पटना, 17 अक्टूबर: शारदीय नवरात्रि के महासप्तमी के पावन एवं शुभ अवसर पर राजधानी पटना भक्ति भावना और जयकारों से गुंजायमान हो उठी। इस खास मौके पर बिहार के दिग्गज नेताओं और प्रशासनिक अधिकारियों ने शहर के विभिन्न पूजा पंडालों और मंदिरों में पहुंचकर माँ भगवती के दर्शन किए तथा विधिवत पूजा-अर्चना की।

जगदेव पथ, बोरिंग रोड और भद्रकाली मंदिर में मुख्यमंत्री ने की पूजा
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने महासप्तमी पर जगदेव पथ स्थित मून क्लब श्री दुर्गा पूजा समिति के पंडाल में पहुँचकर माँ दुर्गा के नेत्र पूजन के साथ विधिवत पूजा की। इसके साथ ही उन्होंने बोरिंग रोड चौराहा स्थित श्री दुर्गा पूजा समिति तथा कृष्णा अपार्टमेंट के सामने स्थित भद्रकाली मंदिर पूजा पंडाल में माँ भगवती के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। मुख्यमंत्री ने समस्त बिहारवासियों को दुर्गा पूजा की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्रार्थना करते हुए कहा कि माँ भगवती का आशीर्वाद सभी पर बना रहे और राज्य में सुख, शांति, समृद्धि तथा उन्नति का मार्ग निरंतर प्रशस्त हो।

राजधानी के कई पूजा पंडालों में पहुंचे नितिन नवीन और संजय सरावगी
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन एवं प्रदेश अध्यक्ष सह विधायक संजय सरावगी ने पटना के विभिन्न पूजा पंडालों का दौरा कर माँ आदिशक्ति की आराधना की। दोनों नेताओं ने बोरिंग कैनाल रोड स्थित श्री श्री पंचमुखी हनुमान मंदिर दुर्गा पूजा समिति, आनंदपुरी के हिमगिरि चौराहा स्थित श्री विजय वाहिनी दुर्गा पूजा समिति, बोरिंग रोड व्यापार मंडल द्वारा आयोजित पूजा पंडाल तथा शिवपुरी स्थित अटल पथ सब्जी मंडी में रामनवमी सेना द्वारा आयोजित दुर्गा पूजा पंडाल में माँ दुर्गा के दर्शन किए। उन्होंने माँ जगदम्बा से समस्त राज्यवासियों के उत्तम स्वास्थ्य, सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

पूजा-अर्चना में शामिल रहे कई गणमान्य व्यक्ति
इस पावन अवसर पर दिग्गजों के साथ विधान पार्षद संजय मयूख, बिहार राज्य बाल श्रमिक आयोग के उपाध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह, पटना के जिलाधिकारी कुंदन कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के० शर्मा सहित कई आयोजकगण, अनेक गणमान्य व्यक्ति और श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’ के लिंक पर क्लिक करें,
|| https://newsbharattv.in ||

