पटना। बिहार में आधुनिक, पर्यावरण अनुकूल और सुरक्षित सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना स्थित वेटनरी कॉलेज ग्राउंड में आयोजित एक समारोह में प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत मिलने वाली नई इलेक्ट्रिक बसों और बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) के नए डीलक्स बस बेड़े को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस शुरुआत से बिहार के यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलेगी।

शहरों को प्रदूषण मुक्त बनाने की पहल
प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत बिहार के लिए कुल 400 इलेक्ट्रिक बसों की स्वीकृति मिली है। इनमें 200 बसें 12 मीटर और 200 बसें 9 मीटर श्रेणी की हैं। प्रथम चरण में आज पहली इलेक्ट्रिक बस का लोकार्पण किया गया। ये बसें राज्य के प्रमुख शहरों—पटना, मुजफ्फरपुर, गया, भागलपुर, दरभंगा और पूर्णिया में चलाई जाएंगी। इन वातानुकूलित और धुआं-रहित ई-बसों के संचालन से शहरों में वायु प्रदूषण में कमी आएगी और पर्यावरण सुरक्षित रहेगा।


पड़ोसी राज्यों का सफर होगा और भी किफायती व सुरक्षित
बिहार राज्य पथ परिवहन निगम द्वारा बेड़े में 149 नई डीलक्स बसों (75 एसी और 74 नॉन-एसी) को शामिल किया जा रहा है। इनमें से 3 एसी और 73 नॉन-एसी बसों का शुभारंभ आज कर दिया गया। ये नई डीलक्स बसें बिहार को देश के प्रमुख राज्यों और शहरों जैसे दिल्ली, उत्तर प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल और हरियाणा से सीधे जोड़ेंगी। आधुनिक सुविधाओं और सुरक्षा मानकों से लैस इन बसों के आने से यात्रियों को यात्रा का एक सुरक्षित, किफायती और भरोसेमंद विकल्प मिलेगा।

समारोह में उपस्थित प्रमुख लोग
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव, परिवहन मंत्री दामोदर रावत, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, परिवहन विभाग के सचिव राज कुमार और बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के प्रशासक अतुल कुमार वर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’के लिंक पर क्लिक करें,
|| https://newsbharattv.in ||

