पटना, 26 अगस्त: रक्षाबंधन के पावन अवसर पर बिहार की बेटियों और बहनों की सुरक्षा, उच्च शिक्षा और स्वावलंबन को लेकर सम्राट चौधरी ने ऐतिहासिक सौगातों की बौछार कर दी है। पटना के सम्राट अशोक कन्वेंशन केंद्र स्थित ज्ञान भवन में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान बिहार के मुख्यमंत्री ने राज्य की महिलाओं के लिए तीन नई एवं क्रांतिकारी योजनाओं का शुभारंभ किया।

4,700 स्कूटर-मोटरसाइकिल से सड़कों पर पहरा देगी ‘अभया ब्रिगेड‘
महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोपरि बताते हुए मुख्यमंत्री ने ‘पुलिस दीदी (अभया ब्रिगेड)’ के लिए 4,700 दोपहिया वाहनों (स्कूटर एवं मोटरसाइकिल) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अब ये पुलिस दीदियां स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थानों के आसपास गश्त कर मनचलों पर नकेल कसेंगी और त्वरित सुरक्षा प्रदान करेंगी। मुख्यमंत्री ने गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि बिहार पुलिस बल में लगभग 40,000 महिला पुलिसकर्मी तैनात हैं, जो देश के किसी भी राज्य की तुलना में सबसे अधिक है। इस मौके पर पुलिस दीदियों ने मुख्यमंत्री को राखी बांधकर सुरक्षा का संकल्प भी दोहराया।

शोध के लिए 10 हजार प्रतिमाह और स्टार्टअप के लिए 2 लाख की मदद
शिक्षा और उद्यमिता के क्षेत्र में बिहार की बेटियों का परचम लहराने के लिए दो और बड़ी योजनाओं का ऐलान किया गया:
- मुख्यमंत्री बालिका पीएचडी फेलोशिप: उच्च शिक्षा और अनुसंधान (रिसर्च) को बढ़ावा देने के लिए लगभग 1,000 मेधावी छात्राओं को 4 वर्षों तक प्रति माह 10,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
- बिहार की बेटी स्टार्टअप चैलेंज योजना: महिला उद्यमियों और उनके नए विचारों (इनोवेशन) को धरातल पर उतारने के लिए 50,000 रुपये से लेकर 2 लाख रुपये तक की वित्तीय सहायता मुहैया कराई जाएगी। इसका सीधा लाभ 2,100 महिलाओं को मिलेगा।

आपातकालीन सेवा 112 अब 5 से 7 मिनट में पहुंचेगी मदद
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राज्य में आपातकालीन सेवा 112 का रिस्पॉन्स टाइम (प्रतिक्रिया समय) पहले ही घटकर 10 मिनट से कम हो चुका है, और नई तकनीकों के माध्यम से इसे जल्द ही महज 5 से 7 मिनट करने का लक्ष्य है।
1 करोड़ महिलाओं को ‘लखपति दीदी‘ बनाने का लक्ष्य
सम्राट चौधरी ने जानकारी दी कि राज्य में जीविका दीदियाँ बिहार की अर्थव्यवस्था में 1.36 लाख करोड़ रुपये का विशाल योगदान दे रही हैं और 43 लाख महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं। सरकार का आगामी लक्ष्य 1 करोड़ और महिलाओं को जीविका, दुग्ध उत्पादन, पशुपालन और स्वरोजगार से जोड़कर लखपति दीदी बनाने का है। इसके अलावा पंचायतों और नगर निकायों में महिलाओं को दिए गए 50 प्रतिशत आरक्षण के कारण आज 59 प्रतिशत से अधिक महिलाएं जनप्रतिनिधि के रूप में चुनकर आ रही हैं।

कार्यक्रम में गणमान्य लोगों की उपस्थिति
इस भव्य समारोह में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, उच्च शिक्षा एवं विधि मंत्री संजय सिंह ‘टाइगर’, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, गृह विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, शिक्षा विभाग के सचिव राजीव रौशन, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, विधि व्यवस्था एवं कमजोर वर्ग की एडीजी के.एस. अनुपम, जिलाधिकारी कुंदन कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा सहित पुलिस दीदियां और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’ के लिंक पर क्लिक करें ,
|| https://newsbharattv.in ||

