाए जा रहेभ्रष्टाचार विरोधी अभियानों का हिस्सा है।

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की गिरफ्त में रिश्वतखोर सहायक अवर निरीक्षक चन्दन कुमार झा।

क्या है पूरा मामला

परिवादी अमित कुमार (पिता – विशेषवर यादव, साकिन व पोस्ट व थाना – साहेबपुर कमाल, जिला – बेगूसराय) ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना के कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि आरोपी पुलिस अधिकारी द्वारा साहेबपुर कमाल थाना कांड संख्या 0-279/26 (दिनांक 16 अक्टूबर 2026, धारा 30(a) बिहार मद्यनिषेध उत्पाद अधिनियम) के तहत एक शराब लदी हुंडई (आई-20) गाड़ी पकड़ी गई थी।

गाड़ी के मालिक अमित कुमार द्वारा यह वाहन पहले ही एक हजार के स्टांप पेपर पर बेचा जा चुका था। इसके बावजूद, उक्त मुकदमे से नाम हटाने की एवज में सहायक अवर निरीक्षक चन्दन कुमार झा द्वारा लगातार रिश्वत की मांग की जा रही थी।

निगरानी ब्यूरो की रेड और गिरफ्तारी

शिकायत मिलने के बाद निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने इसका सत्यापन कराया, जिसमें आरोपी द्वारा रिश्वत मांगे जाने का प्रमाण सही पाया गया। प्रथम दृष्टया आरोप पुख्ता होने के बाद निगरानी थाना कांड संख्या 0-127/26 (दिनांक 30 अक्टूबर 2026) दर्ज किया गया।

अनुसंधानकर्ता विनोद कुमार (पुलिस निरीक्षक, निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना) के अनुरोध पर गौतम शरण ओमी (वरिष्ठ पुलिस उपाधीक्षक, निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना) के नेतृत्व में एक विशेष धावादल का गठन किया गया।

गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दिनांक 02 नवंबर 2026 को अभियुक्त चन्दन कुमार झा को प्रखंड कार्यालय साहेबपुर कमाल गेट के सामने सड़क किनारे से 29,000 रुपये रिश्वत लेते हुए दबोच लिया। इस कार्रवाई के साथ ही निगरानी ब्यूरो द्वारा भ्रष्टाचार के विरुद्ध अब तक 116वां ट्रैप कांड दर्ज करते हुए कुल 116 अभियुक्तों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया जा चुका है।

आगे की कानूनी कार्रवाई

रिश्वत लेते गिरफ्तार किए गए आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के उपरांत उसे माननीय विशेष न्यायालय, निगरानी, भागलपुर में उपस्थापित किया जाएगा। इस मामले में ब्यूरो द्वारा अग्रतर अनुसंधान की कार्रवाई तेजी से जारी है।

अन्‍य खबरों  के लिए नीचे  ’न्‍यूज भारत टीवी ’ के लिंक पर क्लिक करें,

||  https://newsbharattv.in  ||

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here