दनादन फायरिंग और 50 लाख की रंगदारी! मुजफ्फरपुर में सनसनीखेज वारदात से सहमा शिक्षा जगत,

कांटी के चंद्रशील विद्यापीठ के गेट पर ताबड़तोड़ गोलियों की बौछार, हेलमेट पहने अपराधियों ने चिपकाया धमकी भरा पर्चा

मुजफ्फरपुर: जिले के कांटी थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले पूरी तरह बुलंद हो चुके हैं। एनएच के समीप स्थित रेसिडेंशियल विद्यालय ‘चंद्रशील विद्यापीठ’ के मुख्य गेट पर रविवार को अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर इलाके में सनसनी फैला दी। दिनदहाड़े हुई इस दुस्साहसिक घटना से पूरे शिक्षा जगत और अभिभावकों में भारी दहशत का माहौल है। बाइक सवार अपराधियों ने विद्यालय के गेट पर लगभग 17 से 18 राउंड गोलियां चलाईं और 50 लाख रुपए की रंगदारी की मांग से संबंधित एक पर्चा चिपकाकर फरार हो गए।

मुजफ्फरपुर के कांटी थाना क्षेत्र स्थित चंद्रशील विद्यापीठ के गेट पर हुई गोलीबारी और रंगदारी मामले की जांच के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण करतीं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पश्चिमी 01 सुचित्रा कुमारी एवं अन्य पुलिस बल।

सीसीटीवी में कैद हुई क्रूरता, हेलमेट पहने थे दोनों बदमाश : घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पश्चिमी 01 सुचित्रा कुमारी दलबल के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर बारीकी से साक्ष्यों का संकलन किया। घटनास्थल से पुलिस ने 4 से 5 खाली खोखे और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। विद्यालय में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगालने पर चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि दो अपराधी हेलमेट पहने हुए आए थे, जिन्होंने पहले विद्यालय के गेट पर पर्चा साटा और इसके बाद ताबड़तोड़ गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया।

गार्ड के वॉशरूम में होने का उठाया फायदा घटना के वक्त विद्यालय के गार्ड के संबंध में जब पड़ताल की गई तो पता चला कि सुरक्षाकर्मी उस दौरान वॉशरूम गए हुए थे, जिसका फायदा उठाकर अपराधियों ने इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। गार्ड द्वारा घटना की सूचना तुरंत विद्यालय प्रबंधन को दी गई। स्कूल के प्रिंसिपल और प्रबंधकों से पुलिस ने विस्तृत बातचीत की है। स्कूल प्रबंधन ने इस घटना की पुष्टि की है।

जमीन विवाद का एंगल भी आया सामने, एफएसएल टीम जांच में जुटी प्राथमिक जांच के दौरान पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि विद्यालय प्रबंधन से जुड़ा एक जमीन का छोटा सा विवाद और उससे संबंधित एक पुराना केस भी चल रहा है। पुलिस इस एंगल को भी ध्यान में रखकर गहराई से जांच-पड़ताल कर रही है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पश्चिमी 01 सुचित्रा कुमारी ने बताया कि तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (FSL) टीम को भी सूचित कर दिया गया है, जो मौके से साक्ष्य जुटा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही अपराधियों को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।

अन्‍य खबरों  के लिए नीचे  ’न्‍यूज भारत टीवी ’ के लिंक पर क्लिक करें ,

||  https://newsbharattv.in  ||

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here