पंडित राजकुमार शुक्ल की जयंती अब होगी राजकीय समारोह, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का बड़ा ऐलान, स्मारिका का लोकार्पण और गायिका कल्पना पटवारी सम्मानित

पटना, 23 अगस्त 2026: चंपारण सत्याग्रह के प्रमुख व्यक्तित्व पंडित राजकुमार शुक्ल की 151वीं जयंती के अवसर पर रविवार को पटना के बिहार विधान परिषद एनेक्सी सभागार में एक विशेष समारोह का आयोजन किया गया। पंडित राजकुमार शुक्ल स्मृति संस्थान द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दीप जलाकर की।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने घोषणा की कि पंडित राजकुमार शुक्ल की जयंती पर अब हर साल राज्य सरकार द्वारा राजकीय समारोह का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंडित राजकुमार शुक्ल के योगदान और चंपारण सत्याग्रह के महत्व से नई पीढ़ी को लगातार अवगत कराया जाएगा।

दाएं: पंडित राजकुमार शुक्ल की 151वीं जयंती के अवसर पर स्मारिका ‘शुक्ल शौर्य’ का लोकार्पण करते मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी।बाएं स्वतंत्रता सेनानी अमर शहीद रामफल मंडल के चित्रपट पर पुष्पांजलि एवं मध्य रामचंद्र विद्यार्थी के चित्रपट पर माल्यार्पण का दृश्य।

स्मारिका शुक्ल शौर्यका लोकार्पण, कल्पना पटवारी को मिला सम्मान : कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने स्मारिका ‘शुक्ल शौर्य’ का लोकार्पण किया। इसके साथ ही कला और संगीत के क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए प्रसिद्ध गायिका कल्पना पटवारी को ‘पंडित राजकुमार शुक्ल कला शिखर सम्मान’ से सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि पंडित राजकुमार शुक्ल के निरंतर प्रयासों से ही मोहनदास करमचंद गांधी बिहार के चंपारण आए थे। उनके नेतृत्व में किसानों ने अंग्रेजों के अत्याचार के खिलाफ सत्याग्रह किया, जिसने देश के आजादी आंदोलन को एक नई दिशा दी।

किसानों को सुबह 6 से शाम 6 बजे तक मिलेगी बिजली:  राज्य में इस वर्ष सामान्य से लगभग 30 प्रतिशत कम बारिश होने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हित में पूरी तरह तत्पर है। कृषि कार्य को आसान बनाने के लिए सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक लगातार बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया है।

सुशासन और रोजगार पर दी जानकारी:  मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘सहयोग कार्यक्रम’ के माध्यम से अब तक 6 लाख 42 हजार आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 96 प्रतिशत मामलों का समाधान किया जा चुका है। उन्होंने यह भी बताया कि पिछले 3 दिनों में आयोजित रोजगार मेलों के माध्यम से 16 हजार लोगों को रोजगार दिया गया है।

बिहार की आर्थिक स्थिति का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि जब बिहार और झारखंड एक साथ थे, तब कुल बजट लगभग 6 हजार करोड़ रुपये था। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी के वित्तीय प्रबंधन से राज्य की अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है। वर्ष 2024 में बिहार का बजट बढ़कर 3 लाख 47 हजार करोड़ रुपये पहुँच गया।

समारोह में ये लोग रहे मौजूद समारोह में पंडित राजकुमार शुक्ल स्मृति संस्थान की ओर से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का स्वागत किया गया। इस अवसर पर बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, पंडित राजकुमार शुक्ल के परिजन और संस्थान से जुड़े कई लोग उपस्थित थे।

अन्‍य खबरों  के लिए नीचे  ’न्‍यूज भारत टीवी ’ के लिंक पर क्लिक करें ,

||  https://newsbharattv.in  ||

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here