पटना: भ्रष्टाचार के खिलाफ राज्य में सरकार के ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। पटना जिले के साम्यागढ़ थाने के पुलिस अवर निरीक्षक-सह-थानाध्यक्ष सौरभ कुमार को निगरानी विभाग की मुख्यालय टीम ने 27,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी किसी गुप्त स्थान से नहीं, बल्कि खुद साम्यागढ़ थाना परिसर के भीतर से की गई है, जिससे पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

जेसीबी चलाने के एवज में मांगी थी साप्ताहिक घूस : मिली जानकारी के अनुसार, प्रहलादपुर (थाना- साम्यागढ़, जिला- पटना) के रहने वाले परिवादी मनोज कुमार, पिता- बृजनंदन यादव ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के पटना कार्यालय में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि थाना प्रभारी सौरभ कुमार द्वारा उनके क्षेत्र में जेसीबी (जेसीबी) गाड़ी चलाने की अनुमति देने के बदले लगातार साप्ताहिक रिश्वत की मांग की जा रही थी। पीड़ित इस अवैध वसूली से बेहद परेशान था और उसने भ्रष्टाचार के सामने झुकने के बजाय कानून का सहारा लिया।

सत्यापन के बाद बिछाया गया जाल : शिकायत मिलने के बाद निगरानी ब्यूरो ने मामले की गंभीरता को देखते हुए गुप्त रूप से जांच कराई। ब्यूरो द्वारा कराए गए सत्यापन के दौरान आरोपी थाना प्रभारी द्वारा रिश्वत मांगे जाने का ठोस प्रमाण मिला। प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने के तुरंत बाद निगरानी ब्यूरो के मुख्यालय में कांड संख्या 0-085/26 (दिनांक 17.07.2026) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद मामले के अनुसंधानकर्ता अरुणोदय पांडेय, वरीय पुलिस उपाधीक्षक, निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना के नेतृत्व में एक विशेष धावा दल (ट्रैप टीम) का गठन किया गया।

थाना परिसर में ही दबोचा गया आरोपी : आज दिनांक 20.07.2026 को योजना के मुताबिक, निगरानी की धावा दल ने साम्यागढ़ थाना परिसर की घेराबंदी की। जैसे ही परिवादी मनोज कुमार से थानाध्यक्ष सौरभ कुमार ने रिश्वत के 27,000 रुपये (सत्ताईस हजार) नकद स्वीकार किए, वैसे ही पहले से घात लगाए बैठी निगरानी टीम ने उन्हें रंगे हाथ धर दबोचा। ब्यूरो के अधिकारियों ने तुरंत उनके पास से रिश्वत की पूरी रकम बरामद कर ली।
विशेष अदालत में पेशी की तैयारी : निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम आरोपी थानाध्यक्ष सौरभ कुमार को गिरफ्तार कर पटना स्थित अपने मुख्यालय ले आई है। ब्यूरो के अधिकारियों के अनुसार, अभियुक्त से गहन पूछताछ की जा रही है और पूछताछ की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें पटना स्थित माननीय विशेष न्यायालय, निगरानी के समक्ष उपस्थित किया जाएगा। मामले में आगे की कानूनी व अग्रतर अनुसंधान की कार्रवाई तेजी से की जा रही है।
अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’के लिंक पर क्लिक करें,
|| https://newsbharattv.in ||

