नई दिल्ली: देश के उभरते खिलाड़ियों के सपनों के साथ खिलवाड़ करने वाले एक बड़े फर्जीवाड़े का पर्दाफाश हुआ है। स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (SAI) नामक एक फर्जी संगठन खुद को भारत सरकार के युवा मामले एवं खेल मंत्रालय द्वारा मान्यता प्राप्त बताकर युवाओं को ठग रहा है। यह संगठन बड़े पैमाने पर खिलाड़ियों को नकली चयन पत्र (प्लेयर सिलेक्शन लेटर) और प्रचार सामग्री जारी कर रहा है। इतना ही नहीं, कथित राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों के नाम पर विज्ञापन निकालकर भोले-भाले खिलाड़ियों से 1,500 रुपये का पंजीकरण शुल्क (रजिस्ट्रेशन फीस) भी वसूल रहा है।

फिट इंडिया के लोगो का भी किया गलत इस्तेमाल
यह जालसाज संगठन युवाओं को गुमराह करने के लिए अपनी वेबसाइट और दस्तावेजों पर फिट इंडिया मूवमेंट के लोगो और ब्रांडिंग का अवैध रूप से उपयोग कर रहा है। इस संबंध में पीआईबी फैक्ट चेक (PIB Fact Check) ने देश के युवाओं को सतर्क रहने की चेतावनी जारी की है।
मंत्रालय ने कहा– हमारा कोई संबंध नहीं
युवा मामले एवं खेल मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि:
- इस तथाकथित ‘स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया’ को सरकार द्वारा कोई मान्यता या संबद्धता प्रदान नहीं की गई है।
- इस संगठन का ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ से कोई संबंध नहीं है, और न ही इसे फिट इंडिया के ब्रांड नेम का उपयोग करने की कोई अनुमति दी गई है।
- खिलाड़ी किसी भी झांसे में आने से बचें और प्रामाणिक जानकारी के लिए केवल असली स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) की आधिकारिक वेबसाइट पर ही भरोसा करें।
अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’के लिंक पर क्लिक करें,
|| https://newsbharattv.in ||


