मुजफ्फरपुर। उत्तर बिहार की राजधानी कहे जाने वाले मुजफ्फरपुर में विकास और सुरक्षा को लेकर अब तक की सबसे बड़ी हलचल शुरू हो चुकी है। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित मुजफ्फरपुर आगमन को लेकर पूरे जिले में प्रशासनिक महकमा अलर्ट मोड पर आ गया है। इस दौरे के दौरान नगर विकास एवं आवास विभाग के अंतर्गत बुडको और मुजफ्फरपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा कुल 1047.09 करोड़ रुपये की भारी-भरकम लागत से तैयार 982 विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया जाएगा। इन योजनाओं के धरातल पर उतरने से शहर की सड़क, जलनिकासी, पार्क, घाट, प्रकाश व्यवस्था और अन्य शहरी आधारभूत सुविधाओं का कायाकल्प होना तय माना जा रहा है।

सिकंदरपुर लेक फ्रंट बनेगा शहर की नई पहचान इस महा-योजना में सबसे बड़ा आकर्षण सिकंदरपुर लेक फ्रंट परियोजना है। कुल 213.25 करोड़ रुपये की लागत से विकसित की गई यह परियोजना मुजफ्फरपुर को एक आधुनिक, स्वच्छ और आकर्षक शहरी पहचान प्रदान करेगी। सरकार का दावा है कि समावेशी, आधुनिक एवं सतत शहरी विकास के माध्यम से नागरिकों के जीवन को अधिक सुगम और गुणवत्तापूर्ण बनाना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
फकुली चेक पोस्ट बना अभेद्य किला, परिंदा भी नहीं मार सकता पर मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था इस कदर सख्त कर दी गई है कि सीमावर्ती इलाकों में परिंदा भी पर नहीं मार सकता। इसी कड़ी में जिलाधिकारी मुजफ्फरपुर और वरीय पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरपुर द्वारा अंतर जिला फकुली चेक पोस्ट का संयुक्त रूप से औचक निरीक्षण किया गया। दोनों आलाधिकारियों ने चेक पोस्ट पर सुरक्षा व्यवस्था, वाहनों की सघन जांच, संदिग्ध व्यक्तियों की कड़ाई से निगरानी तथा विधि-व्यवस्था संधारण की तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया।
सख्त निर्देश: हर गाड़ी की होगी मुस्तैद चेकिंग निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मौके पर मौजूद पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को बेहद कड़े और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि जिले में प्रवेश करने वाले प्रत्येक वाहन और व्यक्ति की सतर्कतापूर्वक जांच सुनिश्चित की जाए। चेकिंग व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाए रखने का निर्देश देते हुए अधिकारियों ने सुरक्षा में किसी भी प्रकार की कोताही न बरतने की चेतावनी दी है।
अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’के लिंक पर क्लिक करें,
|| https://newsbharattv.in ||


