मुजफ्फरपुर: दशहरा पर्व को लेकर मुजफ्फरपुर पुलिस की ओर से चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान और सक्रिय पुलिसिंग के तहत मुशहरी थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मनसाही नवादा चौक से रजवाड़ा बांध जाने वाले रास्ते में मनिका हरिकेश मन पुल के पास से घेराबंदी कर दो शातिर अपराधियों को अवैध हथियार व कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया, जबकि उनका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा।

मामले की जानकारी देते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी – 02 मनोज कुमार सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश और ग्रामीण पुलिस अधीक्षक के अनुश्रवण में त्योहारों के मद्देनजर पुलिस टीम लगातार गश्ती और छापेमारी कर रही है। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि तीन संदिग्ध युवक हथियार के साथ किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की नीयत से मनिका हरिकेश मन पुल के पास इकट्ठा हुए हैं।
सूचना मिलते ही मुशहरी थाना के उप निरीक्षक कन्हैया लाल पंडित के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। पुलिस बल को देखते ही तीनों युवक भागने लगे, जिसके बाद पुलिस जवानों ने खदेड़कर दो अपराधियों को मौके पर ही दबोच लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से 01 देशी कट्टा, 02 जिंदा कारतूस और 01 खोखा बरामद किया गया।

गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण:
- चंदन कुमार, पिता राम आशीष साहनी, निवासी ग्राम विदोलिया, थाना मुशहरी, जिला मुजफ्फरपुर।
- रितेश कुमार, पिता जवाहर साहनी, निवासी ग्राम विदोलिया, थाना मुशहरी, जिला मुजफ्फरपुर।
फरार अभियुक्त:
- गोपी कुमार, पिता अरविंद साहनी, निवासी ग्राम विदोलिया, थाना मुशहरी, जिला मुजफ्फरपुर।

राहगीरों को निशाना बनाने की थी योजना, पहले भी जा चुके हैं जेल: पूछताछ में यह बात सामने आई कि दशहरा पर्व के दौरान रात में ट्रेन से उतरकर अपने-अपने गांव लौटने वाले राहगीरों से लूटपाट और छिनतई करने की मंशा से ये लोग इकट्ठा हुए थे। गिरफ्तार अभियुक्तों का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। पूछताछ के दौरान दोनों ने स्वीकार किया कि वे हाल ही में ब्रह्मपुरा क्षेत्र में हुई चेन छिनतई की घटना में शामिल थे, जहां वे अपनी मोटरसाइकिल छोड़कर भाग निकले थे। इसके अलावा, समस्तीपुर जिले में करीब 4-5 महीने पहले हुई लूटपाट की घटनाओं में भी कुख्यात अपराधी लक्ष्मी साहनी और अमन साहनी (जो वर्तमान में जेल में बंद हैं) के साथ रितेश कुमार की संलिप्तता रही है।

इस संबंध में मुशहरी थाना कांड संख्या 366/26 दर्ज कर गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा रहा है। वहीं, फरार अपराधी गोपी कुमार की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’ के लिंक पर क्लिक करें,
|| https://newsbharattv.in ||

