मुजफ्फरपुर। जिला पुलिस ने अंतरजिला वाहन चोर गिरोह पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर आरोपी को धर दबोचा है। पकड़ा गया आरोपी वैशाली जिले के वैशाली थाना क्षेत्र का रहने वाला राजू कुमार है। उसकी गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुए वाहन चोरी के कुल 06 मामलों का सफल उद्भेदन करने का दावा किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से दो चोरी की चारपहिया गाड़ियां, गैस कटर और नंबर प्लेट बरामद की हैं।

पावरग्रीड के पास से शुरू हुई थी तफ्तीश
मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि 03.08.2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि सदर थाना क्षेत्र के पताही पावरग्रीड के समीप तीन अज्ञात बदमाश चोरी के वाहनों की खरीद-बिक्री करने वाले हैं। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त स्थल पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से दो चोरी की गाड़ियां जब्त कीं, हालांकि पुलिस को देखते ही खरीद-बिक्री में शामिल आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहे थे। इस संबंध में सदर थाना में कांड संख्या-741/26 दर्ज किया गया था।
एसएसपी के निर्देश पर बनी विशेष टीम
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक, मुजफ्फरपुर के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक, नगर के अनुश्रवण में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, नगर-02 के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया, जिसमें थानाध्यक्ष सदर को भी शामिल किया गया। टीम लगातार आरोपियों की संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी।

पूछताछ में उगले कई राज
इसी क्रम में 06.08.2026 को मिली गुप्त आसूचना के आधार पर गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी की गाड़ियों की खरीद-बिक्री में शामिल मुख्य आरोपी राजू कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की कड़ी पूछताछ और स्वीकारोक्ति बयान में राजू कुमार ने जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई वाहन चोरी की कई घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी निशानदेही और बयान के आधार पर कुल 06 कांडों का खुलासा हुआ है।
गैस कटर और फर्जी नंबर प्लेट बरामद
पुलिस ने आरोपी के पास से निम्नलिखित सामान बरामद किया है:
- चोरी की गई चारपहिया वाहन – 02
- गाड़ियां काटने में प्रयुक्त गैस कटर – 01
- फर्जी/बदली हुई नंबर प्लेट
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है और गिरफ्तार आरोपी के आपराधिक इतिहास का पता लगाया जा रहा है।

अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’के लिंक पर क्लिक करें,
|| https://newsbharattv.in ||

