प्रशिक्षण के लिए ऑक्सफोर्ड जाएंगे बिहार के टॉप शिक्षक – बापू सभागार से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का बड़ा ऐलान

पटना, 10 अक्टूबर 2026

बिहार की शैक्षणिक क्रांति में एक नया अध्याय जुड़ गया है। राजधानी पटना के बापू सभागार में आयोजित राज्यस्तरीय ‘सेवा ही संकल्प’ अभियान के तहत चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण समारोह में प्रदेश के होनहार विद्यार्थियों का जलवा देखने को मिला। ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर आयोजित इस महा-प्रतियोगिता में पूरे देश में बिहार ने प्रथम स्थान हासिल कर इतिहास रच दिया है।

समारोह की शुरुआत मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी, उपमुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव और शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने दीप प्रज्वलित कर की।

 बापू सभागार, पटना में आयोजित राज्यस्तरीय सेवा चित्र एवं भाषण प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी, उपमुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी एवं अन्य अतिथियों द्वारा विजेता छात्रा को ट्रॉफी एवं 25,000 रुपये का चेक प्रदान कर सम्मानित करते हुए।

समारोह की मुख्य बातें एवं बड़ी घोषणाएँ:

  • विद्यार्थी ही कल के महानायक:

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विजेता बच्चों को ट्रॉफी एवं चेक प्रदान कर बधाई दी। उन्होंने कहा कि आज के छात्र ही कल के नायक और महानायक हैं। नालंदा और विक्रमशिला की ज्ञान परंपरा को पुनः स्थापित करने के लिए सरकार संकल्पित है।

  • शिक्षकों को ट्रेनिंग के लिए  ऑक्सफोर्ड और विदेश भेजने की योजना

मुख्यमंत्री ने शिक्षा विभाग को निर्देश दिया कि राज्य के 100 उत्कृष्ट शिक्षकों की पहचान की जाए, जिन्हें ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी जैसे विश्वविख्यात संस्थानों में अंतरराष्ट्रीय स्तर की शिक्षण पद्धतियों का प्रशिक्षण लेने के लिए विदेश भेजा जाएगा।

  • TRE-4 से होगी 33,000 नए शिक्षकों की बहाली:

राज्य में TRE-4 (टी०आर०ई०-4) के माध्यम से लगभग 33,000 नए शिक्षकों की सीधी नियुक्ति की जा रही है। वर्तमान में करीब 7 लाख शिक्षक 2 करोड़ बच्चों के भविष्य को संवार रहे हैं।

  • रात में 1.42 लाख बच्चे ‘विद्यार्थी साथी App’ से कर रहे पढ़ाई:

700 मॉडल स्कूलों (सरस्वती विद्या निकेतन) में शुरू किए गए ‘विद्यार्थी साथी App’ (विद्यार्थी साथी ऐप) का छात्र देर रात तक लाभ उठा रहे हैं। रात 1 बजे तक लगभग 1.42 लाख विद्यार्थी इस ऐप से NEET (नीट) और JEE (जेईई) जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं, जबकि वीकेंड पर यह आंकड़ा पौने 2 लाख तक पहुंच जाता है।

  • पिता नहीं उड़ा पाएंगे पोशाक के पैसे, जीविका दीदियाँ सिलेंगी 1 करोड़ ड्रेस:

मुख्यमंत्री ने ऐतिहासिक फैसला सुनाते हुए कहा कि पहले पोशाक की राशि बैंक खातों में भेजने पर कई अभिभावक (पिता) इसे दूसरी जगह खर्च कर देते थे। अब 1 करोड़ विद्यार्थियों के लिए जीविका दीदियों के माध्यम से सीधे ड्रेस सिलवाकर दी जाएगी, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार भी बढ़ेगा।

  • मार्च 2027 तक बदलेगी सरकारी स्कूलों की सूरत:

‘सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान’ के तहत राज्य के सभी सरकारी विद्यालयों की मरम्मत, रंगाई-पुताई और बुनियादी सुविधाओं को मार्च तक पूरी तरह दुरुस्त कर दिया जाएगा।

  • 2030 से पहले बिहार में ही मिलेगा रोजगार, पलायन पर लगेगी रोक:

सरकार का लक्ष्य है कि वर्ष 2030 से पहले बिहार के युवाओं को राज्य के अंदर ही उद्योगों और बेहतर उच्च शिक्षण संस्थानों के माध्यम से रोजगार व गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जाए ताकि किसी को बाहर न जाना पड़े।

कार्यक्रम में मौजूद प्रमुख हस्तियाँ:

समारोह में केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी, उपमुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, केंद्रीय अपर सचिव अर्चना शर्मा अवस्थी, केंद्रीय संयुक्त सचिव अमरप्रीत दुग्गल, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षक और हजारों छात्र-छात्राएँ उपस्थित थे।

अन्‍य खबरों  के लिए नीचे  ’न्‍यूज भारत टीवी ’ के लिंक पर क्लिक करें,

||  https://newsbharattv.in  ||

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here