मुजफ्फरपुर में अन्तराजिला मादक पदार्थ तस्कर गिरोह का पर्दाफाश, भारी मात्रा में हेरोइन और नकदी के साथ 5 तस्कर गिरफ्तार

मुजफ्फरपुर: जिले में अपराधियों और नशा कारोबारियों के खिलाफ पुलिस ने एक प्रभावी और बड़ी कार्रवाई की है। वरीय पुलिस अधीक्षक, मुजफ्फरपुर के सख्त निर्देशानुसार पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक सक्रिय अन्तराजिला मादक पदार्थ तस्कर गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध हेरोइन और नकद राशि के साथ कुल 5 शातिर तस्करों को धर दबोचा है, जिसमें एक महिला तस्कर भी शामिल है।

तुर्की थाना परिसर में प्रेसवार्ता के दौरान मामले की जानकारी देते अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पश्चिमी 2 अनिमेश चंद्र ज्ञानी, साथ में मौजूद पुलिस बल और गिरफ्त में आए आरोपी।

गुप्त सूचना पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई

मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 13.09.2026 को सुबह करीब 03:05 बजे बिहार एस.टी.एफ. (नारकोटिक्स सेल) को एक गुप्त सूचना मिली थी कि किशनगंज से पटना जाने वाली एक बस में सवार होकर कुछ तस्कर अवैध मादक पदार्थ हेरोइन की एक बड़ी खेप लेकर यात्रा कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में सक्रियता बढ़ गई और तुरंत कार्ययोजना तैयार की गई।

विकास लाईन होटल के पास हुई घेराबंदी

प्राप्त सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए तुर्की थाना की एक विशेष टीम ने तत्काल हरकत में आते हुए थाना अंतर्गत विकास लाईन होटल के पास सघन वाहन चेकिंग अभियान शुरू किया। जैसे ही संदिग्ध बस वहाँ पहुँची, पुलिस ने उसे घेर लिया और बस में सवार यात्रियों की तलाशी ली।

पाँचों आरोपियों की हुई पहचान

तलाशी के दौरान बस में सवार अपराधियों की पहचान की गई। पुलिस ने मौके से निम्नलिखित 5 तस्करों को गिरफ्तार किया:

  1. कुंदन राय, थाना-राघोपुर, जिला-वैशाली
  2. रोहित कुमार, थाना-राघोपुर, जिला-वैशाली
  3. प्रकाश कुमार, थाना-रुस्तमपुर ओ.पी., जिला-वैशाली
  4. सतीश कुमार, थाना-रुस्तमपुर ओ.पी., जिला-वैशाली
  5. काजल देवी, थाना-फतुहा, जिला-पटना

इन सभी आरोपियों के पास से अवैध मादक पदार्थ हेरोइन, भारी नकद राशि, आधार कार्ड, मोबाइल फोन और ट्रेन/बस के टिकट बरामद किए गए हैं।

बरामदगी का विवरण

पुलिस ने तस्करों के पास से निम्नलिखित सामग्रियां जब्त की हैं:

  • हेरोइन: 136.35 ग्राम
  • नकद राशि: 2,54,770/- रुपये
  • मोबाइल: 6 पीस
  • आधार कार्ड: 2 पीस
  • ट्रेन/बस का टिकट: 4 पीस

तुर्की थाना में मामला दर्ज, आपराधिक इतिहास खंगाल रही पुलिस

इस मामले को लेकर तुर्की थाना में कांड संख्या-294/26 दर्ज कर लिया गया है। इस गिरोह के तार कहाँ-कहाँ जुड़े हैं और इनके पीछे कौन सा सरगना है, इसे लेकर पुलिस और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पश्चिमी 2 के मार्गदर्शन में आगे की गंभीर कार्रवाई और सघन पूछताछ जारी है। गिरफ्तार तस्करों के आपराधिक इतिहास का भी पता लगाया जा रहा है।

अन्‍य खबरों  के लिए नीचे  ’न्‍यूज भारत टीवी ’ के लिंक पर क्लिक करें ,

||  https://newsbharattv.in  ||

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here