घूसखोर जेई और तकनीशियन रंगे हाथ गिरफ्तार: भागलपुर में नया बिजली कनेक्शन देने के नाम पर ले रहे थे 4000 रुपये की रिश्वत, निगरानी विभाग की टीम ने दबोचा

भागलपुर (विशेष संवाददाता)। बिजली विभाग में जारी भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कौटिल्या नॉर्थ विद्युत उपकेंद्र के कनीय अभियंता (जेई) और एक प्राइवेट कंपनी के तकनीशियन को 4,000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई  भागलपुर स्थित कचहरी रोड के विद्युत उपकेंद्र परिसर में की गई।

भागलपुर में 4,000 रुपये रिश्वत लेते निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की गिरफ्त में आए कनीय अभियंता अमित कुमार (बाएं, लाल घेरे में) और तकनीशियन सौरभ कुमार (दाएं, लाल घेरे में) टीम के सदस्यों के साथ।

नया कनेक्शन देने के नाम पर मांगी थी घूस

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, झौवा कोठी, खंजरपुर, थाना- बरारी, जिला- भागलपुर के निवासी संतोष कुमार (पिता- श्याम प्रसाद साह) ने पटना स्थित निगरानी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। परिवादी ने आरोप लगाया था कि नया बिजली कनेक्शन देने के बदले कौटिल्या नॉर्थ विद्युत उपकेंद्र के कनीय अभियंता और लाइनमैन द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही है।

सत्यापन में सही पाए गए आरोप

शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने मामले की गुप्त जांच कराई। जांच और सत्यापन के दौरान आरोपी अधिकारियों द्वारा रिश्वत मांगे जाने के पुख्ता प्रमाण मिले। प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने के बाद 17 जुलाई 2026 को निगरानी थाना कांड संख्या 0-086/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।

डीएसपी के नेतृत्व में धावादल ने बिछाया जाल

मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुसंधानकर्ता मिथलेश कुमार, पुलिस उपाधीक्षक, निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना के नेतृत्व में एक विशेष धावादल (ट्रैप टीम) का गठन किया गया। योजना के अनुसार जैसे ही परिवादी ने रिश्वत की राशि सौंपी, निगरानी की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को दबोच लिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान

निगरानी टीम द्वारा गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में:

  1. अमित कुमार: कनीय अभियंता (जेई), कौटिल्या नॉर्थ, विद्युत उपकेंद्र, कचहरी रोड, भागलपुर।
  2. सौरभ कुमार: तकनीशियन, जीनस कंपनी (स्मार्ट मीटर अधिष्ठापन कंपनी), सेन्ट्रल गेट, भागलपुर।

विशेष न्यायालय में किया जाएगा पेश

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ के बाद उन्हें भागलपुर स्थित माननीय विशेष न्यायालय, निगरानी में प्रस्तुत किया जाएगा। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और अनुसंधान जारी है।

अन्‍य खबरों  के लिए नीचे  ’न्‍यूज भारत टीवी ’के लिंक पर क्लिक करें,

||  https://newsbharattv.in  ||

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here