पटना, 11 अक्टूबर 2026: राजधानी पटना की परिवहन व्यवस्था को नया आयाम देने के लिए सरकार ने बेहद कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने खुद मैदान में उतरकर नेहरू पथ पर चल रहे पटना मेट्रो रेल परियोजना के निर्माण कार्यों का तूफानी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी हाल में वर्ष 2028 तक पटना मेट्रो रेल परियोजना का निर्माण कार्य पूर्ण किया जाए।

स्थल निरीक्षण के दौरान सम्राट चौधरी ने इनकम टैक्स गोलंबर, हाई कोर्ट चौराहा एवं हनुमान मंदिर के समीप पहुंचकर निर्माण कार्यों की प्रगति की बारीकी से समीक्षा की और अधिकारियों से अद्यतन स्थिति की पूरी जानकारी ली।

जनता की सुरक्षा और सुविधा से कोई समझौता नहीं
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि निर्माण कार्य के दौरान गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का पूरी तरह से पालन किया जाए। शहरवासियों के दैनिक आवागमन पर न्यूनतम प्रभाव पड़े और आम नागरिकों को कम से कम असुविधा हो, इसके लिए ट्रैफिक मैनेजमेंट को दुरुस्त रखने का निर्देश दिया गया।

पैदल यात्रियों के लिए बड़ी राहत: बनेंगे 2 फुट ओवरब्रिज
नेहरू पथ पर पैदल पार करने वाले लोगों और छात्राओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने जे०डी० विमेंस कॉलेज तथा हाईकोर्ट चौराहा-बिहार म्यूजियम के पास फुट ओवरब्रिज के निर्माण का बड़ा निर्देश दिया है।

निरीक्षण के दौरान ये सभी गणमान्य रहे उपस्थित
इस दौरान उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री शीला कुमारी, नगर विकास एवं आवास विभाग सह वित्त विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार, पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, पटना मेट्रो रेल परियोजना के प्रबंध निदेशक संदीप कुमार आर० पुडुकलकट्टी, भवन निर्माण विभाग के सचिव प्रणव कुमार, नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव अनिमेश कुमार परासर, पटना के जिलाधिकारी कुंदन कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के० शर्मा सहित कई अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’ के लिंक पर क्लिक करें,
|| https://newsbharattv.in ||

