गोदाम में गार्ड की निर्मम हत्या कर 338 बोरी खाद लूटने वाले 2 कुख्यात गिरफ्तार, ट्रक और माल बरामद!

मुजफ्फरपुर: जिले के बेला थाना क्षेत्र में डकैती के दौरान सुरक्षा गार्ड की सनसनीखेज हत्या के मामले का पुलिस ने आखिरकार सफल उद्भेदन कर दिया है। इस जघन्य हत्याकांड और लूटपाट की घटना को अंजाम देने वाले दो कुख्यात अभियुक्तों को पुलिस ने धर दबोचा है। गिरफ्तार अपराधियों का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है।

इस बहुचर्चित कांड का खुलासा करते हुए मुजफ्फरपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक कान्तेश कुमार मिश्र ने प्रेस वार्ता के दौरान पूरे मामले का पर्दाफाश किया।

बेला थाना क्षेत्र में डकैती और गार्ड हत्याकांड मामले में गिरफ्तार दोनों कुख्यात अभियुक्तों के साथ मुजफ्फरपुर पुलिस।

क्या है पूरा मामला?

घटना दिनांक 10.09.2026 की है। बेला थाना क्षेत्र के फेज-01 स्थित एक निजी कंपनी के खाद्य एवं सीमेंट गोदाम में तैनात सुरक्षा गार्ड की अज्ञात अपराधियों द्वारा बेरहमी से हत्या कर दिए जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। शव को कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण हेतु अस्पताल भेजा गया और घटनास्थल से एफएसओएल की टीम द्वारा साक्ष्य संकलन किया गया।

मृतक की पत्नी के लिखित आवेदन के आधार पर बेला थाना कांड संख्या-63/26 दर्ज की गई थी। कांड की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक नगर के अनुश्रवण एवं अपर पुलिस अधीक्षक नगर-01 के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम में प्रभारी जिला आसूचना इकाई और बेला थानाध्यक्ष को भी शामिल किया गया था।

सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से खुला राज

गठित टीम ने घटनास्थल के आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी फुटेज का निरंतर अवलोकन किया और मानवीय एवं तकनीकी आसूचना संकलन के आधार पर लगातार छापेमारी शुरू की। अनुसंधान के क्रम में यह बात सामने आई कि डकैती के दौरान जब सुरक्षा गार्ड ने विरोध किया, तो अपराधियों ने उसके साथ मारपीट कर उसकी हत्या कर दी और गोदाम से भारी मात्रा में खाद की डकैती कर ली।

ताबड़तोड़ छापेमारी में धराए अपराधी

इसी कड़ी में दिनांक 18.09.2026 को मिली गुप्त सूचना के आधार पर डकैती और हत्याकांड की घटना में संलिप्त अभियुक्त सह ट्रक चालक अर्जुन कुमार, थाना-फकुली, जिला-मुजफ्फरपुर को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त ट्रक को फकुली थाना क्षेत्र से बरामद किया गया और ट्रक से खाद के गिरे हुए अवशेष को साक्ष्य के रूप में संकलित किया गया।

अर्जुन कुमार से पूछताछ और उसकी निशानदेही पर घटना में संलिप्त सहयोगी अभियुक्त एवं मुख्य षड्यंत्रकर्ता के करीबी दीपक कुमार, थाना-कुढ़नी, जिला-मुजफ्फरपुर को अहियापुर थाना क्षेत्र के बैरिया बस स्टैंड के पास से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस द्वारा बरामद डकैती में प्रयुक्त ट्रक और पूर्वी चंपारण से जब्त की गई 338 बोरी खाद।

भारी मात्रा में खाद और ट्रक जब्त

गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों की निशानदेही पर लूटी गई 338 बोरी खाद को पूर्वी चंपारण जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत लहलादपुर स्थित एक ईंट-भट्ठे के कार्यालय से दंडाधिकारी की उपस्थिति में विधिवत जब्त किया गया।

गिरफ्तारी:-

  1. अर्जुन कुमार, थाना-फकुली, जिला-मुजफ्फरपुर।
  2. दीपक कुमार, थाना-कुढ़नी, जिला-मुजफ्फरपुर।

बरामदगी:-

  1. खाद की बोरी – 338
  2. डकैती की घटना में प्रयुक्त ट्रक – 01
  3. डीबीआर – 01

अपराधियों का काला इतिहास

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्त दीपक कुमार का आपराधिक इतिहास भी रहा है:

  1. सदर थाना कांड संख्या-891/23, डकैती कांड।
  2. सदर थाना कांड संख्या-954/23, डकैती की योजना एवं शस्त्र अधिनियम।

घटना में शामिल अन्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी लगातार जारी है और इस मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

अन्‍य खबरों  के लिए नीचे  ’न्‍यूज भारत टीवी ’ के लिंक पर क्लिक करें ,

||  https://newsbharattv.in  ||

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here