समस्तीपुर, 11 अक्टूबर 2026: समस्तीपुर शहर की लाइफलाइन माने जाने वाले भोला टाकीज रेल गुमटी ओवरब्रिज का निर्माण कार्य अचानक बंद होने से स्थानीय लोगों, दुकानदारों और वाहन चालकों के बीच भारी आक्रोश व्याप्त हो गया है। जोर-शोर से शुरू हुआ यह महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट अब अधर में लटकता नजर आ रहा है, जिससे पूरे जिला वासियों में गहरी चिंता और आशंका फैल गई है।

रविवार को समस्तीपुर रेल विस्तार एवं विकास मंच की टीम ने बंद पड़े निर्माण स्थल का जायजा लिया। मंच के सदस्यों ने स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को गहराई से समझा। निरीक्षण के बाद मंच के संयोजक शत्रुघ्न राय पंजी और सदस्य सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने शासन-प्रशासन को अल्टीमेटम देते हुए मांग की कि बंद पड़े ओवरब्रिज का निर्माण कार्य अविलंब चालू किया जाए और इसे निर्धारित समय-सीमा के अंदर गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।

25 अक्टूबर को पदयात्रा, फिर डीएम-डीआरएम का घेराव मंच के नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने जल्द ही कार्य शुरू नहीं कराया तो 25 अक्टूबर को निर्माण स्थल से पदयात्रा आंदोलन की शुरुआत की जाएगी। इसके बाद जिलाधिकारी (डीएम) और समस्तीपुर रेल मंडल के डीआरएम का घेराव करते हुए जोरदार धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इस संबंध में मंच द्वारा जल्द ही डीएम और डीआरएम को एक स्मार-पत्र भी सौंपा जाएगा।

नेताओं का कहना है कि यह ओवरब्रिज केवल एक पुल नहीं बल्कि पूरे समस्तीपुर शहर की सुगम यातायात व्यवस्था की रीढ़ है। इसके निर्माण में देरी से आम जनता की दैनिक जिंदगी नरक बन गई है।
निरीक्षण के दौरान शत्रुघ्न राय पंजी, सुरेंद्र प्रसाद सिंह, शंकर प्रसाद साह, शाहीद हुसैन, राम विनोद पासवान, विश्वनाथ सिंह हजारी, दीनबंधु प्रसाद, असगर अंसारी और सुशील कुमार समेत कई अन्य सदस्य उपस्थित थे।
अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’ के लिंक पर क्लिक करें,
|| https://newsbharattv.in ||

