मुजफ्फरपुर के गायघाट को मिला उच्च शिक्षा का सबसे बड़ा तोहफा, राजकीयकृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जारंग में शुरू होगी डिग्री कॉलेज की पढ़ाई
पटना/मुजफ्फरपुर। बिहार के उच्च शिक्षा विभाग से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। राज्य सरकार ने एक ऐतिहासिक फैसला लेते हुए बिहार के चार प्रमुख जिलों—मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, भागलपुर और नालंदा के ग्रामीण इलाकों में डिग्री कॉलेजों के संचालन को अंतिम मंजूरी दे दी है। उच्च शिक्षा विभाग द्वारा जारी विभागीय संकल्प संख्या-633, दिनांक 30.04.2026 के तहत इन सभी क्षेत्रों में कॉलेज संचालन के पते बदल दिए गए हैं, यानी अब पहले से तय स्कूलों की जगह नए संशोधित संस्थानों में कॉलेज की कक्षाएं लगेंगी।

इस पूरे फैसले में मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट प्रखंड के लिए बहुत बड़ी खुशखबरी है। गायघाट में डिग्री कॉलेज के संचालन को लेकर सरकार ने बड़ा संशोधन किया है। पहले जहाँ ‘मध्य विद्यालय, पीरौँछा, गायघाट’ को इसके लिए शॉर्टलिस्ट किया गया था, वहीं अब नए और अंतिम आदेश के तहत गायघाट प्रखंड के ‘राजकीयकृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जारंग‘ में डिग्री कॉलेज का संचालन सुनिश्चित किया गया है। इस फैसले के बाद जारंग और आसपास के दर्जनों गांवों के छात्र-छात्राओं में जश्न का माहौल है, क्योंकि अब उन्हें स्नातक (ग्रैजुएशन) की पढ़ाई के लिए मुजफ्फरपुर शहर या सुदूर इलाकों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
समस्तीपुर के सिंघिया को भी मिला नया ठिकाना, सांसद शाम्भवी चौधरी ने जताया आभार
गायघाट के साथ-साथ समस्तीपुर जिले के सिंघिया प्रखंड के लोगों की भी बरसों पुरानी मांग पूरी हो गई है। समस्तीपुर लोकसभा क्षेत्र (23) की सांसद शाम्भवी चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (ट्विटर) पर एक पोस्ट के जरिए इस ऐतिहासिक निर्णय की आधिकारिक जानकारी साझा की।
सांसद शाम्भवी चौधरी ने बताया कि सिंघिया प्रखंड के युवाओं और छात्राओं की लंबे समय से मांग थी कि क्षेत्र में एक डिग्री कॉलेज खोला जाए ताकि उन्हें उच्च शिक्षा के लिए दूर न जाना पड़े। सरकार ने इस मांग को स्वीकार कर लिया है। नए भवन के निर्माण तक इस महाविद्यालय का संचालन अस्थाई रूप से ‘+2 कुमार गंगनंद एकेडमी, सिंघिया‘ में किया जाएगा (जबकि पहले इसके लिए ‘उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, बसुआ’ को चिन्हित किया गया था)। सांसद ने इस महत्वपूर्ण कदम के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में काम कर रही बिहार की डबल इंजन सरकार और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का विशेष धन्यवाद किया है।

भागलपुर और नालंदा में भी बदले पते, यहाँ देखें पूरी संशोधित लिस्ट
उच्च शिक्षा विभाग के इस नए आदेश से भागलपुर के पीरपैंती और नालंदा के थरथरी प्रखंड के कॉलेजों के पते भी पूरी तरह बदल गए हैं। चारों जिलों की पूरी और स्पष्ट सूची इस प्रकार है:
- मुजफ्फरपुर (गायघाट प्रखंड): पहले यहाँ ‘मध्य विद्यालय, पीरौँछा’ तय था, जिसे अब बदलकर ‘राजकीयकृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जारंग‘ कर दिया गया है।
- समस्तीपुर (सिंघिया प्रखंड): पहले यहाँ ‘उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, बसुआ’ चिन्हित था, जिसे अब संशोधित कर ‘+2 कुमार गंगनंद एकेडमी, सिंघिया‘ कर दिया गया है।
- भागलपुर (पीरपैंती प्रखंड): पहले यहाँ ‘राजकीय बुनियादी विद्यालय, पंचरुखी’ का चयन हुआ था, जिसे अब निरस्त कर ‘मध्य विद्यालय सिमानपुर, पीरपैंती‘ में संचालित किया जाएगा।
- नालंदा (थरथरी प्रखंड): पहले यहाँ ‘+2 उच्च विद्यालय पमारा, त्रिभुवनबिघा’ तय था, जिसे अब बदलकर ‘मध्य विद्यालय, भटहर, थरथरी‘ कर दिया गया है।

ग्रामीण इलाकों के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की ओर बड़ा कदम
सरकार के इस कड़कदार फैसले से बिहार के ग्रामीण और पिछड़े इलाकों में उच्च शिक्षा का बुनियादी ढांचा बेहद मजबूत होने जा रहा है। विशेषकर गायघाट और सिंघिया जैसे बाढ़ प्रभावित व ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं के लिए यह किसी वरदान से कम नहीं है। स्थानीय शिक्षाविदों और प्रबुद्ध नागरिकों का कहना है कि इन संशोधित और बेहतर बुनियादी ढांचे वाले स्कूलों में कॉलेज की पढ़ाई शुरू होने से इलाके का शैक्षणिक स्तर तेजी से सुधरेगा और ड्राप आउट रेट पर पूरी तरह से लगाम लगेगी।
अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’के लिंक पर क्लिक करें,
|| https://newsbharattv.in ||



