मुजफ्फरपुर। जिला में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ पुलिस प्रशासन ने शिकंजा पूरी तरह कस दिया है। वरीय पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरपुर के कड़े दिशा-निर्देश पर चलाए जा रहे सघन सत्यापन व छापेमारी अभियान के तहत मुरौल ओ०पी० (सकरा) पुलिस को एक बड़ी सफलता हासिल हुई है।
मिली गुप्त सूचना के आधार पर 06.08.2026 को मुरौल ओ०पी० की पुलिस टीम ने त्वरित और गुप्त कार्रवाई करते हुए ओ०पी० क्षेत्र के तिरहुत नहर स्थित पिलखी पुल के पास घेराबंदी की। जांच के दौरान पुलिस ने 01 संदिग्ध ट्रक (टाटा गुड्स कैरियर) को रोका। जब ट्रक की गहन तलाशी ली गई तो उसमें चालाकी से छिपाकर रखी गई कुल 297 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद हुई।

पुलिस ने तत्काल प्रभाव से शराब की खेप के साथ-साथ शराब परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे ट्रक को जब्त कर लिया।
थाना में प्राथमिकी दर्ज: इस पूरी कार्रवाई के संदर्भ में सकरा (मुरौल ओ०पी०) थाना में कांड संख्या 465/26 दर्ज कर अग्रतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब शराब तस्करों के पूरे नेटवर्क, शराब की सप्लाई चेन और वाहन मालिक के तार खंगालने में जुट गई है।
मुजफ्फरपुर पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में मद्यनिषेध कानून को शत-प्रतिशत लागू कराने और शराब तस्करों के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा आगे भी इस तरह की सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’के लिंक पर क्लिक करें,
|| https://newsbharattv.in ||



