गयाजी: बिहार में कानून व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अब तक का सबसे बड़ा और कड़ा संदेश दिया है। गयाजी की पावन धरती से अपराधियों को ललकारते हुए उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि बिहार को हर हाल में अपराधमुक्त बनाया जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, “या तो अपराधियों का पिंडदान गयाजी में होगा या फिर वे जेल के भीतर होंगे।” अपराधियों के खिलाफ इस महा-संकल्प के बीच गयाजी के खिजरसराय में विकास का एक नया अध्याय भी लिखा गया, जहां अत्याधुनिक एमएसएमई (MSME) प्रौद्योगिकी केंद्र का भव्य भूमि पूजन और शिलान्यास संपन्न हुआ।

₹170 करोड़ की महा-परियोजना, 20 एकड़ में फैलेगा खुशहाली का साम्राज्य
बिहार सरकार द्वारा उपलब्ध कराई गई 20 एकड़ भूमि पर लगभग 170 करोड़ रुपये की भारी-भरकम लागत से इस अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी केंद्र (टीसी) को विकसित किया जा रहा है। यह केंद्र केवल एक कंक्रीट का ढांचा नहीं, बल्कि बिहार के युवाओं के सपनों, आकांक्षाओं और आत्मनिर्भरता की एक मजबूत नींव है।
इस अवसर पर गया-इस्लामपुर-खिजरसराय पथ से लेकर इस प्रौद्योगिकी केंद्र तक जाने वाली सड़क के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण कार्य का भी जोरदार शुभारंभ किया गया, जिससे इलाके में कनेक्टिविटी और बेहतर होगी।
हर साल 7,000 युवाओं को ट्रेनिंग, 1,000 फैक्ट्रियों को मिलेगी मॉडर्न टेक सपोर्ट
यह केंद्र गयाजी सहित पूरे बिहार में औद्योगिक क्रांति का सूत्रपात करेगा। आधुनिक मशीनों और विश्वस्तरीय तकनीकों से सुसज्जित इस केंद्र के जरिए प्रतिवर्ष 7,000 से अधिक युवाओं को उच्च स्तरीय तकनीकी प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा, 1,000 से अधिक एमएसएमई इकाइयों को आधुनिक तकनीकी सहायता और सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे बिहार के लोकल प्रोडक्ट्स को ग्लोबल पहचान मिल सके।

6 लाख से 46 लाख तक पहुंची एमएसएमई इकाइयां, डबल इंजन का कमाल
कार्यक्रम में आंकड़ों को साझा करते हुए बताया गया कि पिछले कुछ वर्षों में बिहार के भीतर एमएसएमई क्षेत्र में अभूतपूर्व और ऐतिहासिक प्रगति हुई है। राज्य में एमएसएमई इकाइयों की संख्या लगभग 6 लाख से बढ़कर अब 46 लाख से अधिक हो चुकी है। इसके चलते करोड़ों लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा हुए हैं। यह केंद्र युवाओं के हाथों में कौशल और मन में आत्मविश्वास भरकर आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को पूरा करेगा।
दिग्गजों का महाजुटान: मंच पर दिखी विकास की एकजुटता
इस ऐतिहासिक भूमि पूजन कार्यक्रम में केंद्र और राज्य सरकार के कई दिग्गज चेहरे एक साथ नजर आए। समारोह में केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री जीतनराम मांझी, बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, मंत्री श्रेयसी सिंह, और मंत्री संतोष मांझी सहित भारी संख्या में जनप्रतिनिधिगण, वरिष्ठ पदाधिकारीगण और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी नेताओं ने एक सुर में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार बिहार में विकास, रोजगार और कौशल संवर्धन के नए आयाम स्थापित कर रही है।

अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’के लिंक पर क्लिक करें,
|| https://newsbharattv.in ||

