बिहार में नौकरियों की बारिश! एक ही दिन में 20,226 युवाओं को मिला नियुक्ति पत्र, हर जिले में लगेंगे जॉब फेयर!

पटना, 23 अगस्त 2026 बिहार के युवाओं के लिए अब तक की सबसे बड़ी खुशखबरी सामने आई है। राजधानी पटना स्थित सम्राट अशोक कन्वेंशन केंद्र परिसर के ज्ञान भवन में आयोजित ‘मेगा जॉब फेयर-2026’ में रोजगार का एक नया कीर्तिमान स्थापित हुआ है। इस महामेले में एक ही दिन में 20,226 युवक-युवतियों को विभिन्न कंपनियों में नौकरियां दी गईं।

कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने समारोह में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न कंपनियों द्वारा लगाए गए स्टॉल्स का जायजा लिया और नौकरी पाने आए युवाओं व अभ्यर्थियों से सीधे बातचीत कर उनके करियर से जुड़ी जानकारियां लीं।

पटना के ज्ञान भवन में आयोजित मेगा जॉब फेयर-2026 के दौरान स्टॉल का अवलोकन करते और ए आई इनेबल्ड कियोस्क के माध्यम से युवाओं को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी लेते मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी व अन्य गणमान्य अतिथि।

अब हर जिले में लगेगा जॉब फेयर, 5 साल में 1 करोड़ रोजगार का लक्ष्य!

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि अब तक राज्य और प्रमंडल स्तर पर ही नियोजन मेले लगते थे, लेकिन सरकार ने फैसला किया है कि अगले वर्ष से बिहार के हर एक जिले में नियमित रूप से नियोजन मेले आयोजित किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि अगले 5 वर्षों में 1 करोड़ लोगों को नौकरी और रोजगार से जोड़ने का विशाल लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2020 में एन डी ए सरकार ने 10 लाख नौकरी और 10 लाख रोजगार का लक्ष्य तय किया था, जिसके जवाब में अब तक 11.5 लाख लोगों को सरकारी नौकरी और 51 लाख लोगों को रोजगार से जोड़ा जा चुका है।

विदेशी धरती और मल्टीनेशनल कंपनियों में भी बजा बिहार का डंका

मेगा जॉब फेयर में 115 से अधिक नियोक्ताओं ने हिस्सा लिया:

  • 20,226 कुल युवाओं को मिली नौकरी
  • 3,940 युवाओं को बिहार में ही मिला रोजगार
  • 476 युवाओं का चयन विदेशों में नौकरी के लिए हुआ
  • 36 दिव्यांगजनों को भी मिला रोजगार

मुख्यमंत्री ने चीन के शंघाई में आयोजित होने वाली ‘विश्व कौशल प्रतियोगिता-2026’ में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले बिहार के ‘इंडिया स्किल’ विजेताओं को भी सम्मानित किया। इसके अलावा ‘मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा इंटर्नशिप’ में बेहतर प्रदर्शन करने वाले नियोक्ताओं को सम्मानित किया गया।

मेगा जॉब फेयर-2026 में चयनित अभ्यर्थी को नियुक्ति पत्र प्रदान करते मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी। साथ में उपस्थित उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उप मुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव एवं अन्य।

70 हजार करोड़ का मरीन ड्राइव प्रोजेक्ट और वर्ल्ड ट्रेड सेंटर

बिहार के विकास को नई रफ्तार देने के लिए मुख्यमंत्री ने कई बड़ी योजनाओं का जिक्र किया:

  1. पटना में वर्ल्ड ट्रेड सेंटर: राज्य सरकार ने भारत सरकार से पटना में ‘वर्ल्ड ट्रेड सेंटर’ स्थापित करने का आग्रह किया है ताकि वैश्विक स्तर के उद्योग बिहार आ सकें।
  2. 70,000 करोड़ रुपये का मरीन ड्राइव: पी पी पी मोड पर 126 किलोमीटर लंबे मरीन ड्राइव का निर्माण कराया जा रहा है, जिसमें 20 हजार करोड़ रुपये राज्य सरकार और 50 हजार करोड़ रुपये निजी क्षेत्र द्वारा लगाए जाएंगे।
  3. सस्ती और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा: बिहार में मात्र 5 रुपये में पॉलिटेक्निक और 10 रुपये में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कराई जा रही है। युवाओं के लिए विशेष लैंग्वेज क्लासेस भी शुरू की गई हैं ताकि वे विदेश में आसानी से काम कर सकें।
  4. अभूतपूर्व शैक्षणिक क्रांति: आजादी के बाद से बिहार में केवल 278 डिग्री कॉलेज थे, लेकिन राज्य सरकार ने 15 जुलाई को एक साथ 211 नए डिग्री कॉलेजों में पढ़ाई शुरू करवा दी है। इसके अलावा 511 मॉडल स्कूल खोले गए हैं जहाँ रात 11 बजे भी बच्चों के लिए ऑनलाइन शिक्षक उपलब्ध रहते हैं।

मानसिक स्वास्थ्य, दिव्यांगजन और ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए विशेष सौगात

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने रिमोट दबाकर कई नई कल्याणकारी परियोजनाओं की शुरुआत की:

  • भोजपुर संस्थान: बिहार मानसिक स्वास्थ्य एवं सम्बद्ध विज्ञान संस्थान, भोजपुर में मानसिक रूप से स्वस्थ हुए व्यक्तियों के पुनर्वास केंद्र का शुभारंभ।
  • दिव्यांग एवं ट्रांसजेंडर कौशल केंद्र: दिव्यांगजनों तथा ट्रांसजेंडर समुदाय के कौशल विकास, आजीविका संवर्द्धन और प्रस्थान पूर्व उन्मुखीकरण (प्री-डिपार्चर ओरिएंटेशन) के लिए प्रशिक्षण केंद्रों का उद्घाटन।

कार्यक्रम में मेगा जॉब फेयर-2026 से संबंधित ‘कॉफी टेबल बुक’ का विमोचन किया गया और एक लघु फिल्म भी दिखाई गई।

दिग्गजों की उपस्थिति

कार्यक्रम के प्रारंभ में युवा, रोजगार एवं कौशल विभाग के सचिव कौशल किशोर ने मुख्यमंत्री को पौधा, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उप मुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव, श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण मंत्री अरुण शंकर प्रसाद, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, युवा, रोजगार एवं कौशल विभाग के सचिव कौशल किशोर सहित कई वरीय अधिकारी, नियोक्ता और हजारों की संख्या में युवा मौजूद थे।

अन्‍य खबरों  के लिए नीचे  ’न्‍यूज भारत टीवी ’ के लिंक पर क्लिक करें ,

||  https://newsbharattv.in  ||

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here