97.84 लाख पेंशनधारियों को सरकार ने एक झटके में बांटे 1,423.94 करोड़, अब हर महीने की 10 तारीख को सीधे बैंक खाते में आएगी पेंशन

पटना, 10 जुलाई 2026: बिहार में सामाजिक सुरक्षा पेंशन को लेकर सरकार ने एक ऐतिहासिक और अभूतपूर्व कदम उठाया है । मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में राज्य के 97.84 लाख सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर यानी डीबीटी के माध्यम से सीधे 1,423.94 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि हस्तांतरित की है । इस ऐतिहासिक निर्णय के साथ ही मुख्यमंत्री ने यह बड़ी घोषणा भी की कि अब से प्रत्येक माह की 10 तारीख को पूरे राज्य में ‘बिहार पेंशन दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा ।

लोक सेवक आवास के ‘संकल्प’ सभागार में आयोजित ‘बिहार पेंशन दिवस’ कार्यक्रम के दौरान कंप्यूटर का बटन दबाकर 97.84 लाख पेंशनधारियों के खातों में 1,423.94 करोड़ रुपये की राशि सीधे डीबीटी के माध्यम से ट्रांसफर करते मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी । मंच पर उनके साथ उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उप मुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, समाज कल्याण मंत्री डॉ श्वेता गुप्ता, सामाजिक सुरक्षा की निदेशक डॉ प्रीति व अन्य वरिष्ठ अधिकारी और सचिव मौजूद ।

इस व्यवस्था के तहत अब हर महीने की 10 तारीख को ही सभी पात्र पेंशनधारियों के बैंक खातों में डीबीटी के जरिए पेंशन राशि का हस्तांतरण सुनिश्चित कर दिया जाएगा । आज हस्तांतरित की गई राशि में तीन राज्य पेंशन योजनाओं के तहत जून 2026 महीने की राशि और तीनों एनएसएपी पेंशन योजनाओं के तहत मई और जून 2026 दोनों महीनों की राशि शामिल है ।

सभी पात्र लाभार्थियों को जोड़ने के लिए चलेगा महा-अभियान  मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार गरीब, बुजुर्ग, दिव्यांग और समाज के वंचित व जरूरतमंद वर्गों के सम्मान और सामाजिक सुरक्षा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है । उन्होंने अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि सहयोग शिविरों और पंचायत विकास दिवस कार्यक्रमों के माध्यम से जनता से सीधा संवाद किया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र लाभार्थी पेंशन योजना से वंचित न रहे । छूटे हुए सभी पात्र लोगों को जोड़ने के लिए राज्य भर में एक विशेष अभियान चलाया जाएगा । इसके साथ ही उन्होंने वैसे लाभार्थियों का आधार कार्ड जल्द से जल्द लिंक कराने का भी निर्देश दिया, जिनका आधार अभी तक लिंक नहीं हो पाया है ।

पेंशन राशि 400 से बढ़कर हुई 1,100 रुपये मुख्यमंत्री ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि राज्य सरकार का उद्देश्य सिर्फ आर्थिक सहायता देना नहीं, बल्कि समाज के सबसे निचले पायदान पर खड़े व्यक्ति के सम्मान, सुरक्षा और आत्मविश्वास को मजबूत करना है । उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का बेहद प्रभावी क्रियान्वयन किया गया था , और अब इस सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि को 400 रुपये से बढ़ाकर सीधे 1,100 रुपये कर दिया गया है, जिससे गरीब और जरूरतमंद लोगों के जीवन में एक बड़ा और सकारात्मक बदलाव आया है

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े सभी जिलों के अधिकारी और लाभार्थी  वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित हुए इस भव्य कार्यक्रम में बिहार के सभी जिलों के जिलाधिकारी, गणमान्य व्यक्ति और हजारों सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारी लाइव जुड़े हुए थे । कार्यक्रम की शुरुआत में सामाजिक सुरक्षा की निदेशक डॉ प्रीति ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को एक हरित पौधा भेंट कर उनका स्वागत किया ।

इस अवसर पर मंच और कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उप मुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, समाज कल्याण मंत्री डॉ श्वेता गुप्ता, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, समाज कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव एचआर श्रीनिवास, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह सहित कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे ।

अन्‍य खबरों  के लिए नीचे  ’न्‍यूज भारत टीवी ’के लिंक पर क्लिक करें,

||  https://newsbharattv.in  ||

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here