कांटी गोलीकांड का खौफनाक सच आया सामने! पुलिस के शिकंजे में आया मुख्य आरोपी, हथियार बरामद; दबाव में दूसरे ने कोर्ट में टेके घुटने

मुजफ्फरपुर: कांटी थाना क्षेत्र के साईं महावीर चौक माली टोला में 01 अगस्त की रात हुए दिल दहला देने वाले गोलीकांड का पुलिस ने सनसनीखेज पर्दाफाश कर दिया है। शौच के लिए निकले युवक पर जानलेवा हमला करने वाले गिरोह के एक नामजद अपराधी को पुलिस ने दबोच लिया है, जबकि पुलिस की दबिश और ताबड़तोड़ छापेमारी के डर से दूसरे नामजद अभियुक्त ने अदालत में जाकर आत्मसमर्पण कर दिया है। गिरफ्तार अभियुक्त के पास से वारदात में इस्तेमाल की गई देशी पिस्टल और जिंदा कारतूस भी बरामद कर लिए गए हैं।

शौच के लिए निकले कैलाश को मारी थी गोली

घटना 01 अगस्त 2026 की रात की है, जब कांटी थाना अंतर्गत ग्राम साईं महावीर चौक माली टोला निवासी कैलाश कुमार घर से शौच के लिए निकले थे। इसी दौरान घात लगाए तीन नामजद अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं, जिससे कैलाश कुमार गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल कायम हो गया था। पीड़ित कैलाश कुमार के फर्दबयान के आधार पर कांटी थाना में कांड संख्या 494/26 दर्ज कर पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई थी।

 कांटी गोलीकांड के सफल उद्भेदन की जानकारी प्रेस कॉन्फ्रेंस में देतीं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (पश्चिमी-01) एवं कांटी पुलिस टीम। पृष्ठभूमि में पुलिस कस्टडी में खड़ा गिरफ्तार आरोपी क्रिशु कुमार।

विशेष टीम ने क्रिशु को किया गिरफ्तार, हथियार बरामद

मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, मुजफ्फरपुर के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के अनुश्रवण तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (पश्चिमी-01) के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया। इस टीम में कांटी थाना अध्यक्ष और उनकी टीम को भी शामिल किया गया।

तकनीकी जांच और मानवीय सूचना संकलन (ह्यूमन इंटेलिजेंस) के आधार पर विशेष टीम ने छापेमारी कर घटना में शामिल मुख्य नामजद अभियुक्त क्रिशु कुमार (थाना-कांटी, जिला-मुजफ्फरपुर) को धर दबोचा। क्रिशु कुमार की कड़ाई से पूछताछ के दौरान उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया 01 देशी पिस्टल, 03 जिंदा कारतूस और घटनास्थल से 01 खोखा बरामद किया है।

पुलिस के खौफ से निशांत ने कोर्ट में किया सरेंडर

पुलिस की लगातार हो रही ताबड़तोड़ छापेमारी और बढ़ते कानूनी दबाव के आगे अपराधियों के हौसले पस्त हो गए। मामले में संलिप्त एक अन्य नामजद अभियुक्त निशांत कुमार (थाना-कांटी, जिला-मुजफ्फरपुर) ने घबराकर माननीय न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास को खंगालने में जुटी है तथा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई तेजी से की जा रही है।

अन्‍य खबरों  के लिए नीचे  ’न्‍यूज भारत टीवी ’के लिंक पर क्लिक करें,

||  https://newsbharattv.in  ||

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here