समस्तीपुर, 30 जुलाई 2026 । अपनी जायज मांगों को लेकर राज्यव्यापी आंदोलन के तहत समस्तीपुर नगर निगम के सफाईकर्मियों का आक्रोश बृहस्पतिवार को सड़कों पर फूट पड़ा। हड़ताल पर बैठे सैकड़ों सफाईकर्मियों ने पूरे समस्तीपुर शहर में विशाल जुलूस निकालकर समाहरणालय पर गर्जना की और इसके बाद नगर निगम कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। कर्मचारियों के इस तीखे तेवर से निगम प्रशासन और स्थानीय प्रशासन में हड़कंप मचा रहा ।
इस विशाल प्रदर्शन का नेतृत्व पटना नगर निगम संयुक्त कर्मचारी समन्वय समिति एवं बिहार राज्य स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ के दिग्गज नेताओं द्वारा किया गया। हाथों में तख्तियां और बैनर लिए सफाईकर्मियों ने नगर निगम प्रशासन और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

नियमितीकरण और ठेका प्रथा खत्म करने पर अड़े कर्मचारी
आंदोलनकारियों ने पुरजोर तरीके से मांग उठाई कि वर्षों से लगातार अपनी सेवाएं दे रहे दैनिक वेतनभोगी, संविदा एवं अन्य अस्थायी कर्मचारियों का अविलंब नियमितीकरण किया जाए तथा उनकी सेवा सुरक्षा की ठोस गारंटी दी जाए। इसके अलावा, कर्मचारियों के हितों के खिलाफ जारी किए गए सभी प्रतिकूल आदेशों को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए।
सफाईकर्मियों ने ठेका (कॉन्ट्रैक्ट) एवं आउटसोर्सिंग व्यवस्था को पूरी तरह समाप्त कर संबंधित कर्मियों को सीधे नगर निगम के अधीन समायोजित करने, ईएसआई (ESI), पीएफ (PF) का लाभ देने तथा लंबे समय से लंबित बकाया राशि का अविलंब भुगतान सुनिश्चित करने की पुरजोर मांग की।

नगर की रीढ़ हैं सफाईकर्मी, शोषण बर्दाश्त नहीं
समाहरणालय व निगम परिसर में आयोजित विशाल सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि सफाईकर्मी पूरे नगर की स्वच्छता व्यवस्था की असली रीढ़ हैं। दिन-रात शहर को साफ-सुथरा रखने वाले इन कर्मचारियों को आज तक स्थायी सेवा, उचित मानदेय और सामाजिक सुरक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित रखा गया है। वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र ही सकारात्मक और ठोस कदम नहीं उठाए गए तो यह आंदोलन और अधिक विकराल रूप धारण करेगा।

सभा में मौजूद रहे प्रमुख नेता एवं कार्यकर्ता
मौके पर आयोजित सभा की अध्यक्षता संगठन के अध्यक्ष राजकुमार राम ने की, जबकि मंच संचालन का दायित्व सहायक मंत्री प्रमोद राम ने संभाला।
बतौर मुख्य वक्ता ऐक्टू (ACTU) राज्य परिषद सदस्य सह सम्मानित अध्यक्ष (बिहार राज्य स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ, नगर निगम समस्तीपुर) जीबछ पासवान, ऐक्टू नेता सुरेंद्र प्रसाद सिंह, बिहार राज्य अनुरक्षक संघ के जिला अध्यक्ष जीतेंद्र कुशवाहा, विनोद मल्लिक, शिवजी मल्लिक, अमर राम, मनोज कुमार, मोहम्मद अलीशेर, भूपेंद्र सिंह, रीता देवी, रेखा देवी, संगीता देवी, मीरा देवी, चंद्रकाला देवी, नरेश राम, बिरजू राम, गणेश राम, अनिल मल्लिक, संजीत कुमार पोद्दार एवं देव कुमार समेत बड़ी संख्या में सफाईकर्मियों एवं श्रमिक नेताओं ने सभा को संबोधित किया।
सभी नेताओं एवं कर्मचारियों ने एक स्वर में एलान किया कि जब तक उनकी मांगें पूरी तरह मान नहीं ली जातीं, तब तक उनका यह अनिश्चितकालीन आंदोलन और हड़ताल पूरी एकजुटता के साथ जारी रहेगा।
अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’के लिंक पर क्लिक करें,
|| https://newsbharattv.in ||

