नहीं बदलेगा प्रमुख एवं अध्यक्ष चुनने का तरीका, पारदर्शी वोटिंग के लिए लगेगी ‘मल्टी-पोस्ट EVM’, 1 कंट्रोल और 6 बैलेट यूनिट वाली मशीनों से होगा पंचायत चुनाव!
बिहारशरीफ/नवादा। बिहार की ग्रामीण राजनीति और त्रिस्तरीय पंचायत व्यवस्था में बड़े बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। आगामी पंचायत चुनाव को लेकर सरकार ने अपनी रणनीतियों को पूरी तरह से स्पष्ट कर दिया है। नालंदा दौरे पर आए बिहार सरकार के पंचायती राज विभाग के मंत्री दीपक प्रकाश ने बिहारशरीफ जिला अतिथि गृह के सभा कक्ष में आयोजित एक विशेष प्रेस वार्ता को संबोधित किया। इस प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने पंचायती राज विभाग से जुड़े कार्यों, सरकार की विकास योजनाओं तथा जनहित के विभिन्न विषयों पर अपने विचार साझा किए और मीडिया के साथ सार्थक संवाद स्थापित किया।
6 बैलेट यूनिट वाली ‘मल्टी-पोस्ट EVM’ से होगा चुनाव
प्रेस वार्ता की स्थिति को साफ करते हुए मंत्री दीपक प्रकाश ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशन में आगामी पंचायत चुनाव की तैयारियां बेहद तेज गति से चल रही हैं। उन्होंने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि इस बार का चुनाव कई मायनों में खास और ऐतिहासिक होने जा रहा है। इस बार सभी 6 निर्वाचित पदों के लिए मल्टी-पोस्ट ईविएम का उपयोग किया जाएगा। इस तकनीक के तहत चुनाव प्रक्रिया में 1 कंट्रोल यूनिट और 6 अलग-अलग बैलेट यूनिट शामिल होंगी। मंत्री ने स्पष्ट किया कि इस व्यवस्था से मतदान की पूरी प्रक्रिया अत्यंत पारदर्शी, निष्पक्ष और आसान हो जाएगी।

10 साल पुराना आरक्षण रोस्टर होगा खत्म
पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने चुनाव से जुड़ा एक और सबसे महत्वपूर्ण फैसला साझा करते हुए कहा कि 10 वर्ष की अवधि पूरी होने के कारण इस बार पंचायत चुनाव में संशोधित आरक्षण रोस्टर लागू किया जाएगा। नया रोस्टर लागू होने से पंचायतों के सामाजिक समीकरण और आरक्षण की स्थिति पूरी तरह बदल जाएगी, जिससे जमीनी स्तर पर चुनावी मुकाबला काफी दिलचस्प होने की उम्मीद है।
नहीं बदलेगा अध्यक्ष और प्रमुख चुनने का तरीका
चुनावी व्यवस्था को लेकर बनी असमंजस की स्थिति को दूर करते हुए मंत्री ने साफ किया कि जिला परिषद अध्यक्ष और प्रखंड प्रमुख का चुनाव वर्तमान में चल रही अप्रत्यक्ष प्रक्रिया के तहत ही संपन्न होगा। उन्होंने इसके पीछे का संवैधानिक कारण बताते हुए कहा कि इन पदों पर प्रत्यक्ष (जनता द्वारा सीधे) चुनाव कराने के लिए भारतीय संविधान में संशोधन करने की आवश्यकता होती है, जिसके अभाव में पुरानी व्यवस्था (अप्रत्यक्ष रूप से) को ही जारी रखा जाएगा।

नवादा से लेकर नालंदा तक मंत्री का भव्य स्वागत
अपने इस दौरे के क्रम में पंचायती राज विभाग के मंत्री दीपक प्रकाश जब नवादा जिला अतिथि गृह पहुंचे, तो वहां उपस्थित पार्टी कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय साथियों ने उनका बेहद गर्मजोशी और उत्साह के साथ स्वागत किया। इसके बाद, नालंदा जिला दौरे के अंतर्गत वे बिहारशरीफ स्थित सोहडीह मोहल्ला पहुंचे, जहां अनिल मेहता के आवास पर एक भव्य स्वागत कार्यक्रम का आयोजन किया गया था।
दौरे के अगले चरण में नवादा जिला आगमन के उपरांत नवादा सदर प्रखंड के ग्राम अंबिका विगहा (बेलघार) में स्थानीय नागरिकों और साथियों ने मंत्री का आत्मीय अभिनंदन किया। जनता और कार्यकर्ताओं से मिले इस अपार जनसमर्थन से अभिभूत होकर मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा, “आप सभी का यह स्नेह, सम्मान और विश्वास मेरे लिए अमूल्य है। आप लोगों का साथ और सहयोग ही मुझे जनसेवा के लिए हमेशा प्रेरित करता है। मैं आप सभी के सहयोग और आशीर्वाद के साथ जनहित एवं विकास के लिए निरंतर कार्य करता रहूँगा।”

अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’के लिंक पर क्लिक करें,
|| https://newsbharattv.in ||

