पटना / विशेष संवाददाता: बिहार में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को लेकर बड़ा फैसला सामने आया है। राज्य के दो सरकारी मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस की सीटों में बढ़ोतरी की स्वीकृति दी गई है। राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (नेशनल मेडिकल कमीशन) के मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड द्वारा सेकंड अपील कमेटी के निर्णय के तहत समस्तीपुर और छपरा (सारण) स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेजों को शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एमबीबीएस की 50-50 सीटों के लिए अनुमति पत्र जारी किया गया है।आयोग द्वारा जारी पत्र के अनुसार, समस्तीपुर स्थित श्री राम जानकी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल और छपरा (सारण) स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेज में 50-50 एमबीबीएस सीटों पर विद्यार्थियों के दाखिले की आधिकारिक मंजूरी दे दी गई है।

स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार का वक्तव्य: “स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने में मिलेगी मदद”
इस स्वीकृति पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने कहा कि यह कदम राज्य में चिकित्सा शिक्षा के प्रसार में सहायक सिद्ध होगा।
निशांत कुमार ने कहा, “बिहार में चिकित्सा शिक्षा के विस्तार की दिशा में यह एक और महत्वपूर्ण कदम है। समस्तीपुर के श्री राम जानकी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल तथा छपरा (सारण) के सरकारी मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस सीटों की बढ़ोतरी बिहार के विद्यार्थियों के लिए चिकित्सा शिक्षा के नए अवसरों का मार्ग प्रशस्त करेगी।”

उन्होंने आगे कहा, “यह विस्तार न केवल मेडिकल की पढ़ाई करने वाले युवाओं के लिए अवसर बढ़ाएगा, बल्कि आने वाले समय में प्रदेश में योग्य चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।”

केंद्र और राज्य सरकार के सहयोग की सराहना
स्वास्थ्य मंत्री ने विभागीय समन्वय और मार्गदर्शन का उल्लेख करते हुए कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा के सहयोग और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रेरणा से बिहार सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा को विस्तार देने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। हमारा संकल्प स्वस्थ बिहार, सशक्त बिहार है। बेहतर चिकित्सा शिक्षा और मजबूत स्वास्थ्य व्यवस्था की दिशा में हमारा प्रयास निरंतर जारी रहेगा।”
अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’ के लिंक पर क्लिक करें ,
|| https://newsbharattv.in ||


