जनता मैदान के पास आइसा प्रखंड समिति की बैठक में बना मास्टर प्लान, शैक्षणिक अराजकता व फीस वृद्धि के खिलाफ आर-पार की लड़ाई का ऐलान
1 अगस्त 2026 : ताजपुर/समस्तीपुर: एलकेवीडी कॉलेज में व्याप्त शैक्षणिक अराजकता और कथित नाजायज उगाही के खिलाफ छात्र-छात्राओं का गुस्सा फूट पड़ा है। ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) की ताजपुर प्रखंड संयोजन समिति की एक अति-महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को जनता मैदान के समीप आयोजित की गई।
यह बैठक मो जावेद की अध्यक्षता, शिवानी कुमारी के कुशल संचालन तथा आइसा समस्तीपुर जिला कमिटी सदस्य जीतेंद्र सहनी के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुई। बैठक के दौरान क्षेत्र की विभिन्न शैक्षणिक समस्याओं, कॉलेजों में व्याप्त कुव्यवस्था तथा एलकेवीडी कॉलेज में चल रही कथित अवैध वसूली के गंभीर मुद्दे पर तीखी चर्चा की गई।
3 अगस्त को कॉलेज परिसर से निकलेगा प्रतिरोध मार्च: बैठक में छात्र नेताओं ने कॉलेज प्रशासन के रवैये पर कड़ा आक्रोश व्यक्त करते हुए चरणबद्ध आंदोलन का शंखनाद किया। निर्णय लिया गया कि आंदोलन के प्रथम चरण के रूप में आगामी 3 अगस्त को एलकेवीडी कॉलेज परिसर से एक विशाल एवं प्रभावी प्रतिरोध मार्च निकाला जाएगा। इस प्रदर्शन के माध्यम से कॉलेज प्रशासन को नींद से जगाने और छात्रों की ज्वलंत समस्याओं व मांगों की ओर उनका ध्यान आकृष्ट कराने का प्रयास किया जाएगा।

शिक्षा के व्यवसायीकरण और बढ़ती फीस पर साधा निशाना: बैठक को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा का लगातार व्यवसायीकरण किया जा रहा है। कॉलेजों में फीस में अनुचित वृद्धि, अवैध वसूली और छात्रों को मिलने वाली बुनियादी सुविधाओं की घोर अनदेखी की जा रही है, जिसे अब किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
संगठन विस्तार का लिया गया संकल्प: इस अवसर पर संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने हेतु व्यापक रणनीति बनाई गई। तय हुआ कि सदस्यता अभियान चलाकर अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं को आइसा से जोड़ा जाएगा ताकि छात्र अधिकारों की लड़ाई को और अधिक धार दी जा सके।

बैठक में ये रहे मौजूद: इस महत्वपूर्ण बैठक में एरम परवीन, शालिनी कुमारी, जोया परवीन, स्नेहा कुमारी, इमराना परवीन, वर्षा रानी, सलमा खातून, अंकित कुमार, तौफिक आलम, मो आसिफ अंसारी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया। सभी उपस्थित सदस्यों ने अपने विचार साझा किए और आगामी 3 अगस्त के प्रतिरोध मार्च को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने का दृढ़ संकल्प लिया।
अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’के लिंक पर क्लिक करें,
|| https://newsbharattv.in ||

