बांकीपुर के रण में बीजेपी का बड़ा दांव! हाई-प्रोफाइल सीट पर युवा तुर्क अभिषेक कुमार को उतारा, विरोधियों के छूटे पसीने

पटना। बिहार के सियासी गलियारे से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। बिहार की सबसे वीआईपी और हाई-प्रोफाइल मानी जाने वाली 182-बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव 2026 के लिए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने अपने पत्ते खोल दिए हैं। बीजेपी की केंद्रीय चुनाव समिति ने तमाम अटकलों पर विराम लगाते हुए भाजपा युवा मोर्चा के फायरब्रांड प्रदेश उपाध्यक्ष अभिषेक कुमार सिन्हा ‘बंटी’ के नाम पर अपनी अंतिम मुहर लगा दी है। बीजेपी के इस फैसले ने विपक्षी खेमे में खलबली मचा दी है।

केंद्रीय चुनाव समिति का बड़ा फैसला, युवा चेहरे पर भरोसा

बांकीपुर सीट हमेशा से ही बिहार की राजनीति का केंद्र बिंदु रही है। इस हाई-प्रोफाइल सीट को जीतने के लिए बीजेपी ने इस बार किसी पुराने चेहरे के बजाय युवा और जोश से लबरेज उम्मीदवार पर दांव लगाया है। भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति द्वारा जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार, बिहार विधानसभा उपचुनाव 2026 के लिए अभिषेक कुमार के नाम को हरी झंडी दे दी गई है। एनडीए समर्थित इस चेहरे के मैदान में उतरने से बांकीपुर का चुनावी मुकाबला बेहद दिलचस्प और आक्रामक हो गया है।

बिहार की हाई-प्रोफाइल 182-बांकीपुर विधानसभा सीट से बीजेपी और एनडीए के आधिकारिक उम्मीदवार घोषित होने के बाद भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष अभिषेक कुमार सिन्हा ‘बंटी’।

सीएम सम्राट चौधरी ने दी बधाई, कहा– ‘होगी ऐतिहासिक जीत

अभिषेक कुमार को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद सूबे के मुखिया यानी सीएम सम्राट चौधरी ने उन्हें विशेष रूप से बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति द्वारा 182-बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से अभिषेक कुमार को पार्टी का उम्मीदवार घोषित किए जाने पर वे उन्हें हार्दिक बधाई देते हैं।

सीएम सम्राट चौधरी ने पूरा भरोसा जताते हुए कहा कि अभिषेक कुमार के नेतृत्व, समर्पण और जनसेवा के संकल्प को बांकीपुर की जनता का भरपूर आशीर्वाद प्राप्त होगा। उन्होंने दावा किया कि विकास, सुशासन और राष्ट्रहित के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए बीजेपी इस सीट पर एक ऐतिहासिक और प्रचंड विजय दर्ज करेगी।

अभिषेक कुमार के नाम के ऐलान के साथ ही बांकीपुर में चुनावी सरगर्मियां सातवें आसमान पर पहुंच गई हैं। अब देखना यह होगा कि बीजेपी का यह युवा कार्ड विरोधियों के चक्रव्यूह को भेदने में कितना कामयाब साबित होता है।

अन्‍य खबरों  के लिए नीचे  ’न्‍यूज भारत टीवी ’के लिंक पर क्लिक करें,

||  https://newsbharattv.in  ||

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here