विशेष समाचार रिपोर्ट (मुजफ्फरपुर):
बिहार को औद्योगिक नक्शे पर स्थापित करने और राज्य से पलायन रोकने की दिशा में बृहस्पतिवार को एक ऐतिहासिक कदम उठाया गया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुजफ्फरपुर जिले के मोतीपुर प्रखंड स्थित महवल औद्योगिक क्षेत्र में 140.95 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित ‘मेगा लेदर, फुटवियर एवं एक्सेसरीज क्लस्टर’ तथा ‘कॉमन फैसिलिटी सेंटर’ (साझा सुविधा केंद्र) का भव्य उद्घाटन किया।

उद्घाटन समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न स्टॉलों एवं क्लस्टर में उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने औद्योगिक इकाइयों को शेड एवं भूमि आवंटन पत्र प्रदान किए। साथ ही राज्य में तकनीकी दक्षता और रोजगार के नए अवसर पैदा करने के लिए उद्योग विभाग और फुटवियर डिजाइन एंड डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट (एफ डी डी आई ) के बीच महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एम ओ यू ) पर हस्ताक्षर किए गए।
2030 तक बिहार में ही रोजगार देने का संकल्प
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि वर्ष 2030 तक बिहार से बाहर मजदूरी के लिए जाने वाले लोगों को राज्य के भीतर ही रोजगार उपलब्ध कराना सरकार का मुख्य लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि लगभग 12 लाख लोग आज भी बाहर काम करने जाते हैं, जिन्हें यहीं अवसर दिए जाएंगे।

रैपिड रेल, डेटा सेंटर और हवाई संपर्कता का बड़ा प्लान
मुख्यमंत्री ने राज्य में इंफ्रास्ट्रक्चर के कायाकल्प की बड़ी घोषणाएं कीं:
- रैपिड रेल सेवा: मुजफ्फरपुर से पटना (30-40 मिनट) और पटना से गयाजी (1 से 1.5 घंटा) के बीच तेज आवागमन के लिए रैपिड रेल चलाने की योजना पर काम चल रहा है।
- 11000 MW डेटा सेंटर: 2030 से पहले 1,000 मेगावाट क्षमता का डेटा सेंटर विकसित किया जाएगा, जिससे राज्य में ₹10 लाख करोड़ के निवेश की संभावना बनेगी।
- हवाई अड्डा व ड्राई पोर्ट: मुजफ्फरपुर के पताही में अंतरराष्ट्रीय स्तर का हवाई अड्डा बनाने और स्थानीय उत्पादों के सीधे निर्यात के लिए ड्राई पोर्ट जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
- वास्तुकला विश्वविद्यालय: मुजफ्फरपुर में शहीद जुब्बा सहनी के नाम पर आर्किटेक्चर (वास्तुकला) विश्वविद्यालय खोला जाएगा।

उद्यमियों के लिए सीधी नीति
मुख्यमंत्री ने उद्योगपतियों से बिहार में निवेश की अपील करते हुए घोषणा की कि यदि कोई नया प्रस्ताव आता है तो सरकार 30 दिनों के भीतर उसके अनुरूप नई नीति बनाएगी। स्वेच्छा से जमीन देने वाले भूस्वामियों को तय दर से 10 प्रतिशत अधिक भुगतान की नीति भी लागू की गई है।

कार्यक्रम में प्रमुख हस्तियों की उपस्थिति
समारोह में उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह, पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री रमा निषाद, पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, सांसद वीणा देवी, विधायक शंकर प्रसाद, आदित्य कुमार, अजय कुमार, रंजन कुमार, कोमल सिंह, अजीत कुमार, राजू कुमार सिंह, अरुण कुमार सिंह, बेबी कुमारी, विधान पार्षद दिनेश प्रसाद सिंह, महापौर विमला साहू, पूर्व मंत्री सुरेश शर्मा, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, पुलिस महानिदेशक प्रीता वर्मा, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार, बियाडा के प्रबंध निदेशक नवीन कुमार, निदेशक मुकुल कुमार गुप्ता, जिलाधिकारी कुमार गौरव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश मिश्रा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी एवं उद्यमी मौजूद थे।

अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’ के लिंक पर क्लिक करें,
|| https://newsbharattv.in ||

