राष्ट्रकवि दिनकर की भूमि से मुख्यमंत्री का बड़ा एलान: हर प्रखंड में खुलेगा आदर्श विद्यालय, ‘बिहार पढ़ेगा, तभी बिहार आगे बढ़ेगा’, एक साथ 551 आदर्श विद्यालयों का उद्घाटन,

बेगूसराय । बिहार के शिक्षा क्षेत्र में एक नया इतिहास रचते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राष्ट्रकवि रामधारी सिंह ‘दिनकर’ की पावन भूमि बेगूसराय से राज्य के सभी 38 जिलों को एक बहुत बड़ी सौगात दी है। बेगूसराय के आईओसीएल  स्टेडियम में आयोजित एक भव्य समारोह में मुख्यमंत्री ने एक साथ 551 ‘सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय)’ का डिजिटल माध्यम से उद्घाटन किया। इस ऐतिहासिक कदम के साथ ही बिहार में आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के एक नए युग का विधिवत शुभारंभ हो गया है।

बेगूसराय के आईओसीएल (IOCL) स्टेडियम में आयोजित भव्य कार्यक्रम के मंच पर उपस्थित मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा और मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव जनता का अभिवादन स्वीकार करते हुए।

प्रतिभा अब अवसरों की मोहताज नहीं रहेगी: मुख्यमंत्री  

इस ऐतिहासिक अवसर पर आईओसीएल स्टेडियम में उमड़े विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार सरकार का यह दृढ़ संकल्प है कि राज्य की कोई भी प्रतिभा अवसर के अभाव में कभी पीछे न छूटे। सरकार हर प्रखंड में ऐसे सरकारी आदर्श विद्यालयों को तेजी से विकसित कर रही है, जो गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का एक नया वैश्विक मानक स्थापित करेंगे और विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य की एक नई उड़ान देंगे। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि “बिहार पढ़ेगा, तभी बिहार आगे बढ़ेगा” और इसी संकल्प को जमीन पर उतारने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इन सभी आदर्श विद्यालयों में विद्यार्थियों को उत्कृष्ट शिक्षा के साथ-साथ अत्यंत आधुनिक सुविधाएं, नवाचार (इनोवेशन) और उनके समग्र व्यक्तित्व विकास के सर्वोत्तम अवसर प्राप्त होंगे।

मॉडल विद्यालय का औचक निरीक्षण और तकनीक पर जोर

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी स्वयं बी.पी. इंटर स्कूल पहुंचे, जहां उन्होंने नव-निर्मित मॉडल विद्यालय का अत्यंत बारीकी से निरीक्षण और अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने विद्यालय में उपलब्ध कराई गई आधुनिक शैक्षणिक व्यवस्थाओं को देखा और छात्रों द्वारा बनाए गए विज्ञान मॉडलों की सराहना की। उन्होंने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक एवं तकनीक आधारित शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुढ़ृढ़ करने के संबंध में कई आवश्यक निर्देश जारी किए। सरकार द्वारा आने वाले समय में फाइलो ऐप (FILO App), बिहार स्कूल लाइव क्लासेस एवं स्मार्ट क्लास जैसी अत्याधुनिक डिजिटल व्यवस्थाओं को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा, ताकि सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को भी वैश्विक स्तर की शिक्षा मिल सके।

बी.पी. इंटर स्कूल में मॉडल विद्यालय के निरीक्षण के दौरान छात्रों द्वारा बनाए गए आधुनिक विज्ञान मॉडल का अवलोकन करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी।

बेगूसराय और बिहार के लिए विकास की बड़ी घोषणाएं

मुख्यमंत्री ने शिक्षा के साथ-साथ राज्य के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए कई अत्यंत महत्वाकांक्षी परियोजनाओं की घोषणा की। उन्होंने घोषणा की कि राष्ट्रकवि रामधारी सिंह ‘दिनकर’ के नाम पर एक नए विश्वविद्यालय की स्थापना की जाएगी। इसके अलावा, सिमरिया में भगवान वेंकटेश्वर (तिरुपति) मंदिर का निर्माण, सिमरिया-भागलपुर मरीन ड्राइव और रक्सौल-हल्दिया एक्सप्रेस-वे जैसी बड़ी परियोजनाओं से विकसित बिहार के संकल्प को एक नई ऊर्जा और रफ्तार मिलेगी। आईओसीएल (IOCL) स्टेडियम के मंच से मुख्यमंत्री ने कई अन्य विकास योजनाओं का भी शिलान्यास और उद्घाटन किया तथा रोजगार एवं युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए राज्य सरकार की अटूट प्रतिबद्धता को जनता के सामने साझा किया।

इस महा-समारोह के दौरान मंच पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव और कई वरिष्ठ राजनेता एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे, जिन्होंने बिहार की इस नई विकास यात्रा का साक्षी बनकर मुख्यमंत्री के प्रयासों की सराहना की।

अन्‍य खबरों  के लिए नीचे  ’न्‍यूज भारत टीवी ’के लिंक पर क्लिक करें,

||  https://newsbharattv.in  ||

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here