बिहार में जल क्रांति:  बाढ़ की तबाही से मुक्ति और समृद्धि का नया सवेरा, 130.88 करोड़ की बेलवा-मीनापुर लिंक परियोजना शुरू!

पटना/शिवहर 19 जुलाई 2026। बिहार में विकास और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक अध्याय जुड़ गया है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के “नदी जोड़ो अभियान” के सपने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अटूट संकल्प को धरातल पर उतारते हुए सूबे में एक बड़ी परियोजना का सफल क्रियान्वयन किया गया है। शिवहर जिले के पिपराही प्रखंड के बेलवा में आयोजित एक भव्य एवं ऐतिहासिक समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बागमती-बूढ़ी गंडक नदी जोड़ परियोजना के अंतर्गत नवनिर्मित बेलवा-मीनापुर लिंक चैनल (बेलवाधार) का गरिमामयी लोकार्पण किया।

 शिवहर के पिपराही प्रखंड के बेलवा में बागमती-बूढ़ी गंडक नदी जोड़ परियोजना के उद्घाटन समारोह के मंच पर मंचासीन मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, समाज कल्याण मंत्री डॉ० श्वेता गुप्ता व अन्य गणमान्य जनप्रतिनिधिगण।

130.88 करोड़ रुपये की भारी-भरकम लागत से तैयार यह 68.80 किलोमीटर लंबी ऐतिहासिक लिंक चैनल परियोजना क्षेत्र के लाखों लोगों के लिए जीवनदायिनी साबित होगी। लोकार्पण के तुरंत बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अधिकारियों के साथ बेलवा-मीनापुर लिंक चैनल का सघन निरीक्षण किया और इसकी कार्यप्रणाली तथा तकनीकी बारीकियों की जानकारी ली। यह परियोजना न केवल बाढ़ प्रबंधन और सिंचाई क्षमता को एक सर्वथा नया आयाम देगी, बल्कि जल संसाधनों के वैज्ञानिक उपयोग की दिशा में देश के सामने एक अनूठा उदाहरण प्रस्तुत करेगी।

लोकार्पण के पश्चात नवनिर्मित 68.80 किलोमीटर लंबे बेलवा-मीनापुर लिंक चैनल (बेलवाधार) के जल प्रवाह और सुरक्षा तटबंधों का सघन निरीक्षण करते मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और उनके साथ उपस्थित जल संसाधन विभाग के वरीय प्रशासनिक अधिकारी।

बाढ़ की तबाही पर लगेगा अंकुश, बढ़ेगी किसानों की खुशहाली : समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बेलवा-मीनापुर लिंक चैनल बागमती नदी के अतिरिक्त जल को बूढ़ी गंडक नदी तक सुरक्षित पहुंचाने का एक अत्यंत महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा। मानसून के दौरान जब बागमती नदी उफान पर होती है, तब इस लिंक चैनल के माध्यम से अतिरिक्त पानी को मोड़ा जा सकेगा, जिससे पूरे क्षेत्र में बाढ़ की तीव्रता में भारी कमी आएगी। उन्होंने बल देकर कहा कि यह परियोजना केवल एक चैनल नहीं है, बल्कि विकसित बिहार की परिकल्पना को धरातल पर उतारने का मजबूत आधार है। इससे क्षेत्र में सिंचाई क्षमताओं का अभूतपूर्व विस्तार होगा, कृषि उत्पादकता बढ़ेगी और मत्स्य पालन जैसी नवीन कृषि-आधारित गतिविधियों को बड़े पैमाने पर प्रोत्साहन मिलेगा। इसके दूरगामी लाभों में भू-जल स्तर का पुनर्भरण, हरित आवरण में व्यापक वृद्धि और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था का सुदृढ़ीकरण शामिल है।

शिवहर को 200 करोड़ की 40 विकास योजनाओं की ऐतिहासिक सौगात:  इस पावन अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शिवहर जिले के सर्वांगीण विकास के लिए खजाना खोल दिया। उन्होंने कुल 200 करोड़ रुपये की लागत वाली 40 महत्वाकांक्षी विकास योजनाओं का शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इसमें 22 महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्घाटन और 18 नई विकास योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं को दर्शाने वाले जीविका, उद्योग विभाग, कृषि विभाग, शिक्षा विभाग तथा बिहार पुलिस के अभया ब्रिगेड एवं साइबर क्राइम स्टॉलों का अत्यंत सूक्ष्मता से निरीक्षण किया। महिला सशक्तिकरण को नई गति देते हुए मुख्यमंत्री ने शिवहर जिला के 4550 जीविका स्वयं सहायता समूहों को 25 करोड़ 35 लाख रुपये का सांकेतिक चेक प्रदान किया, जिससे ग्रामीण परिवेश में रोजगार और स्वरोजगार के अभूतपूर्व अवसर सृजित होंगे।

समारोह में दिग्गजों का लगा जमावड़ा : इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनने के लिए कई केंद्रीय और राज्य स्तरीय नेता कार्यक्रम में मौजूद रहे। समारोह में केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, समाज कल्याण मंत्री डॉ० श्वेता गुप्ता, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्री लखेंद्र कुमार रौशन, सांसद लवली आनंद, सांसद देवेश चंद्र ठाकुर, विधायक अमित कुमार, विधान पार्षद बंशीधर बृजवासी, विधान पार्षद रेखा कुमारी एवं पूर्व सांसद रमा देवी सहित कई गणमान्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

इसके साथ ही प्रशासनिक अमले से मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, जल संसाधन विभाग के सचिव डॉ० चंद्रशेखर सिंह, तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह, तिरहुत प्रक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक चंदन कुशवाहा, शिवहर की जिलाधिकारी प्रतिभा रानी, शिवहर के पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह सहित जल संसाधन विभाग के वरीय अभियंतागण और बड़ी संख्या में स्थानीय आमजन उपस्थित थे।

अन्‍य खबरों  के लिए नीचे  ’न्‍यूज भारत टीवी ’के लिंक पर क्लिक करें,

||  https://newsbharattv.in  ||

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here