पटना: बिहार में सरकारी शिक्षक बनने का सपना देख रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) ने चतुर्थ चरण की विद्यालय अध्यापक भर्ती परीक्षा (टीआरई-4.0) के तहत होने वाली आवेदन प्रक्रिया को ऐन वक्त पर स्थगित कर दिया है। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 1 सितंबर 2026 से इसके लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू होनी थी, जिसे आयोग ने अचानक रोक दिया है।

विज्ञापन संख्या 14/2026 पर लगा स्थगनादेश : बिहार लोक सेवा आयोग, पटना द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, विज्ञापन संख्या 14/2026 के तहत शिक्षा विभाग, बिहार के अंतर्गत कुल 32,388 रिक्त पदों पर विद्यालय अध्यापकों की नियुक्ति की जानी थी। 1 सितंबर 2026 से अभ्यर्थी इसके लिए ऑनलाइन फॉर्म भर सकते थे, लेकिन परीक्षा नियंत्रक द्वारा हस्ताक्षरित जारी नोटिस में कहा गया है कि “प्रक्रियात्मक बदलाव के कारण” इसे फिलहाल स्थगित किया जाता है।

प्रक्रियात्मक बदलाव बनी मुख्य वजह : आयोग ने पत्र जारी कर यह स्पष्ट किया है कि आवेदन की प्रक्रिया में कुछ तकनीकी और प्रक्रियात्मक बदलाव किए जा रहे हैं। हालांकि, अचानक हुए इस फैसले से भर्ती की तैयारी में लगे अभ्यर्थियों के बीच गहरी निराशा और भ्रम की स्थिति बन गई है।
जल्द घोषित होगी नई तिथि : बीपीएससी प्रशासन ने अभ्यर्थियों को संयम रखने की सलाह दी है। आयोग की तरफ से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया है कि नई आवेदन तिथियों की घोषणा बहुत जल्द आयोग की वेबसाइट पर की जाएगी। तब तक के लिए अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।

अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’ के लिंक पर क्लिक करें ,
|| https://newsbharattv.in ||


